Kangra News: शांता बोले- सीयू भवन निर्माण के लिए सरकार अब तक जमा नहीं करवा पाई पैसा
पूर्व मुख्यमंत्री शांता कुमार ने कहा कि हिमाचल के लिए केंद्र सरकार ने केंद्रीय विश्वविद्यालय स्वीकार किया, लेकिन पिछले आठ साल से धर्मशाला परिसर का निर्माण नहीं हो सका। देश में कोई ऐसा प्रदेश नहीं है, जहां केंद्रीय विश्वविद्यालय मिला हो और उसके भवन का निर्माण नहीं हुआ। पूरे देश में केवल हिमाचल ही ऐसा नालायक प्रदेश सिद्ध हुआ है, जहां पर अभी धर्मशाला में भवन नहीं बना। इसके लिए हिमाचली होने के कारण मैं भी शर्मिदा हूं। धर्मशाला में सीयू का परिसर बनने के लिए सभी औपचारिकताएं पूरी हो गई हैं। केंद्र सरकार की ओर से करीब 400 करोड़ रुपये भी स्वीकृत हो गए, लेकिन दुर्भाग्य ही नहीं, अपितु शर्म की बात है कि जब तक हिमाचल सरकार 30 करोड़ रुपये जमा न करवाती, तब तक इसका निर्माण प्रारंभ नहीं हो सकता।
इस संबंध में उन्होंने मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू को पत्र लिखा था। उनसे फोन पर बात भी हुई थी। यद्यपि वर्तमान सरकार आर्थिक संकट में है। लेकिन आग्रह करने पर उन्होंने उन्हें इस विषय पर सहानुभूतिपूर्वक विचार करने का आश्वासन दिया था। उन्होंने कहा कि केंद्रीय विश्वविद्यालय के विद्यार्थियों और जनता में इसे लेकर रोष है। मुख्यमंत्री अस्पताल में हैं। उन्होंने उनके जल्द स्वास्थ्य लाभ की प्रार्थना की है। अस्पताल से वापस आने पर वह उनसे फिर बात करेंगे और उनसे कहेंगे कि आठ सालों से रुका हुआ यह काम अब केवल 30 करोड़ रुपये के कारण अधूरा नहीं रहना चाहिए।