वंडरबूम ब्लूटूथ स्पीकर का फ्री स्टाइल कलेक्शन भारत में लॉन्च, 10 घंटे चलेगी बैटरी

अल्टिमेट इयर्स (UE) ने भारत में अपना वंडरबूम ब्लू टूथ स्पीकर का फ्री स्टाइल कलेक्शन लॉन्च किया है। इस स्पीकर को कुछ महीने पहले अंतर्राष्ट्रीय बाजार में लॉन्च किया गया था। जैसा कि नाम से जाहिर है कि वंडरबूम फ्रीस्टाइल स्पीकर है तो कंपनी ने इसे 4 कलर वेरियंट में पेश किया है जिनमें कंक्रीट, अवकाडो, पैच रास्परी और यूनिकॉर्न शामिल हैं।
अल्टिमेट इयर्स का यह वंडरबूम फ्रीस्टाइल स्पीकर वाटरप्रूफ है और यह स्पीकर 1 मीटर गहरे पानी में 30 मिनट तक रह सकता है। इसके अलावा कंपनी का दावा है कि 5 फीट की ऊंचाई से गिरने पर इस स्पीकर को कुछ नहीं होगा और यह नहीं टूटेगा।
स्पीकर के सबसे ऊपर पॉवर और ब्लूटूथ बटन दिया गया है। इसकी खासियतों की बात करें तो इसकी बैटरी को लेकर कंपनी ने 10 घंटे के बैकअप का दावा किया है, हालांकि कंपनी ने बैटरी की क्षमता के बारे में जानकारी नहीं दी है। बैटरी को फुल चार्ज करने में 2 घंटे 8 मिनट का वक्त लगेगा। यह स्पीकर 100 फीट की दूरी से भी ब्लूटूथ डिवाइस या फोन से कनेक्ट हो सकता है।
स्पीकर का वजन 425 ग्राम है। कंपनी का कहना है कि यह स्पीकर यूजर्स को 360 डिग्री साउंड का अनुभव देगा। चार्जिंग के लिए माइक्रो यूएसबी चार्जिंग पोर्ट मिलेगा और बॉक्स में केबल भी मिलेगा। इसके साथ 2 साल की वारंटी मिल रही है। इसकी बिक्री क्रोमा समेत कई स्टोर से हो रही है और इसकी कीमत 6,995 रुपये है।