Himachal Weather: हिमाचल के सात जिलों में दो दिन भारी बारिश-बर्फबारी का ऑरेंज अलर्ट, 168 सड़कें अभी भी ठप
मौसम विज्ञान केंद्र शिमला ने प्रदेश में दो दिन भारी बारिश और बर्फबारी का ऑरेंज अलर्ट जारी कर दिया है। पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता से प्रदेश में मौसम फिर बिगड़ने के आसार हैं।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता से हिमाचल प्रदेश में मौसम फिर बिगड़ने के आसार हैं। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला ने प्रदेश में दो दिन भारी बारिश और बर्फबारी का ऑरेंज अलर्ट जारी कर दिया है। प्रदेश के मध्य व उच्च पर्वतीय सात जिलों में 29 और 30 जनवरी को भारी बारिश-बर्फबारी का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। वहीं, निचले व मैदानी भागों में ओलावृष्टि के साथ अंधड़ चलने का अलर्ट है। 31 से बारिश-बर्फबारी के क्रम में कमी आने की संभावना है। 1 फरवरी से मौसम साफ रहने के आसार हैं। वहीं, शनिवार को राजधानी शिमला सहित अधिकांश क्षेत्रों में धूप रही। ऊना में अधिकतम तापमान 25.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ। जिला कुल्लू और लाहौल में सुबह से मौसम खराब रहा। ठंड के कारण लोग घरों में दुबके रहे। दोपहर बाद रोहतांग दर्रा, कुंजम दर्रा, बारालाचा सहित सीबी रेंज की पहाड़ियों में रुक-रुककर बर्फ के फाहें गिरते रहे। मनाली-लेह मार्ग फोर बाई फोर वाहनों के लिए खुला रहा, लेकिन घाटी में 150 से अधिक सड़क मार्ग बंद हैं। जिला कुल्लू में भी 10 सड़कों पर यातायात ठप है। प्रशासन ने लोगों व सैलानियों से हिमस्खलन के खतरे को देखते हुए बर्फीले इलाकों की ओर नहीं जाने की हिदायत दी है।
इन जिलों के लिए जारी हुआ अलर्ट
मौसम विभाग के अनुसार शनिवार रात से ताजा पश्चिमी विक्षोभ राज्य को प्रभावित कर सकता है। इसके प्रभाव से 29 और 30 जनवरी को कुल्लू, किन्नौर, लाहौल-स्पीति, चंबा, कांगड़ा, मंडी, सिरमौर, शिमला के ऊंचाई वाले भागों में बर्फबारी होने की संभावना है। निचले इलाकों के अधिकांश स्थानों पर बारिश होने की संभावना है। मध्य व उच्च पर्वतीय जिलों चंबा, कांगड़ा, कुल्लू, मंडी, शिमला, लाहौल-स्पीति और किन्नौर के कई भागों में भारी बारिश-बर्फबारी का ऑरेंज अलर्ट है। संबंधित डीसी से खराब मौसम की संभावना को देखते हुए आवश्यक सेवाओं और पर्यटकों की आवाजाही पर निगरानी रखने का अनुरोध किया गया है। स्थानीय लोगों व पर्यटकों को संबंधित विभागों की ओर से जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की सलाह दी गई है। लोगों को नदी-नालों से दूर रहने और अनावश्यक पहाड़ी क्षेत्रों में आवाजाही नहीं करने की हिदायत दी गई है।
168 सड़कें और 138 बिजली ट्रांसफार्मर अभी भी ठप
हिमाचल प्रदेश में शनिवार शाम तक 168 सड़कें और 138 बिजली ट्रांसफार्मर ठप रहे। चंबा और लाहौल-स्पीति में जनजीवन प्रभावित हो गया है। हिमखंड गिरने से बाधित अटल टनल रोहतांग से शनिवार को वाहनों की आवाजाही हुई। लाहौल-स्पीति में 140, चंबा में 13, कुल्लू में सात, शिमला में छह और कांगड़ा में दो सड़कों पर आवाजाही ठप रही। चंबा में 133 और लाहौल-स्पीति में पांच बिजली ट्रांसफार्मर खराब होने से कई क्षेत्रों में बिजली संकट गहरा गया है। चंबा में 23 और लाहौल-स्पीति में दो पेयजल योजनाएं भी प्रभावित हैं।
न्यूनतम तापमान
शिमला में न्यूनतम तापमान 7.2, सुंदरनगर 1.6, भुंतर 1.1, कल्पा माइनस 0.5, धर्मशाला 7.2, ऊना 3.4, नाहन 9.0, केलांग 11.5, पालमपुर 5.0, सोलन 2.5, मनाली 1.4, कांगड़ा 4.5, मंडी 3.2, भुंतर 7.0, हमीरपुर 5.8 चंबा 3.8, डलहौजी 6.5, जुब्बड़हट्टी 7.8, कुफरी 6.0, नारकंडा 2.2, कसौली 10.2, रिकांगपिओ 2.2, सेऊबाग 0.8, धौलाकुआं 6.0, बरठीं 7.0, पांवटा साहिब 10.0 और सराहन 3.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है।
