Una: पंजाब के गैंगस्टर और उसके दो शूटर के खिलाफ ऊना पुलिस ने दर्ज की एफआईआर, जानें पूरा मामला
ऊना जिला पुलिस ने कारोबारी की हत्या करने की योजना में संलिप्त पंजाब के गैंगस्टर और उसके दो शूटर के खिलाफ स्वत: संज्ञान लिया है और मामला दर्ज कर लिया है।
विस्तार
हिमाचल प्रदेश के ऊना जिला पुलिस ने कारोबारी की हत्या करने की योजना में संलिप्त पंजाब के गैंगस्टर और उसके दो शूटर के खिलाफ स्वत: संज्ञान लिया है और मामला दर्ज कर लिया है। इस बात का खुलासा एसपी ऊना राकेश सिंह ने पत्रकार वार्ता में किया। उन्होंने कहा कि जिले में कारोबारियों, उद्यमियों और नामी होटल मालिकों से फिरौती की मांग की जा रही थी। भले ही इस संदर्भ में पुलिस के पास कोई भी शिकायत नहीं आई है। लेकिन पंजाब पुलिस ने जिस शूटर को गिरफ्तार किया है, उसने पूछताछ ने स्वयं यह बात कबूल की है कि वह ऊना में एक कारोबारी की हत्या करने के लिए आया था और उसके घर की रैकी भी की थी। पिस्तौल भी ऊना में कहीं दबाकर आया था। लेकिन इससे पहले की शूटर अपने मंसूबे में कामयाब होता, पंजाब पुलिस के हत्थे चढ़ गया और मामले से जुड़े हर घटनाक्रम का पर्दाफाश किया।
उन्होंने बताया कि इस मामले में ऊना पुलिस, पंजाब पुलिस का अब आगे पूरा सहयोग लेगी और ऊना जिला में पहले भी मैहतपुर के एक ज्वेलर्स और पंजाब के नंगल कारोबारी से फिरौती की मांग करने समेत अन्य मामले सामने आए हैं। लेकिन पुलिस अब हर मामले को जोड़कर जांच करने में जुट गई है और जो भी संलिप्त होगा, उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। असमाजिक तत्वों से जिले में माहौल को खराब नहीं होने दिया जाएगा। यदि किसी भी कारोबारी को धमकी या फिर फिरौती की मांग आती है, वह सीधे तौर पर पुलिस से संपर्क कर सकता है। ऊना पुलिस हर तरह से आम जनता की सुरक्षा के लिए 24 घंटे सात दिन मुस्तैदी से तैनात है। इस दौरान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संजीव भाटिया, सहायक पुलिस अधीक्षक सुरेंद्र शर्मा विशेष तौर से मौजूद रहे।
सुरक्षा शाखा कार्यालय पुलिस अधीक्षक ऊना के प्रभारी एसआई नाजिंद्र कुमार ने कारोबारी की हत्या करने की योजना मामले में शिकायत बीएनएस की धारा 308(4),351(3), 351(4), 61(2) के तहत थाना सदर ऊना दर्ज करवाई। बताया कि पंजाब के जालंधर-पठानकोट रोड पर गांव रायपुर रसूलपुर के पास पंजाब पुलिस की क्राइम ब्रांच ने रवि बालाचौरिया के 20 वर्षीय एक शूटर मनजोत सिंह मनी को गिरफ्तार किया है, जोकि गढ़शंकर के गांव मोरांवाली का रहने वाला है तथा उससे दो पिस्टल व दो कारतूस बरामद किए गए हैं। शूटर मनी ने पुलिस हिरासत में कबूल किया है कि उसने ऊना में जाकर किसी कारोबारी की हत्या करनी थी, क्योंकि गैंग के किंगपिन बालाचौरिया ने उससे रंगदारी मांगी थी। पंजाब पुलिस की ओर से जिला ऊना में आकर उक्त पिस्तौल को रिकवर भी किया गया है।