Himachal CM: मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू बोले- कांग्रेस सरकार ने दो साल में 31 हजार नौकरियां निकाली
मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने भाजपा पर जुबानी हमला बोला है। शिमला की टुटू सब्जी मंडी का उद्घाटन करने के बाद पत्रकारों से बातचीत में सीएम ने कहा कि भाजपा में पांच गुटों की लड़ाई चल रही है।
विस्तार
मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने कहा कि राज्य सरकार युवाओं को रोजगार दिलाने के लिए वचनबद्ध है। कांग्रेस सरकार ने दो साल में ही 31 हजार नौकरियां निकाली हैं। आगामी तीन साल में और नौकरियां निकाली जाएंगी। पूर्व भाजपा सरकार ने पांच साल में सिर्फ 20 हजार नौकरियां दी थीं। मुख्यमंत्री ने टुटू के हीरानगर में दिव्यांग बच्चों के विशेष आवासीय विद्यालय के उद्घाटन अवसर पर ये बातें कहीं।
मुख्यमंत्री सुक्खू ने कहा कि बीजेपी में आपसी लड़ाई चल रही है और पांच गुटों में बंटी है। दूसरी ओर, सरकार को बदनाम करने के लिए तरह-तरह की साजिश भाजपा रच रही है। जयराम सरकार ने चुनाव से छह महीने पहले सरकारी खजाना लुटाया है। जगह-जगह शिक्षण संस्थान खोले, पर पढ़ाने के लिए शिक्षक तैनात नहीं किए। पूर्व सरकार के कार्यकाल में शिक्षा और स्वास्थ्य के क्षेत्र में जो गिरावट आई है, उसमें अब कांग्रेस सुधार कर रही है। सरकार हेल्थ सेक्टर को वर्ल्ड क्लास बनाना चाहती है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस सरकार के प्रयासों के कारण हिमाचल निराश्रित बच्चों की उचित देखभाल व शिक्षा के लिए कानून बनाने वाला देश का पहला राज्य बना है। मुख्यमंत्री सुख आश्रय योजना शुरू कर उन्हें चिल्ड्रन ऑफ द स्टेट का दर्ज दिया। बच्चों की पढ़ाई के खर्च के अतिरिक्त सरकार उन्हें जेब खर्च के लिए 4 हजार प्रतिमाह दे रही है। मुख्यमंत्री सुख आश्रय योजना के तहत दो साल में 38.50 करोड़ रुपये के लाभ प्रदान किए गए। सरकार विधवाओं के 23 हजार बच्चों की शिक्षा का पूरा खर्च उठाएगी। दिव्यांग बच्चों के लिए विस्तृत योजना का प्रावधान किया जाएगा। इसके लिए बच्चों के शिक्षकों से भी चर्चा की जाएगी, ताकि उनकी जरूरतों का समावेश योजना में किया जा सके।
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.