राज्य सहकारी बैंक के ग्राहक भी उठा सकेंगे यूपीआई, भीम पे एप का लाभ
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
राज्य सहकारी बैंक के ग्राहक भी अब यूपीआई और भीम पे-ऐप का लाभ उठा सकेंगे। शनिवार को राजधानी शिमला से सटे बैंक के प्रशिक्षण संस्थान सांगटी में हुए 54वें साधारण अधिवेशन में डिजिटल बैंकिंग सुविधाएं उपलब्ध करवाने का फैसला लिया गया। अब इन दोनों डिजिटल एप्लीकेशन में सहकारी बैंक का गेटवे भी मिलेगा। अध्यक्ष खुशीराम बालनाटाह की अध्यक्षता में हुए अधिवेशन में बैंक ने अपने आईटी आधार को सुदृढ़ करते हुए केंद्र सरकार की कंपनी मैसर्ज आईटीआई लिमिटेड के साथ समझौता ज्ञापन कर बंगलूरू में डिजास्टर रिकवरी साइट स्थापित कर काम शुरू कर दिया है।
अब बैंक के ग्राहकों का पूरा डाटा शिमला के अलावा बंगलूरू में भी सुरक्षित होना शुरू हो जाएगा। अधिवेशन में फैसला लिया गया कि जो क्षेत्र अभी तक बैंकिंग पहुंच से बाहर हैं, उन स्थानों को माइक्रो एटीएम व पीओएस के माध्यम से जोड़ा जाएगा। सहकारी सभाओं की आर्थिकी को मजबूत करने की दिशा में बैंक ने इन सभाओं को बतौर डिपॉजिट मोबालाइजेशन एजेंट के रूप में जोड़ने का भी निर्णय लिया।
इस अवसर पर अध्यक्ष बालनाटाह ने एनपीए के बेहतर प्रबंधन की दिशा में कारगर योजना व प्रभावी वसूली प्रक्रिया को अपनाकर काम करने की पहल पर बल दिया। अवसादित व कालातीत हो चुके ऋणों के निपटारे के लिए लोक अदालत के माध्यम से निस्तांतरण योजना बैंक प्रबंधन के विचाराधीन है।
साधारण अधिवेशन में वर्ष 2017-18 और 2018-19 वित्त वर्षों से संबंधित बैंक का सालाना लेखा-जोखा, बैंक द्वारा सकल व्यवसाय में वृद्धि, जमाधन, ऋण वितरण व वसूली प्रक्रिया तथा अन्य व्यवसाय उन्मुखी कार्यकलाप को लेेकर भी विस्तृत चर्चा हुई।
अधिवेशन में निदेशक शेर सिंह ठाकुर, बलदेव भंडारी, प्रियव्रत शर्मा, पीतांबर दास नेगी, रामगोपाल ठाकुर, प्रेमलाल सोनी, राकेश गौतम, द्रौपति ठाकुर, विनय नेगी, गणेश दत्त, विजय ठाकुर, विनोद कुमार, प्रबंध निदेशक डॉ. पंकज ललित, महाप्रबंधक डॉ. आरपी नैंटा सहित कई अन्य मौजूद रहे।
बैंक ने मुख्यमंत्री को सौंपा एक करोड़ का ड्राफ्ट
साधारण अधिवेशन से पूर्व राज्य सहकारी बैंक ने मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर को मुख्यमंत्री राहत कोष के लिए एक करोड़ की राशि का ड्राफ्ट भेंट किया। मुख्यमंत्री के सरकारी आवास ओक ओवर में बैंक के अध्यक्ष खुशीराम बालनाटाह की अगुवाई में मिले प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री को बैंक की विभिन्न योजनाओं से भी अवगत कराया।