HP: पंजाब-हिमाचल की सीमा पर बढ़ाई चौकसी, हर वाहन की हो रही जांच, अतिरिक्त जवान भी तैनात
चंडीगढ़-मनाली राष्ट्रीय राजमार्ग पर हिमाचल के प्रवेश द्वार गरामोड़ा में स्वारघाट थाना पुलिस ने नाकाबंदी कर दी है। पंजाब से आने वाले वाहनों की जांच की जा रही रही है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
मणिकर्ण की घटना और हाईवे को जाम करने के बाद पंजाब-हिमाचल की सीमा पर चौकसी बढ़ा दी गई है। सीमा पर अतिरिक्त पुलिस बल भी तैनात किया गया है। चंडीगढ़-मनाली राष्ट्रीय राजमार्ग पर हिमाचल के प्रवेश द्वार गरामोड़ा में स्वारघाट थाना पुलिस ने नाकाबंदी कर दी है। पंजाब से आने वाले वाहनों की जांच की जा रही रही है। पुलिस के सहयोग के लिए महिला पुलिस बटालियन बस्सी से क्विक एक्शन टीम (क्यूआरटी) के आठ जवान किसी भी घटना से निपटने के लिए तैनात किए गए हैं। सीमा पर चौकसी सोमवार रात को ही बढ़ा दी गई थी। मंगलवार सुबह गरामोड़ा में अतिरिक्त जवान भी तैनात कर दिए गए हैं।
पुलिस जवान पंजाब से आने वाले हर वाहन का नंबर नोट कर रहे हैं। साथ ही सामान की भी जांच कर रहे हैं। उल्लेखनीय है कि बीते सोमवार को मणिकर्ण की घटना के बाद गुस्साए पंजाब के सिख श्रद्धालुओं ने सैकड़ों की संख्या में एकत्रित होकर चंडीगढ़-मनाली राजमार्ग पर हिमाचल के प्रवेश द्वार गरामोड़ा में डेढ़ घंटे तक चक्का जाम कर दिया था। डीएसपी श्री नयनादेवी जी विक्रांत बोंसला ने बताया कि मणिकर्ण की घटना के बाद हिमाचल-पंजाब की सीमा पर स्थित गरामोड़ा में पुलिस 24 घंटे पंजाब की तरफ से आ रहे श्रद्धालुओं के वाहनों की जांच कर रही है ताकि शरारती तत्व प्रवेश न कर सकें।
हंगामे के बाद मणिकर्ण में तैनात किए 100 जवान
धार्मिक नगरी मणिकर्ण में पंजाब के पर्यटकों द्वारा हंगामे व हुड़दंग के बाद मंगलवार को दूसरे दिन शांति बनी रही। मणिकर्ण में किसी तरह की स्थिति न बिगड़े, इसके लिए सूबे की अलग-अलग बटालियनों से करीब 100 अतिरिक्त जवानों को तैनात किया गया है। कुल्लू व लाहौल-स्पीति जिला से बुलाई गई पुलिस को भी तैनात किया गया है। कुल्लू पुलिस के आलाधिकारियों ने भी छह मार्च से मणिकर्ण में ही डेरा डाला है। मंगलवार को पुलिस अधीक्षक कुल्लू साक्षी वर्मा भी मणिकर्ण में मौजूद रहीं। बीते रविवार रात को मणिकर्ण में मारपीट, गाडियों, दुकानों व घरों में तोड़फोड़ व हुड़दंग करने वालों का अभी तक कोई भी सुराग नहीं मिला है। हालांकि, पुलिस शहर में लगे सीसीटीवी कैमरों को खंगाल रही है। बताया जा रहा है कि हुड़दंग करने वाले अधिकतर लोग उसी रात को ही निकल गए थे।
डीआईजी मंडी मधुसूधन शर्मा रात तक मणिकर्ण में दुकानदारों से मिले और उनसे बात की। स्थिति का जायजा लेने के बाद डीआईजी मंडी लौट गए। पुलिस अधीक्षक कुल्लू साक्षी वर्मा ने कहा कि मणिकर्ण में अब शांति है। कहा कि भुंतर के जिया के पास हाथीथान में पुलिस का नाका लगाया गया है, जहां बाहर से आने वाले पर्यटकों की चेकिंग की जा रही है। उन्होंने कहा कि तोड़फोड़ करने वालों की पहचान के लिए सीसीटीवी कैमरों को खंगाला जा रहा है। मणिकर्ण गुरुद्वारा साहिब के प्रमुख बाबा श्रीराम ने कहा कि गुरुद्वारा में रुकने वाली सभी संगत का पहले से ही पंजीकरण होता है। सभी का रजिस्टर में नाम, पता दर्ज होता है। उन्होंने कहा कि दर्शन व लंगर में आने वाले भक्तों का पंजीकरण संभव नहीं है।