Hamirpur News: टौणी देवी के 27 गांवों में डायरिया बेकाबू, पीड़ितों का आंकड़ा 300 पार
हमीरपुर जिले में स्वास्थ्य खंड टौणी देवी की 12 पंचायतों के 27 गांवों में डायरिया की चपेट में आने वाले मरीजों का आंकड़ा 300 पार हो गया है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
स्वास्थ्य खंड टौणी देवी की 12 पंचायतों के 27 गांवों में डायरिया की चपेट में आने वाले मरीजों का आंकड़ा 300 पार हो गया है। कई ऐसे गांव भी हैं जहां डायरिया फैला है, लेकिन विभागीय टीम वहां नहीं पहुंच पाई है। स्वास्थ्य विभाग का दावा है कि सभी प्रभावित गांवों में स्क्रीनिंग कर ली गई है। सोमवार को विभाग की स्क्रीनिंग में 128 रिपोर्ट हुए और विभागीय आंकड़ा 223 पहुंचा है। डायरिया की चपेट में आने के बाद नागरिक अस्पताल टौणी देवी में 15 लोगों को भर्ती किया गया है। डायरिया से पीड़ित 10 मरीज रिकवर हो गए हैं। पांच लोग अस्पताल में दाखिल हैं। अधिकतर मरीज ग्वारडू, लोआखर, टौणौ देवी, चाहड़, टपरे, बारी, महाड़े, घलोट, सिसवा, भारी, खंदेहड़ा, लडयोह, झनिक्कर गांवों से संबंधित हैं। वहीं, ऊहल, भटेड़, उटपुर, पुरली, क्षेत्र में भी उल्टी दस्त के मरीज बढ़ते जा रहे हैं। कुछ मरीज पीएचसी ऊहल और उटपुर में भर्ती हुए हैं।
मरीजों का कहना है कि तीन दिन पहले अचानक उन्हें उल्टी-दस्त लग गए। मरीजों ने जल शक्ति विभाग की ओर से दी गई पेयजल की आपूर्ति पर भी सवाल खड़े किए हैं और आरोप लगाया है क्षेत्र में मटमैले पानी की सप्लाई हुई थी। उधर, सोमवार को जल शक्ति और स्वास्थ्य विभाग की टीमों ने फील्ड में उतर कर अलग-अलग जगहों से पानी के सैंपल लिए। इनमें जल शक्ति विभाग ने छह और स्वास्थ्य विभाग की टीम ने चार सैंपल लिए हैं। इनमें कुछ सैंपल पुराने जल स्रोतों और खातरियों आदि के भी भरे गए हैं।
खातरियों के पानी के सैंपल भी भरे
जलशक्ति विभाग के बारी अनुभाग के कनिष्ठ अभियंता नितिन भारद्वाज ने कहा कि कुल छह सैंपल बारी के टैंकों और मंदिर की खातरी से लिए गए हैं। रिपोर्ट आने पर ही असली स्थिति का पता चले। विभाग ने अपने सभी पेयजल टैंकों में ब्लीचिंग पाउडर का भी छिड़काव किया है। जल शक्ति विभाग के सहायक अभियंता राकेश का कहना है कि सभी पंचायतों में बने टैंकों से पानी के सैंपल लिए जा रहे हैं और सफाई करवाई जा रही है।
सावधानी बरतें लोग : सीएमओ
सीएमओ हमीरपुर डॉ. आरके अग्निहोत्री ने बताया कि बीएमओ टौणी देवी डॉ. अभिनीत शर्मा की निगरानी में विभाग की 26 टीमों ने क्षेत्र के 27 गांवों का दौरा करके लोगों की जांच की है। स्वास्थ्य विभाग की टीमें लोगों को आवश्यक दवाइयां, ओआरएस के पैकेट और क्लोरीन की गोलियां वितरित कर रही हैं। लोगों को पानी को उबाल कर ही पीने तथा अन्य आवश्यक सावधानियां बरतने की सलाह दी जा रही है। विभाग ने प्रभावित क्षेत्र से पानी के चार सैंपल लेकर जांच के लिए डॉ. राधाकृष्णन राजकीय मेडिकल कॉलेज हमीरपुर की प्रयोगशाला को भेजे हैं।