हिमाचल: बरमाणा में ट्रक ऑपरेटरों का पैदल मार्च, एसीसी कॉलोनी में दिया धरना
आंदोलित ट्रक ऑपरेटरों ने गुरुवार को आंदोलन के 57वें दिन ट्रक ऑपरेटरों ने बरमाणा में धरना-प्रदर्शन किया। ट्रक ऑपरेटर दोपहर 12:30 बजे बीडीटीएस भवन में एकत्रित हुए।
विस्तार
सीमेंट ढुलाई भाड़ा विवाद को लेकर आंदोलित ट्रक ऑपरेटरों ने गुरुवार को आंदोलन के 57वें दिन ट्रक ऑपरेटरों ने बरमाणा में धरना-प्रदर्शन किया। ट्रक ऑपरेटर दोपहर 12:30 बजे बीडीटीएस भवन में एकत्रित हुए। वहां से पैदल मार्च शुरू किया। पैदल मार्च के दौरान अदाणी समूह के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। करीब दो किलोमीटर लंबा यह पैदल मार्च सीमेंट प्लांट से होता हुआ एसीसी कॉलोनी पहुंचकर धरने में तबदील हो गया। पैदल मार्च के बाद ट्रक ऑपरेटर एसीसी कॉलोनी में सड़क पर धरने पर बैठ गए। ट्रक ऑपरेटरों ने करीब दो घंटे तक धरना दिया। धरने के दौरान बीडीटीएस के पदाधिकारियों ने अदाणी समूह के खिलाफ जमकर भड़ास निकाली। बीडीटीएस के प्रधान राकेश ठाकुर ने कहा कि अदाणी समूह ट्रक ऑपरेटरों को 8.50 रुपये मालभाड़ा देने का प्रस्ताव दे रहा है, लेकिन यह प्रस्ताव उन्होंने खारिज कर दिया है।
प्लांट को बंद करने से पहले 11.41 रुपये मालभाड़ा मिल रहा था। उस मालभाड़े में 3.97 प्रतिशत का सालाना हाइक जोड़कर अब 12.04 प्रति किलोमीटर प्रति टन के हिसाब से मालभाड़ा बनता है। अब ट्रक ऑपरेटर्स इसी मालभाड़े पर सीमेंट की ढुलाई करेंगे। उन्होंने कहा कि विवाद का कोई हल न निकलता देख अब आंदोलन को तेज करना होगा। महासचिव प्रदीप ठाकुर ने कहा कि सरकार ट्रक ऑपरेटर के साथ है, लेकिन अदाणी समूह ने अड़ियल रवैया अपना कर रखा है। अब अदाणी समूह से निर्णायक लड़ाई लड़ी जाएगी। धरने को लेख राम वर्मा, एक्स सर्विसमैन यूनियन के प्रधान जगन्नाथ जनरल, शमशेर गौतम, कोषाध्यक्ष सुरेश चौधरी और किरतपुर ट्रांसपोर्ट यूनियन के प्रभारी सर्वजीत आदि ने भी संबोधित किया।
अदाणी कंपनी के साथ बैठक फिर बेनतीजा, अब ऑपरेटरों ने मांगा 13.42 रुपये भाड़ा
ट्रक ऑपरेटरों और अदाणी कंपनी के प्रबंधकों के बीच वीरवार को भी बैठक बेनतीजा रही। अदाणी समूह ने ऑपरेटर्स की कोर कमेटी की आपातकाल बैठक बुलाई। बैठक में बड़ी बात यह रही कि अदाणी कंपनी ने जहां बुधवार की तरह 9.01 रुपये मालभाड़े का प्रस्ताव रखा, तो वहीं अब ऑपरेटर प्रति टन 13.42 रुपये प्रति किलोमीटर सीमेंट ढुलाई मालभाड़ा लेने पर अड़ गए। उन्होंने यह भाड़ा तय बढ़ोतरी के अनुसार मांगा है। हालांकि जब कंपनी प्रबंधकों ने इस पर इन्कार किया तो ऑपरेटरों ने कहा कि अब वह समूह के उन्हीं पदाधिकारियों से बात करेंगे जो उनकी मांगें पूरी करने में सक्षम होंगे। बैठक के दौरान ऑपरेटरों ने अपनी 2005 से तय बढ़ोतरी के नियमों को दोबारा प्रबंधकों के समक्ष रखा, जिसे प्रबंधकों ने नहीं माना।
वहीं, शुक्रवार को दाड़लाघाट में ऑपरेटरों की कोर कमेटी की बैठक होगी, जिसमें दिल्ली जाने को लेकर योजना बनेगी। बैठक में अदाणी कंपनी के नॉर्थ लॉजिस्टिक हेड नीलेश श्रीवास्तव, निर्माण अधिकारी अंबुजा मनोज जिंदल, कामर्शियल हेड हिमेश जनारथा, राजेश लखन पाल, अशोक मेहता, अनुराग के अलावा दाड़लाघाट की आठ सभाओं की कोर कमेटी के सदस्यों में जयदेव कौंडल, राम कृष्ण शर्मा, बालक राम शर्मा, राम कृष्ण बंसल, परसराम पिंकू, नीमचंद, अरुण शुक्ला व जगदीश ठाकुर ने भाग लिया। उधर, इस बारे में एसडीटीओ के कोषाध्यक्ष राम कृष्ण बंसल ने कहा कि ऑपरेटर्स हर हाल में मालभाड़ा 13.42 रुपये ही लेकर रहेंगे।