S200 के मुकाबले कितना अलग है Mivi Fort S300, पढ़ें 300 वॉट वाले साउंडबार का रिव्यू
Mivi Fort S300 के साथ कुल 300W का ऑडियो आउटपुट मिलता है। इसके साथ 2.1 चैनल सिस्टम मिलता है और 4 ड्राइवर मिलते है। Mivi Fort S300 के साथ रिमोट का भी सपोर्ट मिलता है और यह रिमोट स्पीकर के साथ बॉक्स में ही मिलेगा।

विस्तार
घरेलू कंपनी Mivi ने कुछ दिन पहले ही अपने साउंडबार पोर्टफोलियो का विस्तार करते हुए अपने नए साउंडबार Mivi Fort S300 को लॉन्च किया है। यह कंपनी के पिछले साल लॉन्च हुए Mivi Fort S200 साउंडबार का अपग्रेडेड वर्जन है। Mivi Fort S300 के साथ अलग से वूफर दिया गया है। Mivi Fort S300 की कीमत 11,999 रुपये रखी गई है और इसे फ्लिपकार्ट से खरीदा जा सकता है। फ्लिपकार्ट पर इसे 5 में से 4.3 की रेटिंग मिली है। आइए रिव्यू में जानते हैं कि यह Mivi Fort S200 के मुकाबले कितना अलग है।
Mivi Fort S300 की डिजाइन

Mivi Fort S300 की डिजाइन पहले वाले वर्जन की तरह ही है लेकिन साइज बड़ा है। बॉक्स में आपको एक साउंडबार के अलावा सबवूफर और रिमोट मिलता है। इसके साथ एक साल की वारंटी मिलती है। साउंडबार के की बॉडी प्लास्टिक और मेटल फ्रेम की है। फ्रंट में कंपनी की ब्रांडिंग और एलईडी लाइड इंडिकेटर है जो ऑन होने पर मोड के बारे में जानकारी देती है। वूफर में भी फ्रंट में ब्रांडिंग है। Mivi Fort S300 को केवल ब्लैक कलर में ही खरीदा जा सकता है। सटीक वजन के बारे में तो कंपनी ने जानकारी नहीं दी है लेकिन दोनों का कुल वजन करीब 15 किलोग्राम है। Mivi Fort S300 के साथ मेटल बॉडी दी गई है। इसमें एल्यूमीनियम का इस्तेमाल किया गया है और साथ में ग्लॉसी फिनिश मिलती है।

साउंडबार और वूफर के साथ नीचे की एक रबड़ का स्टैंड सपोर्ट भी मिलता है जिससे ये अपनी जगह से फिसलते नहीं हैं और ग्रिपिंग अच्छी बनती है। बिल्ड क्वालिटी अच्छी है। सभी तरह के पोर्ट साउंडबार में पीछे की ओर मिलते हैं। इस बार बड़ा बदलाव सबवूफर में देखने को मिला है।

Mivi Fort S200 में वूफर में कोई बटन नहीं था और पावर का कोई सोर्स नहीं था, लेकिन Mivi Fort S300 के सबवूफर में भी पावर कनेक्शन मिलता है और पेयरिंग के लिए बटन के साथ एलईडी लाइट भी मिलती है। साउंडबार और सबवूफर दोनों को इस्तेमाल करने के लिए दोनों को पावर कनेक्शन की जरूरत है।
Mivi Fort S300 की परफॉरमेंस

Mivi Fort S300 के साथ कुल 300W का ऑडियो आउटपुट मिलता है। इसके साथ 2.1 चैनल सिस्टम मिलता है और 4 ड्राइवर मिलते है। Mivi Fort S300 के साथ रिमोट का भी सपोर्ट मिलता है और यह रिमोट स्पीकर के साथ बॉक्स में ही मिलेगा। रिमोट का इस्तेमाल म्यूजिक मोड बदलने से लेकर इक्विलाइजर तक के लिए किया जा सकता है। Mivi Fort S300 के वॉल्यूम को भी रिमोट से कंट्रोल कर सकते हैं।

Mivi Fort S300 को केवल ब्लैक कलर में ही पेश किया गया है। कनेक्टिविटी के लिए Mivi Fort S300 के साथ AUX के अलावा ब्लूटूथ, Coaxial, USB, OPT और HDMI TV का सपोर्ट मिलता है। Mivi Fort S300 के साथ 32 जीबी तक के मेमोरी कार्ड या पेन कार्ड का सपोर्ट है यानी आप 32 जीबी तक के पेन ड्राइव के साथ भी इस साउंडबार पर MP3 और WAV ऑडियो का आनंद ले सकते हैं।

जहां तक साउंड की बात है तो यदि Mivi Fort S300 आपके पास है तो आपको किसी होम थिएटर की जरूरत नहीं होगी। वूफर इसका कमाल का है। किसी हॉल में इस्तेमाल करने पर 50% वॉल्यूम ही काफी है। 100% वॉल्यूम पर दीवारें कांपने लगती हैं। इसके साथ ऑडियो कोडेक SBC भी मिलता है। कनेक्टिविटी को लेकर कोई दिक्कत नहीं है लेकिन यह Mivi Fort S200 की तरह कनेक्ट नहीं होता है।

Mivi Fort S200 में वूफर और साउंडबार एक वायर से कनेक्ट होते थे लेकिन Mivi Fort S300 में वायरलेस कनेक्टिविटी दी गई है। यदि आप टीवी के साथ Mivi Fort S300 को इस्तेमाल करना चाहते हैं तो आपको वूफर और साउंडबार दोनों को पेयर करना होगा। इसके अलावा आप साउंडबार पर दिए गए पावर बटन को दो बार दबाकर भी वूफर को साउंडबार के साथ कनेक्ट कर सकते हैं। अब कुल मिलाकर देखा जाए तो Mivi Fort S300 अपनी कीमत में एक बढ़िया और दमदार साउंडबार कहा जाएगा।