JEE Main Result: अमृत कौशल बने हिमाचल के टॉपर, ऐसे हासिल किया मुकाम
JEE Main Topper 2024: अमृत कौशल हिमाचल प्रदेश के टॉपर रहे हैं। अमृत शिमला के रहने वाले हैं।
विस्तार
जेईई मेन 2024 में 56 छात्रों को 100 पर्सेंटाइल मिला है। वहीं, अमृत कौशल हिमाचल प्रदेश के टॉपर रहे हैं। अमृत शिमला के रहने वाले हैं। इनके पिता डॉ. अंकुर और डॉ. सोनिया निजी क्लीनिक चलाते हैं। अमृत कौशल हर रोज छह से सात घंटे पढ़ाई करते हैं। पढ़ाई का तनाव कम लेते हैं। अमृत कंप्यूटर इंजीनियर बनना चाहते हैं। न्यू शिमला के रहने वाले अमृत ने सेंट एडवर्ड स्कूल से दसवीं, जेसीबी न्यू शिमला से 12वीं और जेईई मेन की परीक्षा के लिए एस्पायर अकादमी से कोचिंग ली।
अमृत ने बताया कि बचपन से उनकी रूचि गणित विषय में ज्यादा रही है। सोशल मीडिया के बढ़ते प्रचलन पर अमृत ने कहा कि इसका ज्यादा प्रयोग हानिकारक हो सकता है। सोशल मीडिया का दायरा लगातार बढ़ता जा रहा है। इसे जरूरत के अनुसार की प्रयोग करें। पढ़ाई के साथ अमृत टेबल टेनिस के भी अच्छे खिलाड़ी हैं।
अमृत ने बताया कि वह पढ़ाई का तनाव कम लेते हैं, अगर कभी तनाव होने लगे तो वह टेबल टेनिस खेलकर तनाव को भगाते हैं। वे राज्य स्तरीय टेबल टेनिस प्रतियोगिता भी खेल चुके हैं। उन्होंने बताया कि बड़ी बहन भी कंम्प्यूटर इंजीनियर हैं।
अमृत ने अपनी सफलता का श्रेय परिजनों और अकादमी के अध्यापकों को दिया। अमृत के पिता डॉ़ अंकुर कौशल ने बताया कि बेटे की बचपन से पढ़ाई में रुचि रही है। अमृत के पिता और माता डॉ़ सोनिया कौशल निजी क्लीनिक चलाते हैं। अमृत ने युवाओं को संदेश देते हुए कहा कि आने वाले लोकसभा चुनाव में बढ़ चढ़कर मतदान करें और पसंदीदा प्रत्याशी को विजयी बनाएं।
दिहाड़ीदार के बेटों ने बिना कोचिंग पास कर ली जेईई मेन की परीक्षा
वहीं, चंबा में दिहाड़ी लगाकर परिवार का भरण पोषण करने वाले सूरज प्रकाश के बेटों ने जेईई मेन परीक्षा पास की है। गौरव और सौरभ की सफलता पर बधाई देने वालों का तांता लगा हुआ है। बड़ी बात यह है कि दोनों भाइयों ने बिना किसी कोचिंग और मार्गदर्शन के यह उपलब्धि हासिल की है। दोनों ने इसका श्रेय माता सीमा देवी, पिता सूरज प्रकाश और शिक्षकों को दिया।
दोनों सुभाष चंद्र बोस मेमोरियल राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय डलहौजी के विद्यार्थी हैं और धूड़ासपड़ गांव के रहने वाले हैं। पिता दिहाड़ी और खेतीबाड़ी कर परिवार चलाते हैं। अब दोनों भाई जेईई एडवांस की परीक्षा की तैयारी में जुट गए हैं। जेईई मेन की परीक्षा में गौरव ने 85.61 प्रतिशत और सौरभ ने 89.08 प्रतिशत हासिल कर स्कूल का नाम रोशन किया है।