{"_id":"62ceda434240e326f70922f2","slug":"cm-jairam-said-that-it-is-necessary-to-mention-development-works-even-if-the-leaders-of-the-opposition-continue-to-feel-pain","type":"story","status":"publish","title_hn":"CM Jairam Statement: सीएम जयराम बोले- विकास कार्यों का जिक्र जरूरी, भले ही विपक्ष के नेताओं को होता रहे दर्द","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
CM Jairam Statement: सीएम जयराम बोले- विकास कार्यों का जिक्र जरूरी, भले ही विपक्ष के नेताओं को होता रहे दर्द
Wed, 13 Jul 2022 08:18 PM IST
Krishan Singh
संवाद न्यूज एजेंसी, भोरंज (हमीरपुर)
संवाद न्यूज एजेंसी, भोरंज (हमीरपुर)
Published by: Krishan Singh
Updated Wed, 13 Jul 2022 08:18 PM IST
सार
मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कहा कि पार्टी हाईकमान का ध्यान आकर्षित करने की कोशिश में कुछ कांग्रेसी नेता अपना आपा खो रहे हैं। प्रदेश की जनता कांग्रेसी नेताओं के लुभावने वादों के बहकावे में नहीं आएगी।
विज्ञापन
मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर।
- फोटो : संवाद
विस्तार
मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने बुधवार को भोरंज विधानसभा क्षेत्र के एक दिवसीय दौरे के दौरान सार्वजनिक मंच से विपक्ष पर पलटवार किया। कहा कि जिन विकास कार्यों के लिए सरकार ने धनराशि मुहैया करवाई है, उसका जिक्र तो हर मंच पर जरूर होगा, भले विपक्षी दल के नेताओं को दर्द होता रहे। नेता प्रतिपक्ष अपने आप को राष्ट्रीय नेता समझ रहे हैं। वह जिस अभद्र भाषा का प्रयोग कर रहे हैं, उनका यह अंदाज देवभूमि हिमाचल की जनता को बिल्कुल भी स्वीकार नहीं। इस तरह की अभद्र भाषा का प्रयोग करने वाली कांग्रेस को आने वाले विधानसभा चुनाव में जनता जरूर जवाब देगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि पार्टी हाईकमान का ध्यान आकर्षित करने की कोशिश में कुछ कांग्रेसी नेता अपना आपा खो रहे हैं।
विज्ञापन
प्रदेश की जनता कांग्रेसी नेताओं के लुभावने वादों के बहकावे में नहीं आएगी। वर्तमान सरकार के साढ़े चार साल के कार्यकाल में प्रदेश के सभी विधानसभा क्षेत्रों में अभूतपूर्व विकास हुआ है। पूर्व की कांग्रेस सरकार में मुख्यमंत्री का अधिकतर समय कोर्ट-कचहरी के चक्कर काटने में ही व्यतीत होता था। हमने सत्ता में आते ही इस प्रथा को बंद किया। उन्होंने कहा कि प्रदेश को 800 करोड़ रुपये की विशेष सहायता प्रदान करने के अलावा प्रधानमंत्री ने केंद्र की सभी परियोजनाओं के लिए वित्तपोषण के 90:10 के औसत को बहाल कर प्रदेश के विशेष श्रेणी के दर्जे को बहाल किया है। इसके अतिरिक्त वर्तमान राज्य सरकार के चार वर्षों का कार्यकाल पूर्ण होने के उपलक्ष्य में मंडी में आयोजित समारोह के दौरान प्रधानमंत्री ने 10 हजार करोड़ रुपये की विकासात्मक परियोजनाओं के लोकार्पण और शिलान्यास किए थे।
विज्ञापन
तो क्या गरीब के रसोईघर से गैस सिलिंडर उठा ले जाएगी कांग्रेस
मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कहा कि कांग्रेस नेता कह रहे हैं कि वह सत्ता में आते ही जयराम सरकार की सारी योजनाओं को बंद कर देंगे। मुख्यमंत्री ने तंज कसते हुए कहा कि क्या गरीब के रसोईघर से गैस सिलिंडर उठा ले जाएगी कांग्रेस। निशुल्क स्वास्थ्य योजना, बुढ़ापा पेंशन और महिलाओं को किराये में छूट को कांग्रेसी बंद करने की बातें करते हैं। प्रदेश की जनता कांग्रेस के इन मंसूबों को पूरा नहीं होने देगी। भाजपा सरकार ने पुलिस भर्ती पेपर लीक मामले में सख्त कार्रवाई करते हुए 200 आरोपियों को सलाखों के पीछे धकेला। चिट्टों पर भर्तियां करने वाले हमें ईमानदारी का पाठ न पढ़ाएं। जनसभाओं में मेरे भी नारे लगाओ, ऐसे कहते हुए कांग्रेसी नेता सुने जा रहे हैं।
विज्ञापन
खिमी राम मामले में अभी कुछ नहीं कहूंगा
मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने पत्रकारों से बातचीत में कहा कि पूर्व मंत्री खिमी राम के कांग्रेस में जाने के विषय में वह फिलहाल अभी कुछ नहीं बोलना चाहते। हिमाचल में भाजपा मजबूत है। कांग्रेस के कई नेता भाजपा में शामिल होने के लिए तैयार बैठे हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की हिमाचल में कई रैलियां प्रस्तावित हैं।