Apple Event: Mac Studio और Studio Display हुए लॉन्च, भारत में कीमत 7,89,900 रुपये
Mac Studio के साथ 32GB रैम और 512GB की SSD मेमोरी मिलती है। M1 Ultra प्रोसेसर, 128GB रैम और 8TB SSD वाले मैक स्टूडियो की कीमत भारत में 7,89,900 रुपये है।

विस्तार
एपल ने आठ मार्च के अपने मेगा इवेंट में आईफोन एसई 3 और आईपैड एयर (2022) के अलावा अन्य दो प्रमुख प्रोडक्ट लॉन्च किए हैं जो कि Mac Studio और Studio Display हैं। इनमें से Mac Studio को M1 सीरीज चिप से लैस Mac mini के साथ पेश किया गया है। Apple Studio डिस्प्ले के साथ एपल ने अपनी नई एक्सटर्नल डिस्प्ले का सपोर्ट दिया है। इसमें Apple A13 चिपसेट दिया गया है।
Mac Studio, Apple Studio Display की भारत में कीमत
Mac Studio की शुरुआती कीमत 1,89,900 रुपये है। इस कीमत में M1 Max प्रोसेसर के साथ 32GB रैम और 512GB SSD स्टोरेज वाला मॉडल मिलेगा। यदि आप M1 Ultra प्रोसेसर और 64GB रैम के साथ 1TB SSD स्टोरेज लेना चाहते हैं तो इसकी शुरुआती कीमत 3,89,900 रुपये है। Apple Studio Display की शुरुआती कीमत 1,59,900 रुपये रखी गई है।
Mac Studio की स्पेसिफिकेशन
यह एक नया मैक डेस्कटॉप कंप्यूटर है। Mac Studio, Mac Pro के मुकाबले साइज में छोटा है और काफी हद तक Mac mini की तरह दिखता है। इसे एल्यूमीनियम से तैयार किया गया है। इसमें यूएसबी टाईपसी, थंडरबोल्ट और SDXC कार्ड जैसे पोर्ट हैं। इसके साथ 10Gb इथरनेट, HDMI, थंडरबोल्ट 4 और दो USB-A पोर्ट भी हैं। इसमें 3.5mm का हेडफोन जैक, Wi-Fi 6 और Bluetooth 5 भी मिलता है। Mac Studio के साथ 32GB रैम और 512GB की SSD मेमोरी मिलती है। M1 Ultra प्रोसेसर, 128GB रैम और 8TB SSD वाले मैक स्टूडियो की कीमत भारत में 7,89,900 रुपये है।
Apple Studio Display की स्पेसिफिकेशन
एपल स्टूडियो डिस्प्ले की साइज 27 इंच है और इसका रिजॉल्यूशन 5K है। इसकी ब्राइटनेस 600 निट्स है। इसके पैनल को लेकर 10 बिट अधिक कलर का दावा किया गया है। इसके अलावा इसके साथ सुपर वाइड व्यूइंग एंगल मिलेगा। इसमें A13 बायोनिक प्रोसेसर दिया गया है। इसमें 12 मेगापिक्सल का अल्ट्रा वाइड कैमरा है जिसके साथ वीडियो कॉलिंग के लिए सेंटर स्टेज फ्रेम का सपोर्ट है। इसमें तीन माइक हैं और Dolby Atmos का भी सपोर्ट मिलता है।
