फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Himachal Pradesh ›   Hamirpur (Himachal) News ›   CM sukhvinder singh Sukhu said that nGovt will bring new investment policy, robotic surgery will start in Hami

Himachal: सीएम सुक्खू बोले- नई निवेश नीति लाएगी सरकार, हमीरपुर, शिमला और टांडा में शुरू होगी रोबोटिक सर्जरी

Wed, 25 Jan 2023 08:09 PM IST
Krishan Singh संवाद न्यूज एजेंसी, हमीरपुर
संवाद न्यूज एजेंसी, हमीरपुर Published by: Krishan Singh Updated Wed, 25 Jan 2023 08:09 PM IST
सार

सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने कहा कि युवाओं को रोजगार के लिए निजी क्षेत्र में निवेश को बढ़ावा देंगे। इज ऑफ डूइंग बिजनेस को ध्यान में रखते हुए सरकार नई निवेश नीति लाएगी।

विज्ञापन
CM sukhvinder singh Sukhu said that nGovt will bring new investment policy, robotic surgery will start in Hami
मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू को पहनाया चांदी का मुकुट। - फोटो : संवाद

विस्तार

 मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने कहा कि युवाओं को रोजगार के लिए निजी क्षेत्र में निवेश को बढ़ावा देंगे। इज ऑफ डूइंग बिजनेस को ध्यान में रखते हुए सरकार नई निवेश नीति लाएगी। रोजगार शुरू करने के लिए बिना ब्याज ऋण दिया जाएगा। इंदिरा गांधी चिकित्सा महाविद्यालय शिमला, डॉ. राधाकृष्ण चिकित्सा महाविद्यालय हमीरपुर और डॉ. राजेंद्र प्रसाद चिकित्सा महाविद्यालय टांडा कांगड़ा में शीघ्र रोबोटिक सर्जरी की सुविधा शुरू करेंगे। ये बातें सीएम ने बुधवार को हिमाचल प्रदेश के 53वें पूर्ण राज्यत्व दिवस पर हमीरपुर में हुए राज्य स्तरीय समारोह में कहीं। यह समारोह राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय (बाल) हमीरपुर में उत्साह और उल्लास के साथ मनाया गया।

विज्ञापन


मुख्यमंत्री ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया और पुलिस, होमगार्ड, एनसीसी तथा स्काउट एवं गाइड की टुकड़ियों ने आकर्षक मार्च पास्ट की सलामी ली। इस अवसर पर प्रदेशवासियों को बधाई देते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रत्येक हिमाचलवासी ने राज्य के विकास की लंबी यात्रा में योगदान दिया है। सुक्खू ने इस पहाड़ी राज्य की प्रगति में प्रथम मुख्यमंत्री डॉ. वाईएस परमार के योगदान का भी स्मरण किया। सीएम ने कहा कि युवाओं को उच्च शिक्षा एवं व्यावसायिक प्रशिक्षण उपलब्ध करवाया जाएगा। इसके माध्यम से जरूरतमंद बच्चों एवं निराश्रित महिलाओं को इंजीनियरिंग कॉलेज, आईआईआईटी, एनआईटी, आईआईएम, आईआईटी, बहुतकनीकी संस्थानों, नर्सिंग एवं स्नातक महाविद्यालयों आदि में उच्च शिक्षा एवं व्यावसायिक प्रशिक्षण उपलब्ध करवाया जाएगा।
विज्ञापन


महंगाई भत्ते की किस्त देने की घोषणा न होने से कर्मचारी निराश
हिमाचल प्रदेश के पूर्ण राज्यत्व दिवस पर सरकारी कर्मचारियों को महंगाई भत्ते की किस्त नहीं मिली है। सीएम ने इसे लेकर कोई घोषणा नहीं की। इससे जहां कर्मचारियों के एक वर्ग में मायूसी छा गई है, वहीं हिमाचल प्रदेश अराजपत्रित सेवाएं कर्मचारी महासंघ के अध्यक्ष विनोद कुमार ने कहा कि अभी इसकी मांग नहीं की गई थी। वर्तमान में 31 प्रतिशत महंगाई भत्ता दिया जा रहा है, जबकि जनवरी 2022 से चार प्रतिशत और जुलाई 2022 से तीन प्रतिशत डीए देय है। यानी सात प्रतिशत महंगाई भत्ता देय है। 

विज्ञापन
विज्ञापन

भ्रष्टाचार के खिलाफ सरकार की शून्य सहिष्णुता की नीति : सीएम

राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय (बाल) हमीरपुर में हिमाचल प्रदेश के 53वें पूर्ण राज्यत्व दिवस पर राज्य स्तरीय समारोह में मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने कहा कि 11 दिसंबर को नई सरकार ने कार्यभार संभाला और व्यवस्था सुधारने को तेजी से काम शुरू किया। सरकार की भ्रष्टाचार के प्रति शून्य सहिष्णुता की नीति है। सत्ता संभालने के बाद भ्रष्टाचार खत्म करने के लिए सकारात्मक दृष्टिकोण के साथ कदम उठाए गए हैं। व्यवस्था परिवर्तन के ध्येय के साथ सरकार आगे बढ़ रही है। उन्होंने सरकारी कर्मचारियों से सरकार की योजनाओं का लाभ सभी पात्र व्यक्तियों तक पहुंचाने का आह्वान किया, जो अभी इनके लाभों से वंचित हैं। कहा कि उन्होंने अपना पूरा वेतन सुख-आश्रय सहायता कोष के लिए दिया है। सभी कांग्रेस विधायकों ने भी एक-एक लाख रुपये का योगदान दिया है। सरकार ने इन संस्थानों में रहने वालों को 10 हजार रुपये का परिधान भत्ता प्रति व्यक्ति प्रति वर्ष देने का निर्णय लिया है। सरकार शिक्षा नीति में भी बड़े बदलाव लाने के प्रयास कर रही है। हर विधानसभा क्षेत्र में राजीव गांधी मॉडल डे-बोर्डिंग स्कूल चरणबद्ध तरीके से खोले जाएंगे।

युवाओं के लिए रोबोटिक्स, ब्लॉक चेन तकनीक, साइबर सुरक्षा, क्लाउड कंप्यूटिंग, डाटा साइंस, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और मशीन लर्निंग जैसे नए तकनीकी पाठ्यक्रमों को आईटीआई, बहुतकनीकी संस्थानों एवं इंजीनियरिंग कॉलेजों के पाठ्यक्रम में अगले शैक्षणिक सत्र से शामिल किया जाएगा। कहा कि सरकार पर्यटन क्षेत्र को बढ़ावा देने के लिए हरसंभव प्रयास करेगी। युवाओं की भागीदारी बढ़ाने के लिए पर्यटन परियोजनाओं को स्टार्ट-अप योजना से जोड़ा जाएगा। इज ऑफ डूइंग बिजनेस को ध्यान में रखते हुए सरकार नई निवेश नीति लाएगी। किसानों-बागवानों की आय बढ़ाने काम किया जा रहा है। फलों के दाम तय करने के लिए सरकार प्रतिबद्ध है। सरकार ने राज्य के पर्यावरण को संरक्षित करने और प्रदेश को वर्ष 2025 तक देश का पहला हरित ऊर्जा राज्य बनाने के लिए जल विद्युत, हाइड्रोजन और सौर ऊर्जा का दोहन करने का लक्ष्य निर्धारित किया है। राज्य में हरित उत्पादों को बढ़ावा दिया जाएगा। सरकार आगामी वित्त वर्ष में 500 मेगावाट क्षमता तक की सौर परियोजनाएं स्थापित करेगी। चरणबद्ध तरीके से इलेक्ट्रिक वाहनों के इस्तेमाल को बढ़ावा दिया जाएगा।

कार्यक्रम में इन्हें किया सम्मानित
मुख्यमंत्री ने स्वतंत्रता सेनानियों के परिजनों को सम्मानित किया। उन्होंने कौशल्या देवी पत्नी दिवंगत दित्तू राम, शीला देवी पत्नी दिवंगत चौधरी राम, आतो देवी पत्नी दिवंगत लतूरिया राम, दुर्गी देवी पत्नी दिवंगत गंगा राम और बंती देवी पत्नी दिवंगत गरीब दास को सम्मानित किया। उन्होंने न्यू आजीविका स्वयं सहायता समूह विकास खंड नादौन, अनमोल स्वयं सहायता समूह विकास खंड भोरंज एवं दिव्यांग खिलाड़ी राजन कुमार व समारोह के प्रतिभागियों को सम्मानित किया। 

आकर्षण का केंद्र रहीं झांकियां
प्रदेश सरकार की विभिन्न योजनाओं और कार्यक्रमों को प्रदर्शित करतीं झांकियां आकर्षण का केंद्र रहीं। अग्निशमन एवं गृहरक्षक की झांकी, परिवहन विभाग, हिमाचल पथ परिवहन निगम, पर्यटन विभाग, लोक निर्माण, जल शक्ति, कृषि, बागवानी, महिला एवं बाल विकास विभाग, विद्युत बोर्ड, ग्रामीण विकास विभाग, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण तथा उद्योग विभाग ने झांकियां निकालीं। पहचान संस्था, लोक नृत्य दल जिला चंबा, परमार्थ इंटरनेशनल स्कूल, निधि डोगरा, सांस्कृतिक दल जिला कुल्लू, हमीर पब्लिक स्कूल, सांस्कृतिक दल जिला शिमला और पुलिस के एकलव्य ग्रुप ने आकर्षक सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए

कार्यक्रम में ये भी रहे उपस्थित
कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री, कृषि मंत्री चंद्र कुमार, उद्योग मंत्री हर्षवर्धन चौहान, शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर, ग्रामीण विकास एवं पंचायतीराज मंत्री अनिरुद्ध सिंह, पर्यटन विकास निगम के अध्यक्ष रघुबीर सिंह बाली, मुख्यमंत्री के राजनीतिक सलाहकार सुनील शर्मा, मुख्यमंत्री के प्रधान सलाहकार (सूचना प्रौद्योगिकी एवं नवाचार) गोकुल बुटेल, मुख्यमंत्री के प्रधान सलाहकार (मीडिया) नरेश चौहान, मुख्य संसदीय सचिव सुंदर सिंह ठाकुर, मोहन लाल ब्राक्टा, चौधरी राम कुमार, किशोरी लाल, विधायक केवल सिंह पठानिया, संजय रतन, आशीष शर्मा मुख्य सचिव प्रबोध सक्सेना, पुलिस महानिदेशक संजय कुंडू, उपायुक्त हमीरपुर देबश्वेता बनिक, पुलिस अधीक्षक आकृति शर्मा उपस्थित रहे।

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed