Himachal: मुख्यमंत्री सुक्खू ने ऊना में किए 25.79 करोड़ के विकास कार्यों के लोकार्पण और शिलान्यास
मुख्यमंत्री ने सबसे पहले 8.79 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक (बाल) पाठशाला ऊना के नवनिर्मित भवन का उद्घाटन किया।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने सोमवार को ऊना विधानसभा क्षेत्र को 25.79 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं की सौगात दी। इस दौरान उन्होंने शिक्षा और बुनियादी ढांचे को मजबूती देने वाले विभिन्न कार्यों के लोकार्पण व शिलान्यास किए। मुख्यमंत्री ने सबसे पहले 8.79 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक (बाल) पाठशाला ऊना के नवनिर्मित भवन का उद्घाटन किया। इस भवन से विद्यार्थियों को बेहतर शिक्षण सुविधाएं मिलेंगी और विद्यालय का शैक्षणिक वातावरण सुदृढ़ होगा।
इसके बाद मुख्यमंत्री ने 12 करोड़ रुपये की लागत से तैयार राजकीय डिग्री कॉलेज ऊना के अत्याधुनिक शैक्षणिक ब्लॉक का लोकार्पण किया। यह ब्लॉक स्मार्ट क्लासरूम, प्रयोगशालाओं और प्रशासनिक इकाइयों से सुसज्जित है और यहां उच्च शिक्षा की गुणवत्ता को नई ऊंचाई देगा। इसके साथ ही मुख्यमंत्री ने पांच करोड़ रुपये की अनुमानित लागत से बनने वाले न्यू गर्ल्स हॉस्टल की आधारशिला भी रखी। यह छात्रावास विशेष रूप से दूर-दराज क्षेत्रों से आने वाली छात्राओं को सुरक्षित और सुविधाजनक आवास सुविधा प्रदान करेगा, जिससे बेटियों की उच्च शिक्षा तक पहुंच और अधिक सुलभ होगी। मुख्यमंत्री ने कॉलेज परिसर में पौधारोपण भी किया।
इस अवसर पर गगरेट विधायक राकेश कालिया, चिंतपूर्णी विधायक सुदर्शन बबलू, कुटलैहड़ विधायक विवेक शर्मा, राज्य अनुसूचित जाति आयोग के अध्यक्ष कुलदीप कुमार, ऊना के पूर्व विधायक सतपाल रायजादा, जिला कांग्रेस अध्यक्ष रणजीत राणा, राज्य एसी आयोग के सदस्य अधिवक्ता विजय डोगरा व अधिवक्ता दिग्विजय मल्होत्रा, प्रदेश कांग्रेस सचिव अशोक ठाकुर, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष रविंद्र सोहड़, कांग्रेस नेता अविनाश कपिला, संजीव कंवर, बाबा अमर जोत बेदी, उर्मिला शर्मा, सीमा सोहड़, शिव सैनी, उपायुक्त जतिन लाल, पुलिस अधीक्षक अमित यादव, उपनिदेशक उच्च शिक्षा अनिल कुमार एवं माध्यमिक शिक्षा सोम लाल, डिग्री कॉलेज ऊना की प्रिंसिपल डॉ. मीता शर्मा, वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय ऊना के प्रधानाचार्य सुरेंद्र कौंडल सहित अन्य गणमान्य उपस्थित रहे।
मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने कहा कि ऊना में निर्माणाधीन पीजीआई सैटेलाइट सेंटर के निर्माण में तेजी लाने के लिए प्रदेश सरकार ने पर्यावरण स्वीकृतियां दिलाने का काम किया है। मुख्यमंत्री ने कॉलेज में ऑडिटोरियम बनाने की मांग का व्यावहारिक विश्लेषण करने और उसके अनुरूप उपयुक्त निर्णय लेने का आश्वासन दिया। मुख्यमंत्री ने अकादमिक और खेल क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले कॉलेज के तीन मेधावी विद्यार्थियों को भी पुरस्कृत किया।
उन्होंने पूर्व भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि भाजपा ने चुनावी लाभ के लिए चुनाव के समय बिना शिक्षकों के 600 नए शिक्षण संस्थान खोल दिए। वर्तमान सरकार इन संस्थानों का युक्तिकरण कर रही है। मुख्यमंत्री ने ऊना दौरे के दौरान कॉलेज में जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि राज्य में प्राइमरी स्तर से ही अंग्रेजी माध्यम में पढ़ाई शुरू की गई है। बच्चों को अंग्रेजी भाषा में दक्ष बनाने के लिए 500 विशेषज्ञ अध्यापकों की भर्ती की जा रही है। टीजीटी आर्ट्स, मेडिकल और नॉन मेडिकल की 961 भर्तियां की जा रही हैं। जेबीटी की 600 भर्तियां भी जल्द निकालने जा रहे हैं। राज्य में मेडिकल टेक्नोलॉजी के सशक्तीकरण पर 1,350 करोड़ रुपये खर्च किए जा रहे हैं। 20 वर्ष से अधिक पुरानी मशीनों को चरणबद्ध रूप से बदला जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार जन स्वास्थ्य से सीधे जुड़े मुद्दों को लेकर बेहद सजग और संवेदनशील है। उन्होंने बताया कि हाल के वर्षों में प्रदेश में जनसंख्या के अनुपात में कैंसर रोगियों की संख्या में अप्रत्याशित वृद्धि दर्ज की गई। इसी के मद्देनजर प्रदेश सरकार ने मुख्यमंत्री स्वच्छ जल योजना की शुरुआत की है, जिसके तहत 200 करोड़ का बजट प्रावधान किया गया है।