OpenAI: ओपनएआई की हार्डवेयर में एंट्री, 2027 तक लॉन्च हो सकते हैं एआई स्मार्ट स्पीकर और स्मार्ट ग्लास
OpenAI Plans AI Smart Speaker:
ओपनएआई अब एआई-पावर्ड स्मार्ट स्पीकर, स्मार्ट ग्लासेज और स्मार्ट लैंप जैसे हार्डवेयर डिवाइस लॉन्च करने की तैयारी कर रहा है। कंपनी का पहला प्रोडक्ट कैमरे वाला स्मार्ट स्पीकर हो सकता है, जो ऑब्जेक्ट और चेहरे की पहचान करने में सक्षम होगा। एपल के पूर्व डिजाइनर जॉनी इव इस प्रोजेक्ट का नेतृत्व कर रहे हैं। यह कदम ओपनएआई को सॉफ्टवेयर से आगे बढ़ाकर एआई हार्डवेयर और स्मार्ट डिवाइस बाजार में एक प्रमुख खिलाड़ी बना सकता है।

विस्तार
चैटजीपीटी बनाने वाली कंपनी ओपनएआई अब सिर्फ सॉफ्टवेयर तक सीमित नहीं रहना चाहती। हालिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, कंपनी एआई-पावर्ड स्मार्ट डिवाइस की एक नई सीरीज तैयार करने में जोरों-शोरों से जुटी है। इनमें स्मार्ट ग्लासेज, एक स्मार्ट स्पीकर और एक स्मार्ट लैंप शामिल हैं। एक रिपोर्ट के अनुसार, 200 से अधिक कर्मचारियों की एक डेडिकेटेड टीम इस खास प्रोजेक्ट पर काम कर रही है।
पहला प्रोडक्ट: कैमरे वाला एडवांस स्मार्ट स्पीकर
बताया जा रहा है कि मार्केट में लॉन्च होने वाला ओपनएआई का पहला हार्डवेयर प्रोडक्ट एक स्मार्ट स्पीकर होगा।
आसपास की रखेगा खबर:
इस स्पीकर में एक कैमरा इन-बिल्ट होगा जो इसे अपने यूजर्स और आसपास के माहौल को बेहतर ढंग से समझने में मदद करेगा।
ऑब्जेक्ट रिकग्निशन:
प्रोजेक्ट से जुड़े सूत्रों के मुताबिक ये स्पीकर पास की टेबल पर रखी चीजों को पहचानने और आसपास हो रही बातचीत के संदर्भ को समझने में सक्षम होगा।
फेस आईडी जैसा फीचर:
इसके कैमरे में एपल के 'फेस आईडी' जैसा फेशियल रिकग्निशन फीचर भी होगा। इससे यूजर्स सिर्फ चेहरा दिखाकर अपनी खरीदारी या पेमेंट को प्रमाणित कर सकेंगे।
कीमत और लॉन्च की टाइमलाइन
स्मार्ट स्पीकर:
इसकी कीमत लगभग 16,500 से 25,000 रुपये के बीच होने की उम्मीद है। इसे जल्द से जल्द 2027 की शुरुआत में बाजार में उतारा जा सकता है।
स्मार्ट ग्लासेज:
स्मार्ट ग्लास सेगमेंट में फिलहाल मेटा का दबदबा है। रिपोर्ट के मुताबिक ओपनएआई के स्मार्ट ग्लासेज 2028 तक मार्केट में आ सकते हैं।
स्मार्ट लैंप:
कंपनी ने इसके प्रोटोटाइप बना लिए हैं लेकिन यह कंज्यूमर मार्केट में असल में उतारा जाएगा या नहीं, यह अभी स्पष्ट नहीं है।
एपल के पूर्व दिग्गज डिजाइनर के हाथों में कमान
हार्डवेयर की दुनिया में अपनी धाक जमाने के लिए पिछले साल ओपनएआई ने एपल के पूर्व मशहूर डिजाइनर जॉनी इव के स्टार्टअप 'आईओ प्रोडक्ट्स' का 6.5 बिलियन डॉलर में अधिग्रहण किया था। जॉनी इव को एपल की बेहतरीन डिजाइनिंग का मुख्य श्रेय दिया जाता है। 1990 के दशक से लेकर 2019 तक उन्होंने एपल के लगभग हर प्रमुख डिवाइस को डिजाइन किया है। इस अधिग्रहण के बाद अब ओपनएआई के इन नए हार्डवेयर प्रोडक्ट्स के डेवलपमेंट का नेतृत्व जॉनी इव ही कर रहे हैं।
चुनौतियां और प्राइवेसी की चिंता
इन बड़ी तैयारियों और दिग्गजों के साथ आने के बावजूद इस प्रोजेक्ट की राह इतनी आसान नहीं है:
तकनीकी अड़चनें:
बड़े पैमाने पर एआई डिवाइस को चलाने के लिए भारी कंप्यूटिंग पावर की जरूरत होती है। इससे जुड़े लॉजिस्टिक और तकनीकी मुद्दों के कारण प्रोजेक्ट में पहले ही देरी हो चुकी है।
निजता का सवाल:
सबसे बड़ी चुनौती ग्राहकों का भरोसा जीतना होगी। कोई भी ऐसा डिवाइस जो हर वक्त यूजर को 'सुन' और 'देख' रहा हो, उसे खरीदने से पहले ग्राहक प्राइवेसी को लेकर जरूर हिचकिचाएंगे।