फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Himachal Pradesh ›   CM sukhvinder Sukhu felicitated international medal winning players, said stadiums will be built in 68 assembl

Himachal News: पैरा एथलीट निषाद को 7.80 करोड़, अजय कुमार को 2.50 करोड़ रुपये का पुरस्कार; सीएम बोले खिलाड़ी...

Thu, 05 Dec 2024 07:42 PM IST
Krishan Singh अमर उजाला ब्यूरो, शिमला
अमर उजाला ब्यूरो, शिमला Published by: Krishan Singh Updated Thu, 05 Dec 2024 07:42 PM IST
सार

मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने गुरुवार को एक भव्य समारोह में अंतरराष्ट्रीय पदक विजेता 21 खिलाड़ियों को 14.77 करोड़ रुपये की नकद पुरस्कार राशि प्रदान की। 

विज्ञापन
CM sukhvinder Sukhu felicitated international medal winning players, said stadiums will be built in 68 assembl
सीएम सुक्खू ने अंतरराष्ट्रीय पदक विजेता खिलाड़ियों को नवाजा - फोटो : अमर उजाला

विस्तार

शिमला के होटल पीटरहॉफ में वीरवार को अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ियों का मेला लगा। मौका था मेडल जीतने वाले खिलाड़ियों के सम्मान समारोह का। अंतरराष्ट्रीय पदक विजेताओं पर इस दौरान खूब धनवर्षा हुई। सीएम सुखविंद्र सुक्खू ने खिलाड़ियों को सम्मानित किया। पदक विजेता 21 खिलाड़ियों को 14.77 करोड़ रुपये की पुरस्कार राशि प्रदान की। पैरा एथलीट निषाद कुमार को सबसे अधिक 7.80 करोड़ और अजय कुमार को 2.50 करोड़ रुपये मिले। सात खिलाड़ियों के परिजनों ने पुरस्कार प्राप्त किए। कबड्डी, हैंडबाल, वेटलिफ्टिंग, बॉक्सिंग, शूटिंग, क्रिकेट, फेंसिंग और बोशिया खेल के खिलाड़ियों को सम्मानित किया।

विज्ञापन




 
निषाद ने टोक्यो पैरालंपिक 2022 में रजत पदक, पेरिस पैरालंपिक 2024 में रजत पदक, पैरा एशियन गेम्ज चीन-2023 में स्वर्ण पदक और वर्ल्ड गेम्स पुर्तगाल 2022 में रजत पदक हासिल किया है। मंडी के अजय कुमार को 2.50 करोड़ रुपये का पुरस्कार मिला। अजय कुमार ने पैरा एशियन गेम्स चीन 2023 में रजत पदक जीता है। सिरमौर की कबड्डी खिलाड़ी रितु नेगी को 33.32 मिले। रितु नेगी ने एशियन गेम्स टीम की कप्तानी कर स्वर्ण पदक जीता। रितु नेगी ने एशियन गेम जकार्ता 2018 में भी रजत पदक जीता है। सिरमौर की कबड्डी खिलाड़ी कुमारी पुष्पा को भी 33.32 लाख रुपये की पुरस्कार राशि प्रदान की। कुमारी पुष्पा एशियन गेम्स में स्वर्ण पदक विजेता भारतीय कबड्डी टीम का हिस्सा रही हैं। सिरमौर जिला की कबड्डी खिलाड़ी कुमारी सुषमा शर्मा, बिलासपुर जिला की कुमारी निधि शर्मा और सोलन जिला की कुमारी ज्योति को भी इसी प्रतिस्पर्धा के लिए 33.32 लाख रुपये प्रदान किए गए।
विज्ञापन

 


एशियन गेम्स 2023 में स्वर्ण पदक जीतने वाली भारतीय टीम का हिस्सा रहे ऊना जिले के कबड्डी खिलाड़ी विशाल भारद्वाज को 33.32 लाख, शिमला की फेंसिंग खिलाड़ी ज्योतिका दत्ता को एशियन गेम्स चीन 2023 और एशियन गेम्स 2018 जकार्ता में भारत का प्रतिनिधित्व करने के लिए 3 लाख, बिलासपुर की हैंडबाल खिलाड़ी कुमारी दीक्षा, कुमारी शालिनी ठाकुर, कुमारी प्रियंका ठाकुर, कुमारी निधि शर्मा, सोलन जिला की कुमारी मिताली शर्मा, कुमारी भावना और कुमारी मेनका को हैंडबाल खेल में भारत का प्रतिनिधित्व करने के लिए 3-3 लाख, मंडी की कुमारी अंजलि देवी को पैरा एशियन गेम चीन 2023 में बोशिया पैरा खेल प्रतियोगिता में भारत का प्रतिनिधित्व करने के लिए 3 लाख रुपये की पुरस्कार राशि प्रदान की।

क्रिकेट खिलाड़ी कुमारी रेणुका सिंह ठाकुर को कॉमनवेल्थ गेम्स 2022 बर्मिंघम (इंग्लैंड) में रजत पदक हासिल करने के लिए 13.32 लाख रुपये, हमीरपुर के विकास ठाकुर को राष्ट्रमंडल खेलों 2022 बर्मिंघम (इंग्लैंड) में भारोत्तोलन एकल स्पर्धा में रजत पदक जीतने के लिए 2 करोड़ रुपये का नकद पुरस्कार प्रदान किया। मंडी के आशीष कुमार को कॉमनवेल्थ गेम्स 2022 बर्मिंघम (इंग्लैंड) में बॉक्सिंग में प्रतिनिधित्व करने के लिए 5 लाख रुपये तथा हमीरपुर जिले के विजय कुमार ओलम्पियन (शूटिंग खिलाड़ी) को भारत का प्रतिनिधित्व करने के लिए 2 लाख रुपये की पुरस्कार राशि प्रदान की। पद्मश्री अजय ठाकुर और खेल जगत से जुड़ी कई अन्य हस्तियों को भी सम्मानित किया।

स्टेज से उतर दिव्यांग खिलाड़ी को दिया सम्मान
जब एक-एक कर सभी खिलाड़ियों को मंच पर बुलाया जा रहा था, तो इसी बीच बोशिया खिलाड़ी अंजली देवी का नाम पुकारा गया, जो व्हील चेयर पर बैठी थीं। जब मुख्यमंत्री ने देखा कि व्हील चेयर पर बैठी खिलाड़ी मंच पर नहीं आ सकतीं तो उन्होंने मंच पर खड़े गणमान्य व्यक्तियों को स्टेज से नीचे उतरे का इशारा किया और खुद पहल करते हुए स्टेज से नीचे उतर गए। सीएम मंच से उतरे और पैरा खिलाड़ी अंजली को उनके स्थान पर ही जाकर सम्मानित किया। इसे देखकर पूरा पंडाल जोरदार तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा।

खिलाड़ियों को सरकारी नौकरी देने का करेंगे प्रयास : विक्रमादित्य
समारोह के बाद लोकनिर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने 21 अंतरराष्ट्रीय पदक विजेता खिलाड़ियों को सम्मानित होने पर बधाई देते हुए कहा कि यह हिमाचल प्रदेश सरकार की बहुत अच्छी पहल है। यह समारोह आने वाले समय में और भी खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करेगा। हम प्रयास करेंगे कि आने वाले समय में उन्हें सरकारी नौकरी मिले।

हिमाचल के सभी 68 विधानसभा क्षेत्रों में 50-50 करोड़ रुपये से बनेंगे स्पोर्ट्स कांप्लेक्स : सुक्खू
मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने कहा कि हिमाचल प्रदेश के सभी 68 विधानसभा क्षेत्रों में 50-50 करोड़ से स्पोर्ट्स कांप्लेक्स बनाए जाएंगे। हिमाचल समृद्ध राज्य है और वित्तीय हालत भी बिल्कुल ठीक है। प्रदेश का नाम रोशन करने वालों पर सरकार पैसों की बरसात करेगी। उन्होंने अंतरराष्ट्रीय खेल प्रतियोगिताओं में शामिल होने वाले अन्य खिलाड़ियों को भी पुरस्कार देने का आश्वासन दिया। इसके साथ ही विजेता खिलाड़ियों की पुरस्कार राशि में बढ़ोतरी की बात कही।
 

सीएम बोले - खुद खिलाड़ी रहा हूं, खिलाड़ियों की अनदेखी नहीं कर सकते
सीएम सुक्खू ने कहा कि डाइट मनी के साथ-साथ यात्रा भत्तों में भी बढ़ोतरी की गई है। उन्होंने कहा कि वह खुद खिलाड़ी रहे हैं, ऐसे में खेल और खिलाड़ियों की अनदेखी नहीं कर सकते। 150 और 250 रुपये की डाइट मनी को बढ़ाकर 400 और 500 रुपये किया गया है। बाहरी राज्यों में जाने के लिए हवाई यात्रा की सुविधा दी जा रही है।

भाजपा ने सरकार गिराने का प्रयास किया, देवी-देवताओं ने बचाया
सीएम ने कहा कि भाजपा ने कांग्रेस सरकार को गिराने की साजिश रची, लेकिन वर्तमान सरकार पर देवी-देवताओं और प्रदेश की जनता का आशीर्वाद है। कांग्रेस के विधायकों की संख्या एक बार फिर 40 हो गई है। प्रदेश में वित्तीय अनुशासन बनाने के लिए कड़े फैसले लेने पड़ रहे हैं।
 

पुरस्कार राशि देने में हरियाणा, पंजाब के बराबर खड़ा हुआ हिमाचल : गोमा
युवा सेवाएं एवं खेल मंत्री यादविंद्र गोमा ने कहा कि वर्तमान सरकार ने अंतरराष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ियों की सम्मान राशि में ऐतिहासिक बढ़ोतरी की है। आज हिमाचल प्रदेश, पंजाब और हरियाणा के बराबर आकर खड़ा हो गया है। उन्होंने निषाद कुमार को उनकी उपलब्धि पर बधाई देते हुए कहा कि वह युवा पीढ़ी के लिए प्रेरणा स्रोत हैं। निदेशक युवा सेवाएं एवं खेल विभाग विवेक भाटिया ने मुख्यमंत्री का स्वागत किया तथा विभाग की विभिन्न गतिविधियों का ब्यौरा दिया। 
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed