OnePlus Nord को भारत में मिलने लगा OxygenOS 11.1.1.3 का अपडेट
OxygenOS 11.1.1.3.AC01DA अपडेट की साइज 420MB है। डाउनलोड करने से पहले फोन की बैटरी और इंटरनेट की स्थिति चेक कर लें।

विस्तार
वनप्लस ने अपने सस्ते स्मार्टफोन OnePlus Nord के लिए भारत में OxygenOS 11.1.1.3 का अपडेट जारी कर दिया है। इस अपडेट के साथ ग्राहकों को मई 2021 का एंड्रॉयड सिक्योरिटी पच भी मिल रहा है। OnePlus Nord को मिल रहे इस अपडेट के साथ सिस्टम, नेटवर्क, कैमरा और फाइल मैनेजर के लिए कई फीचर्स मिलेंगे। यहां आपके लिए यह जानना बहुत जरूरी है कि सभी यूजर्स को एक ही साथ अपडेट नहीं मिलेगा। धीरे-धीरे सभी के लिए अपडेट जारी किया जाएगा। बता दें कि OnePlus Nord को पिछले साल जुलाई में स्नैपड्रैगन 765G प्रोसेसर और 12 जीबी रैम के साथ भारत में लॉन्च किया गया था।
OnePlus Nord के नए अपडेट में क्या है?
OnePlus के फोरम पर नए अपडेट के बारे में जानकारी दी गई है। नए अपडेट के साथ कई बग को भी फिक्स किया गया है, जैसे कि मिस्ड कॉल को आंसर्ड कॉल बताने वाला बग, कार्ड कूपन का विजेट में ना होना जैसे बग को फिक्स किया गया है। इसके अलावा वाई-फाई की स्पीड भी नए अपडेट के बाद अच्छी मिलेगी।
OnePlus Nord का कैमरा भी पहले के मुकाबले बेहतर तरीके से काम करेगा। कैमरे के बग जैसे नाइट्सकेप मोड में डिस्प्ले की समस्या, प्रोफाइल पिक्चर, वीडियो रिकॉर्डिंग में फ्रेम ड्रॉप, कई बार फ्लैश इफेक्ट, फ्रंट कैमरे को स्विच करने में देरी आदि को भी ठीक किया गया है। OxygenOS 11.1.1.3.AC01DA अपडेट की साइज 420MB है। डाउनलोड करने से पहले फोन की बैटरी और इंटरनेट की स्थिति चेक कर लें।
OnePlus Nord की स्पेसिफिकेशन
वनप्लस के इस फोन में 6.44 इंच की फुल एचडी प्लस फ्लुइड एमोलेड डिस्प्ले है जिसका रिफ्रेश रेट 90Hz है। फोन में 12 जीबी तक रैम और 256 जीबी तक की स्टोरेज मिलेगी। फोन में क्वॉलकॉम का ऑक्टाकोर स्नैपड्रैगन 765G प्रोसेसर दिया गया है। फोन में इन-डिस्प्ले फिंगरप्रिंट सेंसर भी दिया गया है।
OnePlus Nord का कैमरा
OnePlus Nord में क्वॉड कैमरा सेटअप है जिनमें मेन कैमरा 48 मेगापिक्सल का है, दूसरा लेंस 8 मेगापिक्सल का वाइड एंगल, 2 मेगापिक्सल का मैक्रो लेंस और 5 मेगापिक्सल का डेफ्थ सेंसर है। वहीं सेल्फी के लिए आपको इस फोन में 32 मेगापिक्सल का और 8 मेगापिक्सल का डुअल फ्रंट कैमरा मिलेगा। सेल्फी के लिए भी 8 मेगापिक्सल का वाइड एंगल लेंस दिया गया है।
OnePlus Nord की बैटरी और कनेक्टिविटी
इस फोन में 4115mAh की बैटरी है जो रैप फास्ट चार्जिंग 30T को सपोर्ट करती है। कंपनी का दावा है कि महज 30 मिनट में फोन की बैटरी 70 फीसदी चार्ज हो जाएगी। फोन में 4जी के अलावा 5जी और NFC का भी सपोर्ट मिलेगा।