Room Heater: रूम हीटर के ये 5 सेफ्टी फीचर्स बचा सकते हैं आपकी फैमिली की जान, खरीदने से पहले इन्हें जरूर देखें

नीतीश कुमार
टेक डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्लीनीतीश कुमार
Sun, 28 Dec 2025 07:32 PM IST
सार

Room Heater Safety Features: ठंड बढ़ते ही घरों में रूम हीटर का इस्तेमाल आम हो जाता है, लेकिन गलत हीटर या लापरवाही जान पर भारी पड़ सकती है। आगजनी, करंट और दम घुटने के मामले हर साल सामने आते हैं। जानिए सुरक्षित हीटर चुनने और इस्तेमाल के जरूरी नियम।

room heater safety features that can save families life
रूम हीटर - फोटो : Longway

    विस्तार

    जैसे ही ठंड का मौसम शुरू होता है, रूम हीटर की मांग तेजी से बढ़ जाती है। लोग ठंड से बचने के लिए दिन-रात हीटर चलाते हैं, लेकिन थोड़ी सी चूक गंभीर हादसे में बदल सकती है। देशभर में कई इलाकों से रूम हीटर के कारण बेहोशी, आग लगने और करंट लगने की घटनाएं सामने आ रही हैं। विशेषज्ञ मानते हैं कि अधिकतर हादसे खराब क्वॉलिटी या बिना सेफ्टी फीचर्स वाले हीटर से होते हैं।

    सही हीटर चुनना क्यों है जरूरी?

    रूम हीटर कमरे की हवा को अंदर खींचकर कॉइल से गर्म करता है और फिर बाहर छोड़ता है। लंबे समय तक बंद कमरे में हीटर चलाने से इस प्रक्रिया में ऑक्सीजन की मात्रा घट सकती है और हानिकारक गैसों का स्तर बढ़ जाता है। बंद कमरे में लगातार हीटर चलाने से कार्बन मोनोऑक्साइ़ गैस का लेवल बढ़ने लगता है। इसी वजह से सही फीचर्स वाला हीटर खरीदना और उसका सही इस्तेमाल करना जरूरी है।

    ऑटो कट और ओवरहीट प्रोटेक्शन फीचर

    नया रूम हीटर खरीदते समय ऑटो कट फीचर जरूर देखें। यह फीचर हीटर के ज्यादा गर्म होते ही उसे अपने आप बंद कर देता है। इससे वायर पिघलने और आग लगने का खतरा काफी कम हो जाता है। ओवरहीट प्रोटेक्शन न होने पर हीटर लगातार गर्म होता रहता है, जो बड़े हादसे की वजह बन सकता है।

    टिप-ओवर सेफ्टी स्विच क्यों जरूरी है

    अगर घर में बच्चे या पालतू जानवर हैं, तो टिप-ओवर सेफ्टी स्विच वाला हीटर ही लें। यह फीचर हीटर के गिरते ही उसे तुरंत बंद कर देता है। कई बार हीटर पलटने से पास रखे कपड़े या कागज जल जाते हैं, जिससे आग लगने का खतरा बढ़ जाता है।

    थर्मोस्टेट कंट्रोल से बढ़ती है सुरक्षा और बचत

    अच्छे रूम हीटर में थर्मोस्टेट कंट्रोल सिस्टम होता है। इससे आप कमरे के हिसाब से तापमान सेट कर सकते हैं। जैसे ही कमरा तय तापमान तक गर्म हो जाता है, हीटर अपने आप बंद हो जाता है या स्लो मोड में चला जाता है। इससे सुरक्षा के साथ-साथ बिजली की खपत भी कम होती है।

    कमरे के साइज के हिसाब से पावर चुनें

    हीटर की वॉट क्षमता कमरे के साइज के अनुसार होनी चाहिए। छोटे कमरे में ज्यादा पावर वाला हीटर ज्यादा बिजली खर्च करेगा और ऑक्सीजन की कमी का खतरा भी बढ़ाएगा। एनर्जी एफिशिएंट हीटर लंबे समय में ज्यादा सुरक्षित और किफायती साबित होते हैं।

    मजबूत बॉडी और सुरक्षित वायरिंग पर दें ध्यान

    रूम हीटर की बॉडी हीट रेजिस्टेंट मटेरियल की होनी चाहिए। खरीदते समय ISI मार्क और मजबूत वायरिंग जरूर चेक करें। सस्ती प्लास्टिक बॉडी और कमजोर तार करंट लगने या शॉर्ट सर्किट का कारण बन सकते हैं।

    रूम हीटर चलाते समय बरतें ये सावधानियां

    हीटर का इस्तेमाल करते समय कमरे में थोड़ी वेंटिलेशन रखें और पूरी तरह बंद कमरा न करें।हीटर को कपड़े, कागज और लकड़ी जैसी ज्वलनशील चीजों से दूर रखें और हमेशा ठोस या टाइल्स वाली सतह पर रखें।बच्चों और पालतू जानवरों को हीटर से दूर रखें।पूरी रात हीटर चलाने से बचें और कमरा गर्म होने पर उसे बंद कर दें।पुराने या रॉड वाले हीटर का इस्तेमाल करते समय नियमित जांच जरूर करें।

    और पढ़ें...
    Login or Signup
    अपना शहर चुनें