महिला की आंखों से बहते हैं ‘खून के आंसू’
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
‘खून के आंसू रोना’, यह कहावत अक्सर हम सुनते ही रहते हैं, लेकिन अगर सच में ऐसा हो तो! राजस्थान के कोटा जिले में एक 22 वर्षीय महिला 'लक्ष्या बैंस' जब भी रोती है, तो उसकी आंखों से पानी की जगह खून निकलता है।
इस अजीबोगरीब बीमारी को देखकर न सिर्फ स्थानीय लोग बल्कि डॉक्टर भी हैरान हैं। यहां स्थित सरकारी महाराव भीम सिंह (एमबीएस) अस्पताल के डॉ मनोज सलूजा फिलहाल लक्ष्या का इलाज कर रहे हैं।
उनका कहना है कि अपने कैरियर के दौरान वह पहली बार इस तरह के मरीज का इलाज कर रहे हैं। हालांकि उन्होंने दावा किया है कि इस समस्या से पीड़ित होने वाली लक्ष्या अकेली नहीं है, बल्कि यह इस तरह का तीसरा मामला है। लखनऊ और कोलकाता में भी इस बीमारी से ग्रस्त दो मरीज पाए गए हैं और लक्ष्या ऐसी तीसरी मरीज है।
डॉ सलूजा ने कहा, ‘खून के आंसू बहना ब्लड क्लोटिंग समस्या है और शरीर के एक भाग में समस्या होने की वजह से ऐसा होता है। इस गंभीर बीमारी के लिए टेस्ट काफी महंगे है और इसके लिए सुविधाएं भी आसानी से नहीं मिलती हैं।’
डॉक्टर नहीं समझ पा रहे बीमारी
राजस्थान पुलिस में एसएचओ के पद पर तैनात युवती के पिता रतन सिंह ने बताया कि उन्हें इस बीमारी के बारे में गत 25 मई को पता चला। वह उदयपुर में पढ़ाई कर रही थी, उसी दौरान उसकी आंखों से खून निकलने की घटना हुई।
इसके बाद वह बेहोश हो गई। बाद में उसे दिल्ली स्थित एम्स समेत देशभर के कई अस्पतालों में दिखाया गया, लेकिन डॉक्टर बीमारी के बारे में कुछ भी समझ नहीं पाए। इन अस्पतालों ने अपनी रिपोर्ट में युवती को पूरी तरह से सामान्य बताया।
उन्होंने बताया कि कुछ समय तक तो उनकी बेटी सही रही, लेकिन पिछले मंगलवार को फिर से उसकी आंखों से खून बहने लगा। इसके बाद वे लक्ष्या को एमबीएस अस्पताल लेकर आए।