फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Himachal Pradesh ›   Karwa Chauth 2026: Heading to the hills to catch a glimpse of the moon; the 'moon tourism' craze grows

करवाचौथ 2026: चांद देखने पहाड़ चढ़़ने लगे जोड़े, हिमाचल में मून टूरिज्म का क्रेज, होटलों के विशेष पैकेज जारी

Wed, 28 Oct 2026 05:30 AM IST
Krishan Singh अमर उजाला ब्यूरो, शिमला।
अमर उजाला ब्यूरो, शिमला। Published by: Krishan Singh Updated Wed, 28 Oct 2026 05:30 AM IST
सार

बड़े शहरों की भागदौड़, प्रदूषण और धुंध से दूर साफ वादियों में चांद का दीदार करने के लिए पर्यटक पहाड़ों का रुख कर रहे हैं। करवाचौथ के लिए होटल कारोबारियों और पर्यटन विकास निगम ने सरगी से लेकर व्रत के पारण तक के विशेष इंतजाम किए हैं।

विज्ञापन
Karwa Chauth 2026: Heading to the hills to catch a glimpse of the moon; the 'moon tourism' craze grows
शिमला में करवाचौथ के लिए मेहंदी लगवातीं महिलाएं। - फोटो : अमर उजाला नेटवर्क

विस्तार

 करवाचौथ पर इस बार पहाड़ों की रानी शिमला समेत हिमाचल के प्रमुख पर्यटन स्थलों में मून टूरिज्म का आकर्षण बढ़ रहा है। बड़े शहरों की भागदौड़, प्रदूषण और धुंध से दूर साफ वादियों में चांद का दीदार करने के लिए पर्यटक पहाड़ों का रुख कर रहे हैं। करवाचौथ के लिए होटल कारोबारियों और पर्यटन विकास निगम ने सरगी से लेकर व्रत के पारण तक के विशेष इंतजाम किए हैं। शिमला, मनाली, कसौली और धर्मशाला के होटलों और रिसॉर्ट्स में करवाचौथ को खास बनाने के लिए मून व्यू की व्यवस्था की जा रही है।

विज्ञापन
Trending Videos

होटलों में चांद देखने के लिए विशेष इंतजाम
होटलों में रूफटॉप, ओपन डेक और प्राइवेट बालकनी में चांद देखने के लिए विशेष इंतजाम किए गए हैं। कुछ रिसॉर्ट्स में खुले आंगनों में अलाव और लाइव सूफी संगीत के बीच व्रत खोलने की व्यवस्था भी की जा रही है। होटलों में तड़के चार बजे कमरों तक पारंपरिक सरगी थाली पहुंचाने की व्यवस्था है। इसमें मेवे, फेनियां, ताजे फल और मिठाइयां शामिल हैं। रात को व्रत खोलने के लिए सात कोर्स वाला रॉयल डिनर, सात्विक मेन्यू और कैंडल लाइट डिनर की सुविधा भी पैकेज का हिस्सा है। 

विज्ञापन
विज्ञापन

 सामूहिक कथा, पूजा मंडप, आरती और थाली की व्यवस्था
परिवार से दूर रह रही महिलाओं के लिए रिसॉर्ट्स में सामूहिक कथा, पूजा मंडप, आरती और थाली की व्यवस्था की जा रही है, साथ ही ऑन-डिमांड मेहंदी आर्टिस्ट और ब्राइडल टच-अप सैलून सेवाएं भी उपलब्ध कराई जा रही हैं। पर्यटन कारोबारियों के अनुसार, करवाचौथ पर हिमाचल के पर्यटन स्थलों में पर्यटकों की आवाजाही बढ़ने की उम्मीद है। एडवांस बुकिंग के बीच होटल और रेस्टोरेंट कारोबारी पर्यटकों को पर्व से जुड़ा खास अनुभव देने की तैयारी कर रहे हैं।

विज्ञापन

क्या कहते हैं होटल कारोबारी
होटल और रेस्टोरेंट कारोबारी इस बार करवाचौथ पर मून टूरिज्म को लेकर खास तैयारियां कर रहे हैं। पर्यटकों को करवाचौथ का यादगार अनुभव देने के लिए ठहरने, खानपान और अन्य सुविधाओं पर विशेष फोकस किया जा रहा है।- देवेंद्र वर्मा, अध्यक्ष, फेडरेशन ऑफ होटल एंड रेस्टोरेंट्स एसोसिएशन, हिमाचल प्रदेश

निगम के होटलों में करवाचौथ के लिए विशेष पैकेज जारी किए गए हैं। व्रत से संबंधित जरूरी सामान उपलब्ध करवाने की व्यवस्था भी की जाएगी, ताकि पर्यटकों को पर्व मनाने में परेशानी न हो। 10 फीसदी छूट की भी घोषणा की गई है।
- अनिल तनेजा, महाप्रबंधक, पर्यटन विकास निगम

बड़ी संख्या में पर्यटकों के हिमाचल के पर्यटन स्थलों का रुख करने की उम्मीद है। ट्रैवल एजेंट्स के पास एडवांस बुकिंग आ रही हैं। करवाचौथ पर पर्यटन गतिविधियों में तेजी आने से कारोबार को भी लाभ मिलेगा। आगामी टूरिस्ट सीजन में भी बढि़या कारोबार की उम्मीद है। - मनु सूद, उपाध्यक्ष, ट्रैवल एजेंट्स एसोसिएशन

करवाचौथ की मेहंदी में घूला महंगाई का रंग
वहीं करवाचौथ को लेकर शिमला में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। करवाचौथ 29 अक्तूबर को मनाया जाएगा। व्रत से दो दिन पहले ही महिलाओं ने हाथों में मेहंदी रचाना शुरू कर दिया है। मंगलवार को मालरोड, रिज मैदान, टका बेंच और शहर के अन्य क्षेत्रों में मेहंदी लगवाने के लिए महिलाओं की भीड़ उमड़ी। इस वर्ष मेहंदी के दामों में भी 100 से 200 रुपये तक की बढ़ोतरी हुई है। करवाचौथ के चलते मेहंदी लगाने के हुनर में माहिर महिलाओं और युवतियों के लिए भी अच्छी आमदनी का अवसर बन गया है। मालरोड पर एक हाथ में मेहंदी लगाने के लिए 150 रुपये लिए जा रहे हैं, जबकि दोनों हाथों और पैरों में मेहंदी लगवाने का पैकेज 600 रुपये तक पहुंच गया है। टका बेंच पर एक हाथ में मेहंदी लगाने के दाम 300 रुपये से शुरू हो रहे हैं।

12 वर्षों से करवाचौथ पर टका बेंच के पास मेहंदी लगवाने आ रही: संचिता 
मेहंदी लगवाने पहुंचीं संचिता गुप्ता ने बताया कि वह 12 वर्षों से करवाचौथ पर टका बेंच के पास मेहंदी लगवाने आ रही हैं। यहां कुशल मेहंदी विशेषज्ञ उपलब्ध रहते हैं। पहले मेहंदी लगवाने का चलन इतना अधिक नहीं था लेकिन अब महिलाओं में विशेषज्ञों से मेहंदी लगवाने का क्रेज बढ़ा है। शहर के लोअर बाजार सहित उपनगरों के छोटे बाजारों में भी करवाचौथ की खरीदारी के लिए महिलाओं की भीड़ उमड़ रही है। हर वर्ष की तरह इस बार भी महिलाओं में त्योहार को लेकर खासा उत्साह है।

रिज मैदान में करती हैं चांद का दीदार
करवाचौथ के अवसर पर हर वर्ष राजधानी के ऐतिहासिक रिज मैदान पर महिलाएं चांद का दीदार करती हैं। इस दौरान शाम होते ही रिज मैदान और स्कैंडल पॉइंट के आसपास विवाहित जोड़ों की चहल-पहल बढ़ने लगती है। शहर और आसपास के क्षेत्रों के अलावा दूरदराज से आने वाली स्थानीय तथा पर्यटक महिलाएं भी रिज मैदान पर एकत्र होती हैं। महिलाएं चांद निकलने का इंतजार करती हैं और चंद्रमा को अर्घ्य देकर निर्जला व्रत खोलती हैं। इस दौरान रिज मैदान और स्कैंडल पॉइंट पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए जाते हैं।

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed