Himachal: नशा मुक्ति केंद्रों में हेल्पलाइन नंबर करेगा मरीजों की समस्या का समाधान, जानें क्या है पूरा प्लान
नशा मुक्ति और पुनर्वास केंद्र संचालक समिति जल्द ही एक हेल्पलाइन नंबर जारी करेगी। इससे नशा मुक्ति केंद्रों में भर्ती मरीजों को सहायता मिलेगी और उनकी शिकायतों का समाधान भी किया जाएगा।
विस्तार
हिमाचल प्रदेश नशा मुक्ति और पुनर्वास केंद्र संचालक समिति जल्द ही एक हेल्पलाइन नंबर जारी करेगी। इससे नशा मुक्ति केंद्रों में भर्ती मरीजों को सहायता मिलेगी और उनकी शिकायतों का समाधान भी किया जाएगा। हेल्पलाइन के माध्यम से केंद्रों की कार्यप्रणाली को अधिक पारदर्शी और प्रभावी बनाया जाएगा। सुंदरनगर के कांगू में हिमाचल प्रदेश नशा मुक्ति और पुनर्वास केंद्र संचालकों की बैठक हुई। इसमें राज्य कार्यकारिणी समिति का गठन किया गया और नशा उन्मूलन के लिए नई रणनीतियों पर चर्चा हुई। बैठक में प्रदेशभर के संचालकों ने भाग लिया और नशा मुक्ति केंद्रों को अधिक संगठित और प्रभावी बनाने के लिए विभिन्न प्रस्तावों पर सहमति जताई। सभी ने नशा मुक्त हिमाचल के लक्ष्य को साकार करने के लिए मिलकर कार्य करने का संकल्प लिया।
राज्य कार्यकारिणी समिति के महासचिव विशाल शर्मा ने बताया कि नशा मुक्ति केंद्रों में कार्यरत स्टाफ को आधुनिक उपचार विधियों से प्रशिक्षित किया जाएगा। इसके साथ ही नशा उन्मूलन और पुनर्वास की सकारात्मक छवि बनाने के लिए विभिन्न जागरूकता कार्यक्रम किए जाएंगे। अनियमितताओं पर निगरानी रखने और आवश्यक सुधार सुनिश्चित करने के लिए अनुशासन समिति गठित की गई है। संचालकों को कानूनी सुरक्षा प्रदान करने और सरकारी अनुदान योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए सहायता दी जाएगी। इसके अलावा नशा मुक्ति से जुड़े आंकड़ों का अध्ययन कर नीतिगत सुधार किए जाएंगे।
सिरमौर के अंशुल शर्मा को बनाया प्रदेश अध्यक्ष
बैठक में प्रदेश स्तरीय राज्य कार्यकारिणी समिति का गठन किया गया, जिसमें सिरमौर के अंशुल शर्मा को प्रदेश अध्यक्ष बनाया गया। इसके अलावा कुल्लू के विशाल शर्मा को महासचिव, ऊना के मनोज कौशल को उपाध्यक्ष, ऊना के इंद्र वालिया को कोषाध्यक्ष और शिमला हाईकोर्ट के प्रणव शर्मा को लीगल एडवाइजर, जबकि मंडी के असीम मेहरा को मीडिया प्रभारी बनाया गया। वहीं, पालमपुर के दयानंद शर्मा और हमीरपुर के आयुष शर्मा को शिकायत एवं अनुशासन समिति के प्रमुख की जिम्मेदारी दी गई।
नशे का प्रसार रोकने के लिए सहयोग देगा विपक्ष : नंदा
भाजपा प्रदेश मीडिया प्रभारी करण नंदा ने राजभवन में राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ल से भेंट की। इस दौरान प्रदेश में बढ़ती नशे की समस्या की रोकथाम पर चर्चा की गई। नंदा ने राज्यपाल को आश्वस्त करवाया कि नशे का प्रसार रोकने के लिए भाजपा राजनीति से ऊपर उठ कर सहयोग करेगी। नशे की तस्करी करने वालों को लेकर कोई भी जानकारी मिलने पर लिखित सूचना संबंधित प्राधिकरण को दी जाएगी। नंदा ने राज्यपाल को जन्मदिन की शुभकामनाएं भी दीं। नंदा ने राज्यपाल को जन्मदिन की शुभकामनाएं भी दीं।