विजय हजारे ट्रॉफी: क्वार्टर फाइनल में जाने से चूकी टीम उत्तराखंड, लेकिन कई रिकॉर्ड किए अपने नाम
विजय हजारे ट्रॉफी में सोमवार को उत्तराखंड ने अपनी लगातार सातवीं जीत हासिल की। उत्तराखंड ने अरुणाचल प्रदेश की टीम को 108 रनों के अंतर से शिकस्त दी। हालांकि इसके बावजूद उत्तराखंड की टीम क्वार्टर फाइनल के लिए क्वालिफाई नहीं कर सकी।
पहली बार खेलने उतरी टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए सभी क्रिकेट प्रेमियों का दिल जीत लिया। साथ ही कई रिकॉर्ड भी अपने नाम किए। अपने अंतिम लीग मुकाबले में उत्तराखंड की टीम टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए 49.4 ओवर में 264 रन बनाकर ऑलआउट हो गई।
पिछले मैच में दोहरा शतक जड़ने वाले करणवीर कौशल ने तेज शुरुआत की। हालांकि वह 12 गेंदों में 22 रन ही बना सके। अनुभवी विनीत सक्सेना और कार्तिक जोशी ने दूसरे विकेट के लिए 25 रन जोड़े।
49 के कुल स्कोर पर विनीत 13 रन बनाकर पवेलियन लौट गए। सौरभ चौहान (4), कप्तान रजत भाटिया (2) और वीआर जेठी (12) भी जल्दी आउट हो गए। 90 रन पर छह विकेट खोकर संघर्ष कर रही टीम को विकेटकीपर बल्लेबाज सौरभ रावत और ऑलराउंडर मलोलन रंगराजन ने संभाला।
रन बनाने को जूझे बल्लेबाज
दोनों ने 20.1 ओवर में 100 रन जोड़े। मलोलन 82 गेंदों में 50 रन बनाकर आउट हुए। इसके बाद सौरभ और मयंक मिश्रा ने 6.1 ओवर में 70 रन जोड़कर टीम का स्कोर 260 तक पहुंचा दिया। सौरभ 64 गेंदों में 67 और मयंक ने 24 गेंदों में 39 रन जोड़े। अरुणाचल के लिए सम्स, एस ठाकुर व क्षितिज शर्मा ने दो-दो और लिछा तेही व अखिलेश साहनी ने एक-एक विकेट लिया।
265 रनों के लक्ष्य को लेकर उतरे अरुणाचल के बल्लेबाज विकेट पर जूझते नजर आए। ओपनर समर्थ सेठ और दोरिया ने 4.1 ओवर में 31 रन जोड़े। समर्थ ने 19 गेंदों में 27 और दोरिया ने 41 गेंदों में 26 रन बनाए। इसके बाद क्षितिज शर्मा (4) और काश्मा यांग्फो (12) भी जल्दी आउट हो गए।
अखिलेश साहनी (41) और सोंग ताछो (16) ने धैर्यपूर्ण बल्लेबाजी करते हुए स्कोर 127 रन तक पहुंचाया। अरुणाचल की टीम निर्धारित 50 ओवर में नौ विकेट खोकर 156 रन ही बना सकी। उत्तराखंड के कप्तान रजत भाटिया ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 17 रन देकर तीन, मलोलन रंगराजन व मयंक मिश्रा ने दो-दो और दीपक धपोला व सनी राणा ने एक-एक विकेट चटकाया। उत्तराखंड के गेंदबाजों ने कुल 11 मेडन ओवर फेंके।
किस्मत ने दिया बिहार का साथ
मंगलवार को 12 बजे दून पहुंचेगी टीम
मैनेजर दीपक मेहरा ने बताया कि उत्तराखंड की टीम मंगलवार दोपहर 12 बजे जौलीग्रांट एयरपोर्ट पर पहुंचेगी। शाम को खेल मंत्री अरविंद पांडेय से मुलाकात का कार्यक्रम रखा गया है। प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन कर लौट रही टीम के स्वागत के लिए बड़ी संख्या में क्रिकेट प्रेमी जौलीग्रांट एयरपोर्ट पहुंचने की तैयारी कर रहे हैं।