IDC: खत्म हो रहा है सस्ते स्मार्टफोन्स का दौर...? 2026 में मोबाइल मार्केट में आएगी अब तक की सबसे बड़ी गिरावट

Suyash Pandey
टेक डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्लीSuyash Pandey
Fri, 27 Feb 2026 06:35 PM IST
सार

IDC Report On Smartphone Market 2026:

अगर आप इस साल एक नया और सस्ता स्मार्टफोन खरीदने की सोच रहे हैं तो ये रिपोर्ट आपको निराश कर सकती है। IDC की ताजा रिपोर्ट के अनुसार, 2026 में ग्लोबल स्मार्टफोन मार्केट में पिछले 10 साल की सबसे बड़ी गिरावट आ सकती है। चलिए डालते हैं आकड़ों पर एक नजर...

IDC Warns of 12.9% Global Smartphone Shipment Drop in 2026 as Memory Chip Prices Surge
Smartphone Shipment Drop - फोटो : X

    विस्तार

    अगर आप आने वाले समय में एक सस्ता और अच्छा स्मार्टफोन खरीदने की सोच रहे हैं तो आपको निराशा हो सकती है। रिसर्च फर्म IDC (इंटरनेशनल डेटा कॉरपोरेशन) की एक नई रिपोर्ट के मुताबिक, साल 2026 वैश्विक स्मार्टफोन बाजार के लिए बहुत भारी पड़ने वाला है। मार्केट में एक दशक की सबसे बड़ी गिरावट देखने को मिल सकती है। आइए समझते हैं कि ऐसा क्यों हो रहा है और आपकी जेब पर इसका क्या असर पड़ेगा।

    क्यों आ रही है यह गिरावट?

    इस पूरी समस्या की मुख्य जड़ है- मेमोरी चिप का महंगा होना। स्मार्टफोन में इस्तेमाल होने वाली मेमोरी चिप की कीमतों में अचानक बहुत तेज उछाल आया है। जब फोन बनाने का खर्च बढ़ेगा तो जाहिर है फोन महंगे होंगे। फोन महंगे होने से लोग इन्हें कम खरीदेंगे जिससे मार्केट में इनकी मांग और सप्लाई (शिपमेंट) दोनों गिर जाएगी। IDC का अनुमान है कि 2026 में दुनिया भर में स्मार्टफोन शिपमेंट 12.9% गिरकर 1.12 अरब यूनिट तक आ जाएगी।

    सस्ते फोन बनाने वाली कंपनियों पर मंडरा रहा है खतरा

    इस 'सुनामी' का सबसे बुरा असर उन कंपनियों पर पड़ेगा जो बजट या सस्ते एंड्रॉयड फोन बनाती हैं। पार्ट्स महंगे होने की वजह से इन कंपनियों का मुनाफा लगभग खत्म हो जाएगा। हालात इतने खराब हो सकते हैं कि कई छोटी कंपनियों को अपना कारोबार ही बंद करना पड़े। एक्सपर्ट्स की मानें तो $100 (लगभग 8,000 रुपये) से कम कीमत वाले स्मार्टफोन्स बनाना कंपनियों के लिए घाटे का सौदा बन जाएगा।

    एपल और सैमसंग की होगी बल्ले-बल्ले

    जहां एक तरफ छोटी कंपनियां संघर्ष करेंगी वहीं एपल (आईफोन) और सैमसंग जैसी बड़ी कंपनियों को इसका फायदा मिलेगा। चूंकि ये कंपनियां पहले से ही महंगे (प्रीमियम) फोन बेचती हैं और इनके पास पैसों की कोई कमी नहीं है। इसलिए वे इस संकट को आसानी से झेल लेंगी। छोटे ब्रांड्स के मार्केट से हटने पर ये बड़ी कंपनियां उनके ग्राहकों को अपनी तरफ खींच सकती हैं।

    आपकी जेब पर क्या असर होगा?

    कंपनियां अपने घाटे की भरपाई करने के लिए अब महंगे फोन बनाने पर ज्यादा फोकस कर रही हैं। रिपोर्ट के मुताबिक, इस साल एक स्मार्टफोन की औसत कीमत 14% बढ़कर $523 (करीब 43,000 रुपये) के रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच सकती है। यानी कुल मिलाकर फोन खरीदना अब पहले से ज्यादा महंगा होने वाला है।रिपोर्ट पर एक नजर:

    विषयजानकारी
    गिरावट का कारणमेमोरी चिप का बहुत ज्यादा महंगा होना।
    कुल गिरावट (2026)12.9% (एक दशक में सबसे ज्यादा)।
    सबसे ज्यादा नुकसानसस्ते और बजट एंड्रॉयड फोन बनाने वाली कंपनियों को।
    सबसे ज्यादा फायदाएपल और सैमसंग जैसे प्रीमियम ब्रांड्स को।
    फोन की नई औसत कीमत$523 (करीब 43,000 रुपये)।

    क्या आगे सुधरेगा मार्केट?

    IDC के विशेषज्ञों का कहना है कि यह सिर्फ कोई अस्थायी समस्या नहीं है बल्कि पूरे मार्केट का ढांचा बदल रहा है। जहां 2027 में केवल 2% की मामूली रिकवरी की उम्मीद है। वहीं 2028 में लगभग 5.2% का सुधार हो सकता है। हालांकि मार्केट का वापस अपने पुराने सुनहरे दौर में लौटना अब काफी मुश्किल लग रहा है। सस्ते स्मार्टफोन्स का दौर अब धीरे-धीरे खत्म होता दिख रहा है। 2026 मोबाइल इंडस्ट्री के लिए एक ऐसा टर्निंग पॉइंट साबित होगा, जिसके बाद बाजार पर महंगे और प्रीमियम स्मार्टफोन्स का ही दबदबा रहेगा।

    Login or Signup
    अपना शहर चुनें