विमल नेगी मौत मामला: सीबीआई जांच के लिए राजभवन पहुंची भाजपा, एफआईआर में मीणा नाम भी दर्ज करने की मांग
नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर व भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल के नेतृत्व में हिमाचल के राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ल को ज्ञापन सौंपा गया।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
भाजपा ने पावर कॉरपोरेशन के चीफ इंजीनियर विमल नेगी की मौत के मामले की सीबीआई से जांच करवाने की मांग को लेकर शुक्रवार को राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ल को ज्ञापन सौंपा। नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल के नेतृत्व में राजभवन पहुंचे विधायकों ने राज्यपाल से मांग करते हुए कहा कि एक आईएएस अधिकारी को दूसरे आईएएस अधिकारी की जांच सौंपी गई है। एफआईआर में कॉरपोरेशन के एमडी के पद की जगह अधिकारी का नाम लिखा जाना चाहिए। अब तो एमडी बदल गया है तो केस तो पद के खिलाफ बना है जो कि गलत है। भाजपा ने पुलिस एफआईआर में पूर्व एमडी हरिकेश मीणा का नाम भी दर्ज किए जाने की मांग उठाई।
नेता विपक्ष जयराम ठाकुर ने मीडिया से बात करते हुए कहा कि भाजपा विधायक दल ने राज्यपाल को ज्ञापन के माध्यम से विमल नेगी की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत के मामले पर ध्यान दिलाया। राज्यपाल को बताया गया कि विमल नेगी पिछले कई दिनों से लापता थे, परिवार द्वारा शिकायत दर्ज करने के बाद भी एफआईआर दर्ज नहीं की गई और न ही उनका पता चल पाया। 18 मार्च को नेगी का शव गोविंद सागर झील से बरामद हुआ।
19 मार्च को कॉरपोरेशन के अधिकारियों, कर्मचारियों और विमल नेगी के परिजनों ने प्रबंध निदेशक हरिकेश मीणा और निदेशक देशराज को जिम्मेदार ठहराया। उनका कहना था कि उक्त अधिकारी विमल नेगी को गलत काम करने के लिए दबाव डालते थे। इस कारण विमल नेगी मानसिक दबाव में रहते थे। विमल नेगी की मानसिक प्रताड़ना इतनी बढ़ गई थी कि परेशान होकर नेगी यह कदम उठाने के लिए मजबूर हुए, इसलिए इन अधिकारियों को तुरंत निलंबित कर उन पर एफआईआर दर्ज करनी चाहिए तथा पूरी घटना की जांच सीबीआई से होनी चाहिए। जयराम ने कहा कि इस घटना की एफआईआर में दूसरे अधिकारी का भी नाम शामिल किया जाए। बीते दो वर्ष के दौरान की कॉरपोरेशन की कार्यप्रणाली की जांच होनी चाहिए।
आज होगी भाजपा विधायक दल की बैठक
वहीं भाजपा विधायक दल की बैठक शुक्रवार शाम आयोजित होगी। बैठक की अध्यक्षता हिमाचल प्रभारी करेंगे श्रीकांत शर्मा। बैठक चौड़ा मैदान स्थित विलेज पार्क में आयोजित होगी।