अनोखी पहल, बहनें दिलाएंगी तंबाकू छोड़ने की कसम
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
अब भाइयों को तंबाकू चबाने से बहनें रोकेंगी। राजस्थान सरकार ने इसके लिए एक अनोखा अभियान शुरू किया है। इसके तहत रक्षाबंधन पर बहनें अपने भाइयों को तंबाकू से दूर रहने की कसम दिलाएंगी।
राजस्थान के चिकित्सा एवं स्वास्थ्य मंत्री राजेंद्र राठौड़ ने मंगलवार को इस ‘तंबाकू मुक्त-शपथ युक्त’ रक्षाबंधन अभियान की राखी बंधवाकर शुरुआत की।
अभियान के तहत रक्षा बंधन पर बहनें अपने भाई को राखी बांधकर जीवन में तंबाकू का किसी भी प्रकार से सेवन नहीं करने की शपथ दिलवाएंगी और शपथ पत्र चिकित्सा निदेशालय को भिजवाएंगी।
साथ ही भाई राखी बंधवाकर शपथ पत्र के साथ ही सेल्फी लेकर चिकित्सा विभाग के ई-मेल पर भिजवाएंगे। शपथ पत्र व सेल्फी को लकी ड्रॉ निकालकर चुनिंदा भाई-बहनों को सम्मानित किया जाएगा।
अभियान को घर-घर पहुंचाएगी सरकार
राठौड़ ने इस मौके पर राखी बंधवाकर स्वयं जीवन में किसी भी प्रकार से तंबाकू का सेवन नहीं करने की शपथ लेने के साथ ही समारोह में उपस्थित व्यक्तियों को तंबाकू का सेवन नहीं करने की शपथ दिलाई।
चिकित्सा मंत्री ने कहा कि राज्य सरकार ने रक्षा बंधन के पर्व पर बहनों को अपने भाईयों से तंबाकू छुड़वाने को प्रोत्साहित करने के लिए इस अभियान को शुरू किया है।
उन्होंने बताया कि इस अभियान के बारे में जानकारी प्रत्येक गांव, कस्बा व शहर में घर-घर तक पहुंचाई जाएगी। उन्होंने कहा कि तंबाकू जैसी सामाजिक बुराई को केवल कानून या सरकार या जुर्माने के दम पर समाप्त नहीं किया जा सकता बल्कि इसे एक सामाजिक आंदोलन की तरह शुरू करके समाज के सभी वर्गों को जोड़कर ही समाप्त किया जा सकता है।