Greta Thunberg: "बहुत कूल हैं ग्रेटा थनबर्ग", एंड्रयू टेट विवाद के बाद मस्क ने की पर्यावरण एक्टिविस्ट की तारीफ
माइक्रोब्लॉगिंग प्लेटफॉर्म ट्विटर पर मस्क ने लिखा कि कुछ वर्षों के भीतर ग्रेटा द्वारा हासिल की गई ब्रांड जागरूकता की मात्रा आश्चर्यजनक है। मुझे लगता है कि वह बहुत कूल हैं।

विस्तार
ट्विटर के नए मालिक और अरबपति एलन मस्क ने स्वीडिश पर्यावरण एक्टिविस्ट ग्रेटा थनबर्ग को "कूल" बताया है। मस्क ने थनबर्ग का पूर्व किकबॉक्सर और विवादित सोशल मीडिया इनफ्लुएंसर एंड्रयू टेट के साथ हालिया विवाद और रोमानियाई पुलिस द्वारा टेट की गिरफ्तारी के बाद यह टिप्पणी की है। बता दें कि टेट ने ट्विटर पर ग्रेटा थनबर्ग को टैग करते हुए अपनी कारों से होने वाले पर्यावरण उत्सर्जन के बारे में बताया था।
माइक्रोब्लॉगिंग प्लेटफॉर्म ट्विटर पर मस्क ने लिखा, "कुछ वर्षों के भीतर ग्रेटा द्वारा हासिल की गई ब्रांड जागरूकता की मात्रा आश्चर्यजनक है। मुझे लगता है कि वह बहुत कूल हैं।"
टेट-थनबर्ग के बीच ट्विटर पर छिड़ी थी बहस
दरअसल, पूर्व किक बॉक्सर और विवादित सोशल मीडिया इनफ्लुएंसर एंड्रयू टेट को मानव तस्करी और संगठित अपराधों के संदेह में रोमानिया पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। एंड्रयू टेट के बयान सोशल मीडिया पर काफी वायरल होते रहते हैं। उन्हें कई लोगों द्वारा महिला विरोधी भी कहा जाता है। हाल ही में एंड्रयू टेट और पर्यावरण एक्टिविस्ट ग्रेटा थनबर्ग के बीच ट्विटर पर बहस छिड़ गई थी।
दरअसल, टेट ने ट्विटर पर थनबर्ग को उनकी कारों से होने वाले पर्यावरण उत्सर्जन के बारे में बताया था और उनका ईमेल भी मांगा था। हालांकि, अब टेट को गिरफ्तार कर लिया गया है और पर्यावरण एक्टिविस्ट ने उन पर तंज कसते हुए कहा कि जब आप पिज्जा के डिब्बे रिसायकल नहीं करते हैं तो ऐसा ही होता है। यहां मजेदार बात यह है कि पुलिस ने टेट के पिज्जा के डिब्बे से उनकी लोकेशन का पता लगाया था।