Gadgets: दो हजार रुपए से भी कम में स्मार्ट और उपयोगी गैजेट्स, कौन सा तोहफा माता-पिता के लिए रहेगा बेहतरीन?
कम बजट में भी माता-पिता के लिए ऐसे कई उपयोगी गैजेट्स उपलब्ध हैं जो उनके रोजमर्रा के काम आसान बनाने के साथ-साथ सेहत और आराम का भी ध्यान रखते हैं। इस लेख में 2,000 रुपये से कम कीमत वाले उपयोगी गैजेट्स की जानकारी दी गई है।

विस्तार
आजकल की भागदौड़ भरी जिंदगी में तकनीक ने हमारे काम को बहुत आसान बना दिया है। अक्सर हम अपने माता-पिता के लिए ऐसे उपहार या गैजेट्स की तलाश में रहते हैं जो न केवल उनके दैनिक जीवन को सरल बनाएं बल्कि उनकी सेहत और आराम का भी ख्याल रखें। अच्छी खबर यह है कि आपको इसके लिए बहुत ज्यादा खर्च करने की जरूरत नहीं है। 2000 रुपए से भी कम के बजट में भी कई ऐसे शानदार गैजेट्स उपलब्ध हैं जो घर, रसोई और स्वास्थ्य के लिए बेहद उपयोगी हैं। इस लेख में हम आपको ऐसे ही कुछ बेहतरीन विकल्पों के बारे में बताएंगे।
1. घर और रसोई के लिए बेहद उपयोगी हैं ये गैजेट्स:
घर के छोटे-मोटे कामों को आसान बनाने के लिए कुछ गैजेट्स बहुत मददगार साबित हो सकते हैं। बढ़ती उम्र के साथ बार-बार स्विच बोर्ड तक जाना मुश्किल हो सकता है। ऐसे में आप अपने बुजुर्ग माता-पिता को स्मार्ट प्लग और बल्ब दे सकते हैं। इसकी मदद से लाइट्स और उपकरणों को फोन से ही कंट्रोल किया जा सकता है। इससे न ऊर्जा की बचत होती है बल्कि ये सुविधाजनक भी है। उदाहरण के लिए ल्यूमिक मोशन सेंसर लाइट्स कमरे में घुसते ही अपने आप जल जाती हैं। और कमरे से बाहर निकलते ही ऑफ हो जाती हैं।
ठंड में बार-बार गैस जलाने के झंझट के बिना चाय, कॉफी या गर्म पानी के लिए सबसे जरूरी गैजेट इलेक्ट्रिक केतली है। यह विशेष रूप से बुजुर्गों के लिए बहुत काम आता है। अगर आपके माता-पिता को डॉक्टर ने नपा-तुला खाने को कहा है तो आप डिजिटल किचन स्केल तोहफे के रूप में दे सकते हैं। यह एक इलेक्ट्रॉनिक उपकरण है जो खाने की सामग्री जैसे आटा, चीनी, मसाले, सब्जियों का वजन सटीकता से तौलता है। अगर आपके माता-पिता स्वास्थ्य के प्रति जागरूक हैं तो यह स्केल खाना पकाने और पोर्शन कंट्रोल में बहुत मदद करता है।
हम सभी चाहते हैं कि हमारे माता-पिता स्वस्थ रहें ऐसे में साफ-सफाई जरूरी हो जाती है। तो इसके लिए आप हैंडहेल्ड वैक्यूम क्लीनर तोहफे के रूप में दे सकते हैं। यह एक छोटा और बिना तार वाला वैक्यूम है जो सोफा, गद्दे या डाइनिंग टेबल की सफाई के लिए बेहतरीन है। यह भारी भी नहीं होता, जिससे इसे इस्तेमाल करना आसान है। बढ़ते प्रदूषण को देखते हुए ह्यूमिडिफायर भी अच्छा विकल्प है। यह कमरे की हवा में नमी बनाए रखता है, जो सूखी खांसी या सांस की तकलीफ में राहत देता है।
2. सुविधा और तकनीक में काम आएंगे ये गैजेट्स
तकनीक को जटिल होने की जरूरत नहीं है, इसे बस सुविधाजनक होना चाहिए। वायरलेस चार्जिंग पैड से तारों के उलझने और छोटे चार्जिंग पिन को फोन में लगाने की परेशानी को खत्म हो जाती है। इसके जरिए फोन को पैड पर रखने से वह चार्ज होने लगता है। साथ ही अगर माता-पिता के पास फोन, टैबलेट और अन्य गैजेट्स हैं, तो अलग-अलग चार्जर रखने के बजाय 3-इन-1 मल्टी-चार्जिंग केबल का इस्तेमाल कर सकते हैं। यह एक केबल ही सबका काम कर देती है।
पोर्टेबल ब्लूटूथ स्पीकर उनके लिए बहुत अच्छा उपहार है जो पुराने गाने, भजन या रेडियो सुनना पसंद करते हैं। इसे घर के किसी भी कमरे में ले जाया जा सकता है। दूर रहने वाले बच्चों या रिश्तेदारों से साफ और अच्छी वीडियो कॉल करने के लिए एचडी वेबकैम एक अच्छा और बहुत जरूरी विकल्प है। सोफे या बिस्तर पर बैठकर आराम से लैपटॉप या टैबलेट का उपयोग करने के लिए लैप डेस्क या पोर्टेबल स्टैंड बहुत आरामदायक विकल्प है।
3. ये गैजेट्स आपके माता-पिता की सेहत और व्यक्तिगत उपयोग का रखेंगे ध्यान:
माता-पिता की सेहत सबसे पहले आती है। ऐसे में फिटनेस ट्रैकर/बैंड देकर आप उनकी सेहत आश्वस्त कर सकते हैं। यह उनके कदमों की गिनती, नींद की गुणवत्ता और हृदय गति पर नजर रखने में मदद करता है। यह उन्हें सक्रिय रहने के लिए प्रेरित भी करता है। साथ ही नॉइज-कैंसलिंग ईयरफोन बाहर के शोर-शराबे को कम करके शांति से संगीत सुनने या ध्यान लगाने के लिए यह एक अच्छा विकल्प है। पोर्टेबल यूएसबी फैन से गर्मी के दिनों में या किचन में काम करते समय व्यक्तिगत ठंडक के लिए यह छोटा पंखा बहुत उपयोगी होता है।
खरीदारी से पहले ध्यान रखें ये बातें:
इन गैजेट्स को खरीदते समय आप किसी भी भरोसेमंद ई-कॉमर्स वेबसाइट का सहारा ले सकते हैं। वहां अक्सर डील्स और डिस्काउंट चलते रहते हैं। खरीदते समय यह जरूर देखें कि प्रोडक्ट उपयोग करने में आसान हो और उसकी वारंटी उपलब्ध हो। ये सभी गैजेट्स आपको 2000 रुपए से कम में मिल जाएंगे। ये छोटे-छोटे गैजेट्स भले ही कम कीमत के हों, लेकिन ये आपके माता-पिता के जीवन की गुणवत्ता और आराम में बड़ा बदलाव ला सकते हैं।