{"_id":"6a1e38544451e7c3800f73ca","slug":"thunderstorm-rain-and-hailstorm-changed-the-weather-bringing-relief-from-the-heat-udaipur-news-c-1-1-noi1460-4349923-2026-06-02","type":"story","status":"publish","title_hn":"Udaipur News: आंधी-बारिश और ओलावृष्टि से बदला मौसम, भीषण गर्मी से मिली राहत, कई इलाकों में जनजीवन प्रभावित","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
Udaipur News: आंधी-बारिश और ओलावृष्टि से बदला मौसम, भीषण गर्मी से मिली राहत, कई इलाकों में जनजीवन प्रभावित
Tue, 02 Jun 2026 08:07 AM IST
उदयपुर ब्यूरो
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, उदयपुर
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, उदयपुर
Published by: उदयपुर ब्यूरो
Updated Tue, 02 Jun 2026 08:07 AM IST
सार
दिनभर की गर्मी और उमस के बाद सोमवार शाम उदयपुर में मौसम का मिजाज पूरी तरह बदल गया। तेज अंधड़, बारिश और कुछ क्षेत्रों में ओलावृष्टि ने जहां लोगों को राहत दी, वहीं कई इलाकों में अव्यवस्था की स्थिति भी पैदा कर दी।
विज्ञापन
उदयपुर में बदला मौसम का मिजाज
विस्तार
भीषण गर्मी और उमस से जूझ रहे उदयपुरवासियों को सोमवार शाम मौसम ने बड़ी राहत दी। जिले के कई क्षेत्रों में तेज आंधी, बारिश और कुछ स्थानों पर ओलावृष्टि दर्ज की गई। मौसम में आए इस अचानक बदलाव से तापमान में गिरावट आई लेकिन कई इलाकों में जनजीवन भी प्रभावित हुआ।
विज्ञापन
उदयपुर शहर, फतहनगर, गोगुंदा, वल्लभनगर और मावली सहित जिले के विभिन्न क्षेत्रों में शाम के समय तेज हवाओं के साथ बारिश शुरू हुई। फतहनगर में शाम करीब 5:30 बजे आए अंधड़ और बारिश से जनजीवन प्रभावित हो गया। विद्या निकेतन विद्यालय में आयोजित संघ शिक्षा वर्ग के समापन समारोह के दौरान तेज हवाओं और बारिश के कारण मंच, पंडाल और ध्वनि व्यवस्था प्रभावित हो गई, जिससे कार्यक्रम में व्यवधान उत्पन्न हुआ।
विज्ञापन
नगर क्षेत्र में कई स्थानों पर होर्डिंग्स गिर गए, जबकि पेड़ों की शाखाएं टूटकर सड़कों पर आ गिरीं। वहीं उदयपुर शहर में शाम करीब साढ़े छह बजे धूलभरी आंधी के बाद बारिश शुरू हुई। 100 फीट रोड सहित कई इलाकों में अच्छी बारिश दर्ज की गई, जिससे लोगों को गर्मी से राहत मिली।
विज्ञापन
ये भी पढ़ें: आसमान से बरसे पत्थर जैसे ओले: नागौर में कुदरत का रौद्र रूप, भीषण गर्मी के बीच लोगों को मिली राहत
गोगुंदा क्षेत्र में मौसम का सबसे अधिक असर देखने को मिला। यहां तेज बारिश के साथ ओलावृष्टि भी हुई। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के बाहर सड़क पर पानी भर गया, जबकि कई दुकानों में पानी घुसने से नुकसान हुआ। तेज हवाओं के कारण टीन शेड उड़ गए और बिजली के तार क्षतिग्रस्त होने से विद्युत आपूर्ति प्रभावित रही।
वल्लभनगर क्षेत्र में सियाखेड़ी-मोरजाई मार्ग पर पेड़ गिरने से यातायात बाधित हो गया। वहीं मावली क्षेत्र में भी आंधी और बारिश के बाद मौसम सुहावना हो गया, हालांकि कई इलाकों में बिजली आपूर्ति बाधित रहने से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
मौसम विभाग के अनुसार आगामी चार दिनों तक जिले में मौसम का मिजाज ऐसा ही बना रह सकता है। इस दौरान बादल छाने, तेज हवाएं चलने, बिजली चमकने और कुछ स्थानों पर ओलावृष्टि होने की संभावना है। प्रशासन ने नागरिकों से खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने और आवश्यक सावधानियां बरतने की अपील की है।