Apple: iPhone 16 यूजर्स को करंट लगने की शिकायत, ऐपल की चुप्पी पर उठ रहे सवाल
ऐपल के सेफ्टी इंफॉर्मेशन पेज पर लिखा है कि फोन को आग, करंट और नुकसान से बचाने के लिए हमेशा ऑफिशियल चार्जिंग एक्सेसरीज का ही इस्तेमाल करना चाहिए। हालांकि, करंट लगने की घटनाओं पर कंपनी की ओर से अब तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं आई है।

विस्तार
iPhone 16 के यूजर्स इन दिनों एक अजीब समस्या का सामना कर रहे हैं। कई यूजर्स ने शिकायत की है कि फोन चार्ज करते समय उन्हें करंट लग रहा है। यह समस्या सामान्य नहीं है क्योंकि अलग-अलग यूजर्स ने इसे ऐपल के कम्युनिटी डिस्कशन पेज पर उठाया है। यूजर्स ने बताया कि करंट लगने की घटनाएं फोन के ‘एक्शन बटन’ और ‘कैमरा कंट्रोल बटन’ के जरिए हो रही हैं।

चार्जिंग के दौरान हो रही समस्या
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, करंट लगने की घटनाएं अधिकतर चार्जिंग के दौरान हो रही हैं। iPhone 16 सीरीज में पहली बार कैमरा बटन को शामिल किया गया है, और शिकायतें इस बटन को लेकर अधिक सामने आ रही हैं।
यूजर्स की शिकायतें
ऐपल के कम्युनिटी डिस्कशन पेज पर इस समस्या को लेकर कई यूजर्स ने अपनी शिकायतें दर्ज की हैं। एक यूजर ने लिखा, "मैंने एक हफ्ता पहले iPhone 16 खरीदा था। जब भी मैं इसे चार्ज करता हूं, तो कैमरा बटन से करंट लगता है। यह बहुत परेशान करने वाला और दर्दनाक है।" एक अन्य यूजर ने लिखा, "मुझे iPhone 16 Pro चार्ज करते समय करंट लगा और अब मेरी उंगली में असर है। यह बेहद खतरनाक स्थिति है।"

ऐपल एक्सेसरीज के इस्तेमाल पर भी करंट
ऐपल की ऑफिशियल एक्सेसरीज का उपयोग करने पर भी समस्या बनी हुई है। एक यूजर ने लिखा, "मैंने ऐपल सपोर्ट से संपर्क किया और उन्होंने ऑफिशियल चार्जिंग कॉर्ड इस्तेमाल करने की सलाह दी। मैंने ऐपल की कॉर्ड मंगवाई, लेकिन समस्या फिर भी बनी रही। मुझे लगता है कि कंपनी को इस मामले में तुरंत कदम उठाने की जरूरत है।"
ऐपल का अब तक कोई जवाब नहीं
ऐपल के सेफ्टी इंफॉर्मेशन पेज पर लिखा है कि फोन को आग, करंट और नुकसान से बचाने के लिए हमेशा ऑफिशियल चार्जिंग एक्सेसरीज का ही इस्तेमाल करना चाहिए। हालांकि, करंट लगने की घटनाओं पर कंपनी की ओर से अब तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं आई है।