Dyson v8 Review: क्या यह आपके घर के लिए एक ऑल राउंडर वैक्यूम क्लिनर है?
Dyson v8 की डिजाइन कॉम्पैक्ट और पोर्टेबल है। बिल्ड क्वॉलिटी को लेकर कोई शिकायत नहीं है। लुक के मामले में भी Dyson v8 अच्छा है और वैसे भी डायसॉन डिजाइन और रिसर्च के लिए जानी जाती है।

विस्तार
भारत में वैक्यूम क्लिनर का बाजार काफी तेजी से बढ़ रहा है और इसमें प्रमुख कंपनी Dyson है। Dyson के पास वैक्यूम क्लिनर की एक बड़ी रेंज है, हालांकि अब कंपनी एयर प्यूरीफायर भी तैयार कर रही है। वैक्यूम क्लिनर का दायरा पिछले कुछ सालों में काफी बढ़ा है और इसमें कई तरह के बदलाव भी देखने को मिले हैं। पहले वायर वाले वैक्यूम क्लिनर आ रहे थे लेकिन समय के इसमें बदलाव हुआ और अब चार्जेबल वैक्यूम क्लिनर मार्केट में आने लगे हैं। इन्हीं में से एक वैक्यूम क्लिनर Dyson v8 है जो कि पोर्टेबल है यानी चार्जेबल है। Dyson v8 को हमने कुछ दिनों तक इस्तेमाल किया है। इस वैक्यूम क्लिनर की कीमत 34,900 रुपये रखी गई है। आइए रिव्यू जानते हैं...
Dyson v8 Review: डिजाइन

किसी भी प्रोडक्ट की बात होती है तो सबसे पहले उसकी डिजाइन, हैंडलिंग और बिल्ड क्वॉलिटी की होती है और इस मामले में Dyson v8 परफेक्ट है। Dyson v8 की डिजाइन कॉम्पैक्ट और पोर्टेबल है। बिल्ड क्वॉलिटी को लेकर कोई शिकायत नहीं है। लुक के मामले में भी Dyson v8 अच्छा है और वैसे भी डायसॉन डिजाइन और रिसर्च के लिए जानी जाती है।

Dyson v8 के साथ सबसे अच्छी बात यही है कि यह कॉर्डलेस है यानी चार्ज करने के बाद आप इसे इस्तेमाल कर सकते हैं और दूसरी सबसे अच्छी बात यह है कि इसमें आवाज नहीं है। इस्तेमाल के दौरान यह शोर नहीं करता है। मैक्स मोड में थोड़ी आवाज आती है लेकिन इतना भी नहीं कि आपको दिक्कत होने लगे। इसके साथ एक डॉकिंग स्टेशन मिलता है जिसे किसी दीवार में फिट करके उसमें आप वैक्यूम क्लिनर को टांग सकते हैं।

इसके साथ कई तरह के कुल 10 अटैचमेंट मिलते हैं जिन्हें आप अपनी जरूरत के हिसाब से मोटर के साथ अटैच कर सकते हैं। इस वैक्यूम क्लिनर को असेंबल करना बहुत ही आसान है। घर के किसी कोने की सफाई करनी हो या फिर बेड के नीचे की गंदगी साफ करनी हो, बॉक्स में आपको हर तरह के अटैचमेंट मिलते हैं।

डस्ट चेंबर ट्रांसपैरेंट हो तो उसमें क्या इकट्ठा हो रहा है, यह आपको बाहर से ही नजर आ जाएगा। यदि आप अपने पर्सनल इस्तेमाल के लिए Dyson v8 को खरीद रहे हैं तो डिजाइन, लुक और बिल्ड क्वॉलिटी को लेकर कोई समस्या नहीं है। कार्पेट और टाइल्स वाले फर्स के लिए एक स्पेशल अटैचमेंट मिलता है जिसके साथ मोटर भी दिया गया है।
Dyson v8 Review: परफॉर्मेंस

Dyson v8 वैक्यूम क्लिनर का आरपीएम (राउंड प्रति मिनट) 1,10,000 है और यह 115 एयर वॉट का पावर प्रोड्यूस करता है। एक बार की चार्जिंग में आप इसे करीब 40 मिनट तक इस्तेमाल कर सकते हैं, हालांकि यदि मैक्स मोड इस्तेमाल करेंगे तो बैटरी बैकअप कम हो जाएगा। जहां तक परफॉर्मेंस की बात है तो Dyson v8 के साथ सबसे अच्छी बात यह है कि इससे आप किसी भी कोने की सफाई कर सकते हैं। यहां तक कि आप घर में लगे जाले को भी साफ कर सकते हैं।

मैक्स मोड का इस्तेमाल आ उस वक्त कर सकते हैं जब किसी सतह पर गंदगी ज्यादा है या फिर कोई चीज चिपक गई है। पोर्टेबल और चार्जेबल होने के कारण इसका इस्तेमाल बहुत ही आसान है। इस वैक्यूम क्लिनर को फुल चार्ज करने में करीब 5 घंटे का वक्त लगता है। इसका कुल वजन 2.61 किलोग्राम है। इसमें 425 वॉट का मोटर है, ऐसे में इसे एक पावरफुल मोटर वाला वैक्यूम क्लिनर कहा जाएगा। सोफा वगैरह से लेकर कार्पेट आदि की सफाई आप आसानी से कर सकते हैं।
तो कुल मिलाकर कहें तो Dyson v8 घर की सफाई के लिए एक परफेक्ट वैक्यूम क्लिनर है। बिन की साइज 0.54 लिटर की है जिसे कम-से-कम एक लीटर का तो होनी ही चाहिए। नए वर्जन में कंपनी को इस बात का ध्यान रखना चाहिए। तो यदि आपके लिए कीमत मायने नहीं रखता है तो Dyson v8 आपको परफॉर्मेंस के मामले में निराश नहीं करेगा।