Samsung Galaxy S20 Plus Review: क्या सच में एक ऑल राउंडर स्मार्टफोन है सैमसंग का यह फोन?

सैमसंग ने भारत में अपनी एस 20 सीरीज को लॉन्च कर दिया है। एस 20 सीरीज के तहत तीन स्मार्टफोन पेश किए गए हैं जिनमें गैलेक्सी एस20, गैलेक्सी एस20 प्लस और गैलेक्सी एस20 अल्ट्रा शामिल हैं। गैलेक्सी एस20 सीरीज की शुरुआती कीमत 66,999 रुपये है। गैलेक्सी एस20 सीरीज के साथ कंपनी ने कैमरे और डिजाइन को लेकर काफी काम किया है। गैलेक्सी एस20 सीरीज में कंपनी ने 100एक्स तक जूम का सपोर्ट दिया है। बता दें कि सबसे पहले हुवावे ने भारत में 50एक्स जूम के साथ हुवावे पी30 प्रो को पेश किया था। सैमसंग ने गैलेक्सी एस20 सीरीज में 8के वीडियो रिकॉर्डिंग का सपोर्ट दिया है। इनमें से गैलेक्सी एस20 प्लस को हमने कुछ दिनों तक इस्तेमाल किया। आइए इस फोन का रिव्यू जानते हैं।
Samsung Galaxy S20 Plus Review: स्पेसिफिकेशन और कीमत

सैमसंग ने इस फोन में 6.7 इंच की क्वॉड एचडी प्लस डाइनैमिक एमोलेड 2 एक्स डिस्प्ले है, जिसका रिजॉल्यूशन 1440x3200 पिक्सल है। साथ ही यूजर्स को इस डिवाइस में बेहतर परफॉर्मेंस के लिए 8जीबी और 128 जीबी स्टोरेज का सपोर्ट मिला है। फोन की कीमत 73,999 रुपये है। इसकी इंटरनल स्टोरेज को एक टीबी तक बढ़ाया जा सकेगा। वहीं, यह फोन एंड्रॉयड 10 ऑपरेटिंग सिस्टम पर काम करता है। रिव्यू के लिए हमें 8 जीबी रैम और 128 जीबी स्टोरेज वाला वेरियंट मिला था।
कैमरे की बात करें तो सैमसंग ने इस डिवाइस में क्वॉड कैमरा सेटअप दिया है, जिसमें 64 मेगापिक्सल का प्राइमरी सेंसर, 12-12 मेगापिक्सल के सेंसर और एक डेप्थ सेंसर मौजूद है। इसके अलावा यूजर्स को इसमें 10 मेगापिक्सल का फ्रंट कैमरा मिला है। वहीं, कंपनी ने 25 वॉट की फास्ट चार्जिंग के साथ 4500 एमएएच की बैटरी दी है। फोन में इन-डिस्प्ले फिंगरप्रिंट सेंसर दिया गया है। फोन के साथ बॉक्स में एकेजी का ईयरफोन, बैक कवर, चार्जिंग केबल, यूजर मैनुअल और एडाप्टर मिलता है।
Samsung Galaxy S20 Plus Review: डिजाइन और डिस्प्ले

सैमसंग के अधिकतर स्मार्टफोन के साथ गैलेक्सी एस20 प्लस की डिजाइन शानदार है। फोन की चौड़ाई कम लेकिन लंबाई अच्छी है। ऐसे में फोन हाथ में लेने पर हेवी नहीं लगता है। फोन के बैक पैनल कर्व्ड ग्लास दिया गया है। किराने पर एल्यूमिनियम है। डिजाइन ग्लॉसी है और यह फोन 7.8एमएम है। चार्जिंग पोर्ट और स्पीकर ग्रिल नीचे की ओर, पावर और वॉल्यूम बटन दाहिनी और सिम कार्ड ट्रे को ऊपर की ओर जगह मिली है। पावर बटन में भी वर्चुअल असिस्टेंट बिक्सबी का सपोर्ट मिला है. कैमरे की डिजाइन हाल ही में लॉन्च हुए कंपनी के कई फोन की तरह ही आयाताकार आकार में है। फोन का वजन 186 ग्राम है। डिस्प्ले पर बेजल बहुत ही कम है।

इस फोन को बेजललेस फोन भी कहा जा सकता है। गैलेक्सी एस20 प्लस में 6.7 इंच की QHD+ डायनेमिक एमोलेड डिस्प्ले है जिसे एचडीआर 10 प्लस का भी सपोर्ट है और रिफ्रेश रेट 120Hz है। डिस्प्ले की रिजॉल्यूशन को आप अपने हिसाब से सेट भी कर सकते हैं। डिस्प्ले की डिफॉल्ट सेटिंग 120Hz पर फुल एचडी प्लस मिलेगी। डिस्प्ले में वास्तविक कलर्स मिलते हैं। ऐसे में फोटोग्राफी से लेकर वीडियो स्ट्रीमिंग और गेम खेलने तक का मजा दोगुना हो जाता है। डिस्प्ले के बीचो-बीच ऊपर में पंचहोल कैमरा मिलता है।

वीडियो देखने या गेम खेलने में फ्रंट कैमरा परेशान नहीं करता है। यह फोन कॉसमिक ग्रे, क्लाउड ब्लू, कॉसमिक ब्लैक कलर वेरियंट में मिलेगा। फोन के साथ गोरिल्ला ग्लास 6 का प्रोटेक्शन है। साथ ही वाटर और डस्टप्रूफ के लिए आईपी68 की रेटिंग भी मिली है। डिजाइन के मामले में गैलेक्सी एस20 सीरीज कंपनी के प्रीमियम स्मार्टफोन सीरीज में बाजी मारती है। कुल मिलाकर कहें तो डिजाइन और फिनिशिंग के मामले में सैमसंग गैलेक्सी एस20 प्लस को 5 में से 4.5 अंक मिलता है।
Samsung Galaxy S20 Plus Review: प्रोसेसर और ऑपरेटिंग सिस्टम

सैमसंग के इस फोन में सैमसंग का इनहाउस Exynos 990 प्रोसेसर है जिसे 7 नैनोमीटर प्रोसेस पर तैयार किया गया है। यह प्रोसेसर 5जी को भी सपोर्ट करता है, हालांकि भारत में 4जी वेरियंट को पेश किया है। ग्राफिक्स के लिए इसमें Mali-G77 जीपीयू मिलेगा। सैमसंग के इस प्रोसेसर की तुलना क्वॉलकॉम का स्नैपड्रैगन 855 प्रोसेसर से हो रही है। फोन में एंड्रॉयड 10 आधारित सैमसंग का वनयूआई 2.1 मिलता है जो कि सैमसंग के सभी नए फोन में दिया जा रहा है। कंपनी ने हाल ही में एक अपडेट जारी किया था जिसमें बेहतर कैमरा और फोन परफॉर्मेंस का दावा किया गया था।

सैमसंग ने इस फोन में LPDDR5 मेमोरी का इस्तेमाल किया है। ऐसे में डाटा ट्रांसफर तेजी से होगा। सैमसंग ने इस फोन में अल्ट्रासॉनिक इन-डिस्प्ले फिंगरप्रिंट सेंसर दिया है जो रिव्यू के दौरान कभी फेल नहीं हुआ। ऑडियो के लिए इसमें एकेजी की स्पीकर है और वायरहेडफोन के साथ हाई-रिजॉल्यूशन ऑडियो का सपोर्ट है। फोन में वायरलेस पावर शेयर, एनएफसी और सैमसंग पे का भी सपोर्ट है। फोन में सैमसंग डेक्स का भी सपोर्ट है जिसका इस्तेमाल आप फोन को लैपटॉप से कनेक्ट करने के लिए कर सकते हैं।
Samsung Galaxy S20 Plus Review: परफॉर्मेंस और बैटरी लाइफ

परफॉर्मेंस के मामले में गैलेक्सी एस10 प्लस हमें गैलेक्सी नोट 10 से बेहतरलगा। 120Hz रिफ्रेश रेट वाली डिस्प्ले के मजा आया। खासकर वेबपेज स्क्रॉलिंग और हाई-रिजॉल्यूशन वीडियो देखने का अनुभव शानदार रहा। एप स्विच करने में कोई परेशानी नहीं हुई और एक साथ ब्राउजर में कई सारे पेज ओपन करने पर भी फोन लैग नहीं करता है। परफॉर्मेंस के मामले में Exynos 990 बढ़िया है, हालांकि बेंचमार्क टेस्टिंग और 30 मिनट से अधिक देर तक हेवी गेम खेलने पर फोन हल्का-सा गर्म जरूर होता है, लेकिन इसे लेकर परेशान होने जैसी कोई बात नहीं है। गेमिंग हो या वीडियो स्ट्रीमिंग ऑडियो लेवल बढ़िया है। बेस भी बढ़िया है। फिंगरप्रिंट सेंसर थोड़ा स्लो है लेकिन काम करता है। फेस अनलॉक अंधरे में परेशान करता है। फोन में 4500mAh की बैटरी है जो दिनभर का बैकअप दे देती है। फुल चार्ज होने में एक घंटे का वक्त लगता है। फोन में वायरलेस पावर शेयर भी है।
Samsung Galaxy S20 Plus Review: कैमरा

सैमसंग ने अपने इस फोन के कैमरे के साथ 30x हाइब्रिड जूम दिया है जिसका प्रचार भी कंपनी बड़े स्तर पर कर रही है। यह जूम आपको 12 मेगापिक्सल वाले प्राइमरी लेंस के साथ मिलेगा जिसमें डुअल पिक्सल ऑटोफोकस भी है। गैलेक्सी एस20 सीरीज में कंपनी ने 100एक्स तक जूम का सपोर्ट दिया है। जूम लेंस के साथ आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस का भी सपोर्ट मिलता है जो बेहतर फोटोग्राफी में मदद करता है। कैमरे के साथ ऑप्टिकल इमेज स्टेबलाइजेशन भी मिलता है जिसका अनुभव रिव्यू के दौरान बढ़िया रहा। शेक होने के बाद भी अच्छी फोटो क्लिक करने में हम कामयाब रहे।

फोन के साथ 64 मेगापिक्सल का भी एक लेंस भी मिलता है लेकिन इसके साथ स्टेबलाइजेशन नहीं मिलता है, हालांकि 6एक्स जूम जरूर मिलता है। एक लेंस वाइड एंगल का है और एक लेंस डेफ्थ विजन है। कैमरे का इंटरफेस भी बदला है जैसा कि लाइव फोकस मोड के लिए आपको मोर के विकल्प पर क्लिक करके मीनू में जाना होगा।कैमरे के साथ एक खास फीचर सिंगल टेक दिया गया है जो कि एक तरह का बर्स्ट मोड है। कैमरे की स्पीड थोड़ी कम है।

इस मोड में एक साथ कई फोटो , जिफ और वीडियो रिकॉर्ड होता है। सिंगल टेक में 10 सेकेंड का एक वीडियो रिकॉर्ड होता है जिनमें एक-एक मोमेंट कैप्चर रहता है। कैमरे के साथ आपको 8के का सपोर्ट मिल रहा है यानी आप 8के वीडियो भी रिकॉर्ड कर सकेंगे। फोन को हाल ही में एक अपडेट मिला है जिसमें कैमरे को लेकर बदलाव का दावा था लेकिन हमें अपडेट के बाद कैमरे में कुछ खास बदलाव नजर नहीं आया। गैलेक्सी एस 20प्लस में आपको मैक्रो मोड नहीं मिलेगा। कैमरे की परफॉर्मेंस की बात करें तो दिन की रौशनी या पर्याप्त रौशनी में आप बेहतरीन फोटोग्राफी कर सकते हैं। दिन की रौशनी में डीटेल के साथ फोटोग्राफी होती है।



फोटो में रंग वास्तविक आते हैं। रिव्यू के दौरान गैलेक्सी एस20 प्लस से अच्छी फोटोग्राफी करने में हम कामयाब रहे। जूम लेबल बढ़िया काम करता है और नाइट मोड भी ठीक-ठाक है। नाइट मोड के साथ एक दिक्कत है कि फोटो क्लिक करने का समय कैमरा खुद तय करता है। कई बार यह 4 सेकेंड का होता है तो कई बार 30 सेकेंड का। ऐसे में आपको कैमरे को होल्ड करके रखना होता है। सेल्फी को लेकर कोई शिकायत नहीं है।


गैलेक्सी एस20 प्लस के कैमरे में एक बात अच्छी लगी कि कम रौशनी में क्लिक की गई फोटो में भी न्वाइज बहुत ही कम आती है जो कि एक प्लस प्वाइंट है। ग्लोजअप फोटो भी अच्छी आती है और कैमरा सब्जेक्ट की पहचान अच्छे तरीके से करता है। शानदार वीडियोग्राफी के इसमें लाइव फोकस वीडियो मोड भी मिलता है।तो कुल मिलाकर कहें तो सैमसंग गैलेक्सी एस20 प्लस एक बढ़िया और ऑल राउंडर फ्लैगशिप प्रीमियम डिवाइस है।
- Lenovo HD 116 Review: 24 घंटे की बैटरी लाइफ वाला पहला ब्लूटूथ हेडफोन!
- iQOO 3 review: बेस्ट कैमरा और परफॉर्मेंस लेकिन क्या आपको 5जी फोन की जरूरत है?
- KDM 851H Review: 7 घंटे की बैटरी लाइफ, बेस भी बढ़िया लेकिन क्या खरीदने लायक है यह वायरलेस हेडफोन
- Harmano SPORTO Review: शानदार साउंड क्वालिटी और बैटरी वाला बजट नेकबैंड !