Facebook ने भारत में चुनाव के लिए बढ़ाई सुरक्षा, डाटा चोरी पर अमेरिका के बाद अब लिया रूस का नाम

फेसबुक के सीईओ मार्क जुकरबर्ग ने कहा है कि उनकी कंपनी भारत में आने वाले चुनाव में शुचिता सुनिश्चित करने के लिए अपने सुरक्षा चक्र को मजबूत कर रही है। अमेरिकी राष्ट्रपति चुनाव में डोनाल्ड ट्रंप का अभियान संभालने वाली कैंब्रिज एनालिटिका द्वारा इस सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के पांच करोड़ यूजरों का डाटा चोरी किए जाने के बाद विवादों में घिरे जुकरबर्ग ने कहा कि न्यूज से छेड़छाड़ करने और चुनावों को प्रभावित करने की कोशिश कर रहे फर्जी एकाउंट का पता लगाने के लिए आर्टिफिशियल इंटेलीजेंस (एआई) टूल का सहारा लिया जा रहा है।
कंपनी के सीईओ मार्क जुकरबर्ग ने डाटा चोरी पर पहली बार खोला मुंह
न्यूयॉर्क टाइम्स को दिए गए एक इंटरव्यू में चुनाव को प्रभावित करने में फेसबुक के दुरुपयोग पर पहली बार सार्वजनिक चर्चा करते हुए उन्होंने कहा कि पहली बार इस एआई टूल का इस्तेमाल 2017 में फ्रांस के चुनाव में किया गया था। इस नए टूल के जरिए हमने 30 हजार फर्जी एकाउंटों का पता लगाया है, जो संभवत: रूसी स्रोतों से जुड़े हुए हैं।
आर्टिफिशियल इंटेलीजेंस टूल के सहारे विकसित किया नया तंत्र
अमेरिका के बाद वे फ्रांस के चुनाव को भी प्रभावित करने की कोशिश में थे लेकिन हमने उन्हें बड़े पैमाने पर उन्हें ऐसा करने से रोक दिया। इसके अलावा अलाबामा के चुनाव में मेसीडोनिया से संचालित किए जा रहे फेक न्यूज प्रसारित करने वाले फर्जी एकाउंटों को बंद करने में सफलता मिली है।

माना कि गलती हुई, माफी भी मांगी
जुकरबर्ग ने सीएनएन को दिए एक इंटरव्यू में अपने दो अरब यूजरों से ‘बड़े विश्वासघात’ पर माफी मांगते हुए यह स्वीकार किया कि उनसे गलती हुई है। उन्होंने कैंब्रिज एनालिटिका पर भरोसा किया जिसने उनके साथ विश्वासघात किया। उन्होंने कहा कि कंपनी भविष्य में इसकी पुनरावृत्ति रोकने के लिए कड़े कदम उठा रही है।
डाटा चोरी पर जारी सियासत
केंद्रीय मंत्री रविशंकर प्रसाद ने कैंब्रिज एनालिटिका से कांग्रेस के संबंधों को लेकर पार्टी को आड़े हाथ लिया है। बृहस्पतिवार को नई दिल्ली में एक संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि पिछले साल अक्तूबर और नवंबर में कांग्रेस द्वारा इस कंपनी की सेवाएं लेने के संबंध में मीडिया में खूब चर्चा हुई लेकिन कांग्रेस चुप्पी साधे रही। अब पांच महीने बाद मामला खुलने पर इससे भाग रही है। कांग्रेस इस संबंध को झूठला नहीं सकती क्योंकि इसके सबूत मौजूद हैं।
मोसुल मुद्दे से ध्यान हटाने की कोशिश
कांग्रेस ने पलटवार करते हुए कहा है कि मोदी सरकार इराक के मोसुल में मारे गए 39 भारतीयों के मुद्दे से ध्यान हटाने के लिए डाटा चोरी का मामला लेकर आई है। पार्टी अध्यक्ष राहुल गांधी ने ट्विट किया कि सरकार 39 भारतीयों की मौत के मामले में झूठ बोलती हुई पकड़ी गई, तो इससे निकलने के लिए डाटा चोरी की कहानी गढ़ी गई। नतीजजन, भारतीयों की मौत की खबर मीडिया से गायब हो गई और इस तरह सरकार की समस्या सुलझ गई।