Himachal weather: धौलाधार में पहला हिमपात, भारी बारिश से ऊना में आलू की फसल तबाह, घरों में घुसा पानी
प्रदेश में मूसलाधार बारिश से दुश्वारियों का दौरा जारी है। गगरेट और अंब क्षेत्र में मूसलाधार बारिश ने जनजीवन खासा प्रभावित किया। बारिश से इन क्षेत्रों में रेल यातायात भी प्रभावित हुआ है।
विस्तार
हिमाचल प्रदेश में मूसलाधार बारिश से दुश्वारियों का दौरा जारी है। प्रदेश की ऊपरी चोटियों पर बर्फबारी के दौर के बीच धर्मशाला में धौलाधार की पहाड़ियों पर सीजन का पहला हिमपात हुआ है। खराब मौसम के चलते पांच घंटों के लिए मणिमहेश यात्रा रोकनी पड़ी। ऊना में चलती गाड़ी पर पहाड़ी से मलबा आ गिरा, जिससे उसमें आग लग गई। गनीमत यह रही कि चालक समय रहते निकल गया। उधर, कांगड़ा जिले में इंद्रुनाग पैराग्लाइडिंग साइट पर खराब मौसम के कारण लगातार दूसरे दिन भी साहसिक गतिविधियां नहीं हो पाईं। नगरोटा सूरियां के भटेहड़ गांव में एक स्लेटपोश मकान बारिश की भेंट चढ़ गया है। मकान में रह रहा दंपती बाल-बाल बचा है। बारिश और बर्फबारी से प्रदेश के तापमान में गिरावट आई है। 25 सितंबर तक प्रदेश के कई क्षेत्रों में मौसम खराब रहने का पूर्वानुमान है। जिला कुल्लू और लाहौल में पांच दिन से मौसम खराब है। मंगलवार को रोहतांग दर्रा के साथ कुंजम दर्रा, बारालाचा, शिंकुला, जिंगजिंगबार में बर्फबारी से मौसम ठंडा हो गया है। बारिश से बागवानी का सीजन प्रभावित हो रहा है। हालांकि मटर व लहसुन की बिजाई के लिए बारिश को लाभदायक माना जाना रहा है।
सोमभद्रा ने फिर दिखाया रौद्र रूप, दो घंटे बंद रहा घालूवाल पुल
जिले के अंब, गगरेट व दौलतपुर क्षेत्र में सोमवार देर रात शुरु हुई मूसलाधार बारिश का दौर करीब आठ घंटे जारी रहा। इससे इन क्षेत्रों के नदी-नाले अचानक उफान पर आ गए। देखते ही देखते पानी रिहायशी इलाकों, दुकानों और सार्वजनिक इमारतों में घुस गया। वहीं नालों और खड्डों के उफान पर आने के बाद सोमभद्रा नदी ने भी अपना रौद्र रूप दिखाया। देखते ही देखते सोमभद्रा का जलस्तर तटीकरण के दोनों छोर के साथ तेज गति के साथ बहने लगा। इसे देखते हुए एहतियात के तौर पर ऊना और होशियारपुर को जोड़ने वाले घालूवाल पुल को दो घंटे के लिए बंद कर दिया गया। यातायात को वैकल्पिक मार्गों से भेजा गया। उधर, अंब-चिंतपूर्णी मार्ग पर भी अलोह में सड़क पर मलबा और पेड़ गिर गया। इससे करीब 45 मिनट तक यातायात बाधित रहा।
घरों में घुसा पानी
वहीं दौलतपुर चौक के कैलाशनगर, रामनगर एवं कुनेरन के 20 से 25 घरों में पानी घुसने से भारी नुकसान हुआ। उधर ऊना से होशियारपुर सड़क मार्ग के सबसे अहम घालूवाल पुल को सोमभद्रा नदी का रौद्र रूप देख दोपहर 12:00 बजे से दो बजे तक बंद रखना पड़ा। बारिश से लोक निर्माण विभाग एवं बिजली विभाग को काफी नुकसान हुआ। भंजाल वार्ड के जिला पार्षद सुशील कालिया ने मंगलवार को नुकसान का जायजा लिया। उधर, बारिश के चलते कुटलैहड़ विधानसभा क्षेत्र के तहत बीहडू में भी बड़ा ल्हासा सड़कों के बीचोबीच गिर गया। इससे सड़क के दोनों ओर जाम लगने लगा। करीब दो घंटे चले कार्य के बाद ऊना-बीहडू रोड़ को यातायात के लिए बहाल किया गया।
अंब और गगरेट के स्कूलों में रहा अवकाश
घर के बाहर खड़ी कार बही
बरसात के तेज बहाव में सिविल अस्पताल अंब के समीप एक घर के बाहर खड़ी कार पानी के तेज बहाव के साथ बह गई और पहाड़ी नाले में होती हुई लगभग आधा किलोमीटर दूर पहुंच गई। इस कारण कार पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई। इसके अलावा सलूरी में भी एक व्यक्ति खड्ड के तेज बहाव में फंस गया। उसके बचाव के लिए प्रशासनिक टीम मौके पर भेजी गई। उसे खड्ड से बाहर निकाला गया। अंब बाजार में विशेष रूप से बस अड्डा परिसर, नैहरियां रोड बाजार में पानी तेज बहाव के साथ दुकानों और अंब थाना परिसर में घुस गया। भारी मात्रा में सिल्ट भी दुकानों में भर गई। करियाना दुकान के मालिक राजकुमार गोस्वामी ने बताया कि उनकी दुकान में पानी घुस आने के कारण लगभग दो लाख रुपए से अधिक का नुकसान है।
अंब और दौलतपुर चौक के बीच रेलवे ट्रैक पर आया मलबा
गगरेट और अंब क्षेत्र में मूसलाधार बारिश ने जनजीवन खासा प्रभावित किया। बारिश से इन क्षेत्रों में रेल यातायात भी प्रभावित हुआ है। गुजरात से चलकर ऊना, अंब और दौलतपुर चौक तब आवागमन करने वाली साबरमती एक्सप्रेस नंगल और दौलतपुर चौक रेलवे स्टेशन के बीच रद्द रही। अंब अंदौरा और दौलतपुर चौक रेलवे ट्रैक पर बारिश के चलते मलवा आ पहुंचा। इस पर साबरमती एक्सप्रेस के पहिये नंगल रेलवे स्टेशन पर ही रोकने पड़े। इससे ऊना, अंब-अंदौरा सहित दौलतपुर चौक तक आने वाले यात्रियों को अधूरे सफर की समस्या का सामना करना पड़ा।
नंगल से अपने साधनों या फिर बसों के माध्यम से जिला ऊना के गंतव्यों तक पहुंचना पड़ा। साबरमती एक्सप्रेस गुजरात से चलकर 11:45 पर दौलतपुर चौक रेलवे स्टेशन पर पहुंचती है। इससे पूर्व यह ट्रेन ऊना रेलवे स्टेशन पर 11 बजे सुबह पहुंच कर यात्रियों को यात्रा लाभ प्रदान करती है। जबकि वापसी में साबरमती एक्सप्रेस दौलतपुर चौक से दोपहर 02:25 पर चलकर अंब में 02:40 व ऊना से दोपहर 03:04 बजे पहुंचकर आगामी सफर तय करती है। लेकिन मंगलवार को इस यात्रा से यात्रियों को महरूम रहना पड़ा। रेलवे स्टेशन ऊना के अधीक्षक रोदाश सिंह ने बताया कि साबरमती एक्सप्रेस नंगल स्टेशन तक ही आई। बाकी ट्रेनें समय पर आईं और गईं हैं।