Smart Ring: स्मार्ट रिंग ने शख्स को पहुंचा दिया अस्पताल, निकलने के बाद बोला- 'अब कभी नहीं पहनेगा'
Smart Ring:
स्मार्ट रिंग ने एक टेक क्रिएटर की जान मुश्किल में डाल दी। डिवाइस की बैटरी अचानक फूलने से उसकी उंगली उसमें फंस गई। यूजर ने पूरा वाकया X पर शेयर किया।

विस्तार
स्मार्ट डिवाइस जहां एक ओर जिंदगी आसान बनाते हैं, वहीं कभी-कभी खतरा भी पैदा कर देते हैं। कुछ ऐसा ही हादसा हाल ही में टेक क्रिएटर डेनियल के साथ हुआ, जिसकी ऊंगली में स्मार्ट रिंग ऐसी फंसी कि उसे अस्पताल ले जाना पड़ा।
दरअसल, डेनियल ने सैमसंग का गैलेक्सी स्मार्ट रिंग पहना हुआ था। अचानक इस डिवाइस की बैटरी फूलने लगी और यह उनकी उंगली में फंस गई। उस वक्त डेनियल फ्लाइट पकड़ने वाले थे, लेकिन दर्द इतना तेज था कि उनकी हालत देखकर एयरलाइन स्टाफ ने उन्हें सवार होने नहीं दिया और उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया।
उंगली में फंसी स्मार्ट रिंग
डेनियल ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X (पहले ट्विटर) पर तस्वीरें शेयर करते हुए मदद मांगी। उन्होंने दिखाया कि रिंग का अंदरूनी हिस्सा काफी फूला हुआ था जिसके कारण दर्द बढ़ता जा रहा था। डेनियल ने सैमसंग को टैग करते हुए कहा कि रिंग निकल नहीं रही और उन्हें तुरंत सहायता की जरूरत है।
अस्पताल में निकाला गया रिंग
कुछ घंटों बाद उन्होंने फिर पोस्ट किया कि डॉक्टरों की मदद से आखिरकार रिंग निकाल ली गई है। उसने बताया कि रिंग को निकालने की कोशिश में साबुन और हैंड क्रीम लगाया था जिससे बैटरी और ज्यादा फूल गई थी। इसके बाद अस्पताल में डॉक्टरों ने पहले बर्फ से सूजन कम की, फिर मेडिकल लुब्रिकेंट की मदद से डिवाइस को निकाला।
वहीं, इंटरनेट पर ये खबर वायरल होते ही सैमसंग ने इस घटना के लिए माफी मांगी और यूजर से सीधे संपर्क किया। हालांकि, डेनियल ने अस्पताल से बाहर आकर लिखा कि अब वह दोबारा कभी इस डिवाइस का इस्तेमाल नहीं करेंगे।