धर्मशाला: तिब्बती धर्मगुरु दलाई लामा से मिले सीएम सुखविंद्र सिंह सुक्खू, सुधीर पर साधा निशाना
सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने कहा कि दलाई लामा से मुलाकात कर एक अलग से अनुभूति होती है। वह शांति, दया और करुणा के सच्चे प्रतीक हैं और उनकी शिक्षाएं दुनियाभर के लिए प्रेरणादायी हैं।
विस्तार
मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने शुक्रवार सुबह मैक्लोडगंज में तिब्बती धर्मगुरु दलाई लामा से मुलाकात कर उनका आशीर्वाद लिया। सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने कहा कि दलाई लामा से मुलाकात कर एक अलग से अनुभूति होती है। वह शांति, दया और करुणा के सच्चे प्रतीक हैं और उनकी शिक्षाएं दुनियाभर के लिए प्रेरणादायी हैं। इस मौके पर उनके साथ नगर निगम धर्मशाला की महापौर नीनू शर्मा और कांग्रेस प्रत्याशी देवेंद्र सिंह जग्गी भी उपस्थित रहे। दरअसल, धर्मशाला विधानसभा क्षेत्र में तिब्बती समुदाय के 15 हजार लोग रहते हैं। इसमें से 807 तिब्बतियों ने अपने मतदाता पहचान पत्र भी बनाए हैं। अब सभी राजनीतिक दल इन तिब्बती वोटरों को साधने में जुटे हुए हैं। इससे पूर्व में मंडी लोकसभा क्षेत्र से भाजपा प्रत्याशी कंगना राणाैत और धर्मशाला विस उपचुनाव में भाजपा प्रत्याशी सुधीर शर्मा भी दलाई लामा से आशीर्वाद ले चुके हैं।
#WATCH | After meeting Tibetan spiritual leader Dalai Lama, Himachal Pradesh CM Sukhvinder Singh Sukhu says, "I took the blessings. He (Dalai Lama) said that Himachal Pradesh is a very beautiful state, India is a very beautiful country and there is a lot of respect for all… pic.twitter.com/M0m9AvTs1T
— ANI (@ANI) May 24, 2024विज्ञापन
जनसेवक नहीं धनसेवक हैं सुधीर शर्मा: सुक्खू
मुख्यमंत्री ने शुक्रवार सुबह धर्मशाला विस के श्यामनगर में स्थित गोरखा भवन में पहुंचकर कांग्रेस प्रत्याशी के पक्ष में एक चुनावी जनसभा में शिरकत की। मुख्यमंत्री सुक्खू ने बागी विधायक सुधीर शर्मा पर निशाना साधते हुए कहा कि वह चुनाव जीतने के बाद न तो विस के सत्र में आए, न लोगों के लिए अपने घर की दरवाजे खोल और न मोबाइल फोन उठाया। उन्होंने कहा कि सुधीर शर्मा जनसेवक नहीं केवल धनसेवक हैं। उन्होंने धर्मशाला के आसपास करोड़ों रुपये की संपत्तियां खरीदीं। सुक्खू ने कहा कि जनता की भावनाओं का सौदा करने वाले व्यक्ति व राजनीतिक पार्टी को सबक सिखाना जरूरी है। ताकि भविष्य में कोई भी व्यक्ति जनता की भावनाओं को खरीदने का काम न करे। उन्होंने कहा कि प्रदेश कांग्रेस सरकार के पास पूर्ण बहुमत है और सरकार अपना पांच साल का कार्यकाल पूरा करेगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि जो अपने परिवार, पार्टी का न हुआ वह जनता का कभी नहीं हो सकता। ऐसे व्यक्ति जीवनभर धोखा देते हैं। गुरुवार शाम को धर्मशाला पहुंचकर मुख्यमंत्री ने पासू, मंदल, योल और खनियारा में देर रात तक चार जनसभाएं कीं। जिसके चलते उनकी तबीयत खराब हो गई। गला खराब होने के बावजूद मुख्यमंत्री ने शुक्रवार सुबह भी कांग्रेस प्रत्याशी के लिए जनसभा में खूब जोश दिखाया। मुख्यमंत्री ने कहा कि उनकी तबीयत खराब है, लेकिन उन्हें यकीन है कि धर्मशाला की जनता सच्च का साथ देगी। जिससे धन बल हारेगा और जन बल जीतेगा।