राजनीति: जुब्बल-कोटखाई में भाजपा मंडल समेत सभी मोर्चा पदाधिकारियों ने दिए इस्तीफे
चेतन बरागटा का टिकट कटने से नाराज भाजपा मंडल के सभी पदाधिकारियों ने अपने पदों से इस्तीफे दे दिए हैं। शुक्रवार को भाजपा मंडल अध्यक्ष ने पूरी कार्यकारिणी सहित अपना त्याग पत्र पार्टी हाईकमान को भेज दिया है। साथ ही युवा मोर्चा, महिला मोर्चा, किसान मोर्चा, भाजपा आईटी सेल के अध्यक्ष सहित सैकड़ों पदाधिकारियों ने पार्टी से त्याग पत्र दे दिया है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
हिमाचल प्रदेश के शिमला जिले के जुब्बल-नावर-कोटखाई(जेएनके) में भाजपा की परेशानियां बढ़ती जा रही हैं। विधानसभा उपचुनाव में पूर्व मंत्री नरेंद्र बरागटा के पुत्र चेतन बरागटा का टिकट कटने और पार्टी से छह साल के लिए निष्कासित करने से नाराज भाजपा मंडल के सभी पदाधिकारियों ने अपने पदों से इस्तीफे दे दिए। शुक्रवार को भाजपा मंडल अध्यक्ष गोपाल जबैईक ने पूरी कार्यकारिणी सहित अपना त्याग पत्र पार्टी हाईकमान को भेज दिया है। साथ ही युवा मोर्चा, महिला मोर्चा, किसान मोर्चा, भाजपा आईटी सेल के अध्यक्ष सहित सैकड़ों पदाधिकारियों ने पार्टी से त्याग पत्र दे दिया है। भाजपा जिला कार्यकारिणी में शामिल पदाधिकारियों ने भी अपने इस्तीफे दे दिए हैं।
ये भी पढ़ें : बागियों पर भाजपा का फैसला: निष्कासित होने के बाद कभी नहीं होगी पार्टी में वापसी
पार्टी से टिकट न मिलने पर उपचुनाव में चेतन बरागटा निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में चुनाव लड़ रहे हैं। भाजपा मंडल सहित बूथ स्तर के पदाधिकारी भी उनके साथ चुनाव अभियान में जुड़ गए। चेतन बरागटा के भाजपा प्रदेश आईटी संयोजक पद से निष्कासन के बाद शुक्रवार को भाजपा मंडल अध्यक्ष सहित भाजपा पदाधिकारियों ने अपने पदों से त्याग पत्र दे दिया है। महिला मोर्चा अध्यक्ष नैना तनेटा, युवा मोर्चा अध्यक्ष जतिन चौहान, किसान मोर्चा अध्यक्ष मनोज सुंटा ने कई पदाधिकारियों सहित त्याग पत्र पार्टी हाईकमान को भेज दिया। इसके अतिरिक्त भाजपा के बूथ स्तर से लेकर जिला स्तर के पदाधिकारियों में इस्तीफे देने की होड़ लग गई है। फेसबुक पर पोस्ट डालकर सभी अपने पदों से त्यागपत्र दे रहे हैं।
भाजपा मंडल अध्यक्ष गोपाल जबैईक ने बताया कि पार्टी की ओर से नरेंद्र बरागटा के निधन के बाद 15 दिन के अंदर उनके बेटे चेतन को जुब्बल-कोटखाई विधानसभा क्षेत्र में घुमाकर उन्हें पार्टी प्रत्याशी बताकर वोट की अपील की जा रही थी। भाजपा के सभी पदाधिकारी और कार्यकर्ता भी चेतन के लिए तीन माह से वोट मांग रहे थे। जब टिकट देने की बारी आई तो, मंडल के पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं को विश्वास में लिए बिना टिकट किसी और को दे दिया गया। अब भाजपा के सभी पदाधिकारी और कार्यकर्ता अपने सम्मान और अधिकारों की लड़ाई लड़ रहे हैं। सभी ने पार्टी आलाकमान को अपने इस्तीफे दे दिए हैं।
चेतन के लिए बोले खन्ना, खुद में दम है तो भाजपा के प्लेटफार्म और नाम का इस्तेमाल करना बंद करें
पार्टी पर धोखा देने के आरोप लगाने वाले चेतन बरागटा पर खन्ना ने जबरदस्त हमला बोला। कहा कि अगर वह इतने ही बड़े नेता हैं तो पार्टी के संसाधनों और नाम का इस्तेमाल करना बंद कर सीधे चुनाव मैदान में आएं। कहा कि पार्टी का हर कार्यकर्ता प्रत्याशी नीलम सरैइक के साथ है और उन्हें जिताने के लिए काम कर रहा है।
बता दें, जुब्बल-कोटखाई में अभी भी पार्टी के कई सोशल मीडिया प्लेटफार्मों से चेतन बरागटा का प्रचार किया जा रहा है। यह सभी सोशल मीडिया प्लेटफार्म पार्टी के हैं, लेकिन पार्टी के पदाधिकारी ही बागी बनकर उनका पार्टी के खिलाफ उपयोग कर रहे हैं।