Himachal: श्रावण अष्टमी मेले शुरू, हिमाचल के शक्तिपीठों में उमड़े श्रद्धालु, देखें वीडियो
शक्तिपीठ ज्वालामुखी मंदिर में शुक्रवार को श्रावण अष्टमी मेलों का भव्य आगाज हुआ है। शक्तिपीठ ज्वालामुखी मंदिर को रंग-बिरंगी लाइटों से सजाया गया है। सुबह 5:00 बजे मंदिर के कपाट खोले गए। हालांकि, मां ज्वाला की पवित्र ज्योतियों के दर्शन करने के लिए सुबह कम संख्या में श्रद्धालु पहुंचे। विधिवत पूजा-अर्चना व विशेष भोग प्रसाद से श्रावण अष्टमी मेलों का आगाज किया गया। मेलों के दाैरान मंदिर के अंदर नारियल, ढोल-नगाड़े ले जाने पर पूरी तरह प्रतिबंध रहेगा। धारा 144 लागू होने पर किसी भी प्रकार के हथियार मंदिर क्षेत्र में ले जाना वर्जित है। पुलिस के 100 होमगार्ड सुरक्षा व्यवस्था संभाल रहे हैं और 75 अतिरिक्त कर्मी नियुक्त किए गए हैं। मंदिर अधिकारी मनोहर लाल शर्मा ने सभी प्रदेश वासियों को श्रावण मेलों की बधाई दी। उन्होंने कहा मंदिर में श्रद्धालुओं को हर सुविधा प्रदान की जा रही है। विशेष मेडिकल कैंप भी लगाया गया है। लंगर व्यवस्था सुचारू चलाई जा रही है। पुजारी व न्यास सदस्य अविनेदर शर्मा ने बताया कि मां ज्वाला मंदिर के कपाट सुबह ही दर्शनों को खोल दिए गए थे। मंदिर प्रशाशन की तरफ से पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। कहा कि इन मेलों का विशेष महत्व होता है क्योंकि सावन माह भोले बाबा और नवरात्र माता सती के प्रतीक हैं।
शक्तिपीठ माता श्री चिंतपूर्णी मंदिर में श्रावण अष्टमी मेलों का शुभारंभ
उत्तर भारत के प्रसिद्ध शक्तिपीठ माता श्री चिंतपूर्णी मंदिर में शुक्रवार सुबह श्रावण अष्टमी नवरात्र मेले का शुभारंभ विधिवत पूजा-अर्चना के साथ किया गया। मंदिर के पुजारी वर्ग ने विशेष हवन में आहुतियां अर्पित कर मेले की शुरुआत की। श्रावण अष्टमी पर शुरू हुए इस विशेष आयोजन के पहले ही दिन बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने माता रानी के पवित्र पिंडी के दर्शन किए और मन्नतें मांगीं। पूरे मंदिर परिसर को रंग-बिरंगे फूलों और लाइटिंग से दुल्हन की तरह सजाया गया है, जो श्रद्धालुओं को आकर्षित कर रहा है। प्रदेश के मुख्यमंत्री की पत्नी और देहरा की विधायक कमलेश ठाकुर भी मंदिर पहुंचीं और मां चिंतपूर्णी का आशीर्वाद लिया। यह मेला माता चिंतपूर्णी मंदिर में साल भर के सबसे बड़े धार्मिक आयोजनों में से एक माना जाता है, जिसमें देशभर से भक्त बड़ी संख्या में शामिल होते हैं।
श्रावण अष्टमी के पहले मेले पर श्री नयना देवी में दर्शनों के लिए उमड़े श्रद्धालु
उत्तर भारत के प्रसिद्ध शक्तिपीठ श्री नयना देवी में श्रावण अष्टमी मेले के पहले दिन हजारों श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंचे। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए पुख्ता प्रबंध प्रशासन की ओर से किए गए हैं। जत्थों में श्रद्धालुओं को मंदिर के अंदर दर्शनों के लिए भेजा रहा है। वहीं जगह-जगह लंगर आयोजित किए गए हैं। सुरक्षा व्यवस्था के चलते 800 पुलिस और होमगार्ड के जवान मंदिर में तैनात किए गए हैं। मंदिर क्षेत्र को 18 सेक्टरों में बांटा गया है। वहीं हर क्षेत्र की निगरानी सीसीटीवी कैमरा के माध्यम से की जा रही है।
मुख्यमंत्री सुक्खू की पत्नी ने चिंतपूर्णी मंदिर में की पूजा
श्रावण अष्टमी मेले के पहले दिन मुख्यमंत्री की पत्नी कमलेश ठाकुर ने चिंतपूर्णी मंदिर में पूजा-अर्चना की। एसडीएम अंब सचिन शर्मा भी इस दौरान मौजूद रहे। मंदिर प्रशासन ने देहरा विधानसभा की विधायक और मुख्यमंत्री की पत्नी कमलेश ठाकुर को माता रानी की फोटो देकर सम्मानित किया। एसडीएम अंब सचिन शर्मा ने भी इस दौरान पूजा-अर्चना में भाग लिया। श्रावण अष्टमी मेले का बहुत महत्व है। यह मेला चिंतपूर्णी मंदिर में आयोजित किया जाता है और इस दौरान मां चिंतपूर्णी का दरबार दुल्हन की तरह सजाया जाता है। मेले के दौरान श्रद्धालुओं की भारी भीड़ होती है और सभी मां चिंतपूर्णी के दर्शन करने के लिए आते हैं।
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.