Mayweather vs Tyson: 2026 में आमने-सामने होंगे दो महान मुक्केबाज, माइक टायसन और फ्लॉयड मेवेदर की होगी भिड़ंत
फैंस के लिए यह ऐतिहासिक पल होगा, जब ये दो दिग्गज एक रिंग में साथ आएंगे। 59 वर्षीय टायसन को मुक्केबाजी की दुनिया का सबसे खतरनाक हेवीवेट फाइटर माना जाता है। वहीं, 48 वर्षीय फ्लॉयड मेवेदर अब तक प्रोफेशनल बॉक्सिंग में अपराजित रहे हैं।
विस्तार
59 वर्षीय टायसन को मुक्केबाजी की दुनिया का सबसे खतरनाक हेवीवेट फाइटर माना जाता है। अपने करियर में उन्होंने 50-7 का रिकॉर्ड बनाया, जिसमें से 44 मुकाबले नॉकआउट से जीते। हालांकि, उनका आखिरी मैच नवंबर 2024 में यूट्यूबर से बॉक्सर बने जेक पॉल के खिलाफ था, जिसमें टायसन को हार का सामना करना पड़ा। उस मुकाबले में 70,000 दर्शकों ने लाइव मैच देखा और दुनिया भर में लाखों लोगों ने टीवी पर इसे फॉलो किया।
48 वर्षीय फ्लॉयड मेवेदर अब तक प्रोफेशनल बॉक्सिंग में अपराजित रहे हैं। उन्होंने 2017 में रिटायरमेंट लिया, लेकिन तब तक उनका रिकॉर्ड 50-0 रहा और उन्होंने पांच अलग-अलग वेट कैटेगरी में खिताब जीते। रिटायरमेंट के बाद भी मेवेदर ने कई एग्जीबिशन मुकाबले खेले, जिनमें अगस्त 2024 में जॉन गॉटी III पर मेक्सिको में जीत शामिल है।
इस मुकाबले पर प्रतिक्रिया देते हुए टायसन ने कहा, 'जब सीएसआई ने मुझे फ्लॉयड मेवेदर से लड़ने का प्रस्ताव दिया, तो मैंने सोचा कि यह संभव ही नहीं है। लेकिन जब फ्लॉयड ने हां कहा, तब यह तय हो गया। यह फाइट ऐसी है जिसकी कल्पना न मैंने की थी और न दुनिया ने। बॉक्सिंग अब अनप्रिडिक्टेबल दौर में प्रवेश कर चुकी है और यह मुकाबला उसी का सबूत है।'
टायसन और मेवेदर ने अपने-अपने इंस्टाग्राम हैंडल पर भी इस फाइट का प्रमोट किया है। इस फाइट के हाइपअप के लिए मेवेदर ने एक पंचलाइन भी दिया है। उन्होंने कैप्शन में लिखा, 'मुझे किसी इंसान से डर नहीं, सिर्फ ईश्वर से डर है! चलो शुरू करें!!' वहीं, टायसन ने लिखा, 'जल्द आ रहा है।'
यह लड़ाई सिर्फ एक एग्जीबिशन नहीं, बल्कि बॉक्सिंग की नई दिशा को दर्शाएगी। एक ओर टायसन की ताकत और आक्रामक स्टाइल है, वहीं दूसरी ओर मेवेदर की रणनीति और अपराजित रिकॉर्ड। ऐसे में यह मुकाबला दुनियाभर के बॉक्सिंग फैन्स के लिए एक अविस्मरणीय मुकाबला साबित होने वाला है।