{"_id":"607ea54251b09928044ae58d","slug":"coronavirus-update-himachal-govt-imposed-new-restrictions-only-50-people-will-be-able-to-attend-weddings-buses-will-run-with-50-percent-capacity","type":"feature-story","status":"publish","title_hn":"हिमाचल: अब शादी समारोह में शामिल हो सकेंगे इतने लोग, 50 फीसदी क्षमता के साथ चलेंगी बसें","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
हिमाचल: अब शादी समारोह में शामिल हो सकेंगे इतने लोग, 50 फीसदी क्षमता के साथ चलेंगी बसें
Tue, 20 Apr 2021 09:08 PM IST
Krishan Singh
अमर उजाला नेटवर्क, शिमला
अमर उजाला नेटवर्क, शिमला
Published by: Krishan Singh
Updated Tue, 20 Apr 2021 09:08 PM IST
सार
मंगलवार को मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने पत्रकारों से बातचीत में इसकी जानकारी दी। उन्होंने कहा कि 23 अप्रैल के बाद मंदिरों में सिर्फ पूजा-अर्चना होगी। वहीं, सरकारी कार्यालयों में 5 डे वीक होगा।
विज्ञापन
मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर
- फोटो : अमर उजाला
विस्तार
कोरोना के बढ़ते मामलों को देखते हुए हिमाचल सरकार ने मंगलवार को और बंदिशें लगाने का फैसला लिया है। नई बंदिशों के तहत पूरे प्रदेश में शादी समारोहों और अंतिम संस्कार में सिर्फ 50 लोग ही शामिल हो सकेंगे। सभी शिक्षण संस्थान बच्चों और शिक्षकों के लिए एक मई तक बंद रहेंगे, जबकि गैर शिक्षण स्टाफ के लिए शिक्षा विभाग अलग से आदेश जारी करेगा।
विज्ञापन
हालांकि शिक्षण संस्थान परीक्षाएं सुचारु रूप से करवा सकेंगे। एक मई तक लागू इस व्यवस्था के अनुसार शनिवार और रविवार को सरकारी दफ्तर बंद रहेंगे। बसों में अंतरराज्यीय व अंतर जिला संचालन कुल क्षमता का 50 फीसदी सवारियों के साथ ही हो सकेगा। जिला प्रशासन अगर चाहे तो इन आदेशों में और सख्ती कर सकता है। सरकार के फैसले के बाद हिमाचल पथ परिवहन निगम (एचआरटीसी) ने बाहरी राज्यों के लिए बसों के रूट मर्ज करने के निर्देश जारी किए हैं।
विज्ञापन
मंगलवार को मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने पत्रकारों से बातचीत में इसकी जानकारी दी। नए आदेशों के तहत सरकारी दफ्तरों में फाइव डे वीक व्यवस्था फिर से लागू कर दी गई है। शनिवार को कर्मचारी घर से काम (वर्क फ्रॉम होम) करेंगे। सोमवार से शुक्रवार तक तृतीय और चतुर्थ श्रेणी के 50 प्रतिशत कर्मचारी ही दफ्तर आएंगे, जबकि बाकी वर्क फ्रॉम होम करेंगे। दिव्यांग और गर्भवती कर्मचारी दफ्तर नहीं आएंगे।
विज्ञापन
23 अप्रैल से श्रद्धालुओं के लिए मंदिरों के कपाट बंद रहेंगे। मंदिरों पूजा रोजाना की तरह मंदिर पुजारी करेंगे। शनिवार-रविवार को बाजार भी बंद रहेंगे। इसके अलावा दुकानें, बाजार, व्यावसायिक स्थल, मॉल, जिम, खेल परिसर, स्वीमिंग पूल भी शनिवार और रविवार को नहीं खुलेंगे। हालांकि, फल, सब्जी, दूध व दूध उत्पाद जैसे रोजमर्रा के जरूरी उत्पादों व दवा दुकानों पर यह आदेश लागू नहीं होगा।
सीएम जयराम ने ये कहा
कोरोना के बढ़ते मामलों के चलते शादियों में 50 लोग आएंगे। सामाजिक भीड़भाड़ पर बंदिशें लगाई गई हैं कि इसमें भी केवल 50 लोग ही जुट पाएंगे। शनिवार और रविवार को सारे सरकारी कार्यालय बंद रहेंगे। कार्यालयों में केवल 50 प्रतिशत लोग ही आएंगे। सार्वजनिक परिवहन में भी 50 प्रतिशत सवारियां ही होंगी।-जयराम ठाकुर, मुख्यमंत्री
यहां क्लिक कर देखें नए निर्देश
बता दें उपमंडल स्तर पर सामाजिक, सांस्कृतिक, धार्मिक, राजनीतिक एवं शादियों के आयोजन के लिए अब ऑनलाइन मंजूरी मिलेगी। इसके लिए आयोजक को covid.hp.gov.in पर आवेदन करना होगा। शादी समारोह के लिए अनुमति एक हफ्ते पूर्व लेना आवश्यक है। इसके लिए संबंधित आयोजकों को लिखित रूप में देना होगा कि कोविड महामारी के सुरक्षा नियमों की पूर्ण रूप में अनुपालना की जाएगी।
एक मई तक बंद रहेंगे एकलव्य मॉडल आवासीय विद्यालय
कोरोना संक्रमण की वर्तमान परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए और सभी शैक्षणिक संस्थानों के बंद होने के कारण प्रदेश सरकार ने 2 मई 2021 को निर्धारित संयुक्त एकलव्य मॉडल आवासीय विद्यालय परीक्षा (ईएमआरएस) 2021 को स्थगित करने का निर्णय लिया है। सरकार ने एक मई तक सभी एकलव्य मॉडल आवासीय विद्यालयों और छात्रावासों को भी बंद रखने का निर्णय लिया है।
Trending Videos
हाईकोर्ट में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिये होगी मामलों की सुनवाई
कोविड-19 माहमारी के चलते हिमाचल हाईकोर्ट में अब केवल वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिये ही मामलों पर सुनवाई होगी। प्रदेश हाईकोर्ट की ओर इस संबंध में अधिसूचना जारी की गई है। इस अधिसूचना के तहत केवल विशेष परिस्थितियों में अति आवश्यक मामलों में फिजिकल सुनवाई होगी।