{"_id":"63ef5f67e9247d98230ab3e1","slug":"two-youths-of-bharatpur-burnt-relatives-demanded-compensation-of-51-lakhs-from-government-and-job-to-relatives-2023-02-17","type":"story","status":"publish","title_hn":"Bharatpur: दो युवकों को जिंदा जलाने का मामला, परिजनों ने 51 लाख के मुआवजे और परिजनों को नौकरी देने की मांग की","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
Bharatpur: दो युवकों को जिंदा जलाने का मामला, परिजनों ने 51 लाख के मुआवजे और परिजनों को नौकरी देने की मांग की
Fri, 17 Feb 2023 04:35 PM IST
हिमांशु प्रियदर्शी
न्यूज डेस्क, अमर उजाला,राजस्थान
न्यूज डेस्क, अमर उजाला,राजस्थान
Published by: हिमांशु प्रियदर्शी
Updated Fri, 17 Feb 2023 04:35 PM IST
सार
भरतपुर के दो युवकों को गौतस्करी के शक में हरियाणा में जिंदा जलाए जाने के मामले में घाटमीका गांव में पंचायत बैठी। उसमें मृतकों के परिवार ने मुआवजा राशि 51-51 लाख रुपये और परिवार के एक-एक सदस्य को सरकारी नौकरी देने की मांग की। साथ ही आरोपियों की तुरंत गिरफ्तारी करने की भी मांग रखी है।
विज्ञापन
दो युवकों को जिंदा जलाने के मामले में घाटमीका में बैठाई गई पंचायत की बैठक
- फोटो : अमर उजाला
विस्तार
राजस्थान के भरतपुर के दो युवकों को गौतस्करी के शक में बोलेरो समेत हरियाणा में जिंदा जलाए जाने के मामले में घाटमीका गांव में पंचायत बैठी। उसमें मृतकों के परिवार ने मुआवजा राशि 51-51 लाख रुपये और परिवार के एक-एक सदस्य को सरकारी नौकरी देने की मांग की। साथ ही आरोपियों की तुरंत गिरफ्तारी करने की भी मांग रखी है।
विज्ञापन
भरतपुर के घाटमीका गांव और जिले के मेवात बाहुल्य इलाकों में तनाव का माहौल है। समाज के दो युवकों की जलाकर हत्या के बाद देर रात शवों के अवशेष गांव पहुंचे तो कोहराम मच गया। सुबह समाज की पंचायत बैठाई गई।
विज्ञापन
इस मामले को लेकर आईजी और एसपी भी मौके पर मौजूद हैं और उन्होंने स्थिति को नियंत्रण में कर रखा है। घाटमीका गांव में हुई समाज की पंचायत में शिक्षा राज्यमंत्री जाहिदा खान भी पहुंचीं। सुबह पंचायत में पहले तय हुआ कि मृतकों के परिवारों को 20-20 लाख रुपये की मुआवजा राशि सरकार की ओर से दी जाएगी। शिक्षा राज्य मंत्री जाहिदा खान ने कहा था कि शुक्रवार को ही दोनों युवकों का अंतिम संस्कार कर दिया जाएगा। लेकिन अब मृतकों के परिवार की मांग है कि मुआवजा राशि 51-51 लाख की जाए और दोनों के परिवार से एक-एक सदस्य को सरकारी नौकरी देने के साथ ही हत्यारों की तुरंत गिरफ्तारी की जाए।
विज्ञापन
‘परिजनों को 20- 20 लाख और बच्चों को फ्री एजुकेशन दी जाएगी’
पंचायत में शिक्षा राज्यमंत्री जाहिदा खान और पीसीसी सदस्य और पूर्व प्रधान जलीस खान घाटमीका पहुंचे। उन्होंने प्रतिनिधियों से बातचीत कर शांति बनाए रखने की अपील की। साथ ही सरकार की ओर से हर संभव मदद का भी आश्वासन दिया।
शिक्षा राज्य मंत्री जाहिदा खान ने बताया कि इससे पहले तीन घंटे तक समाज की पंचायत मीटिंग हुई। उन्होंने दावा किया कि पुलिस ने एक आरोपी को पकड़ लिया है। जल्द ही अन्य आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा। उन्होंने कहा कि दोनों युवकों का अंतिम संस्कार कर दिया जाएगा।
मंत्री जाहिदा खान ने मीडिया को दिए अपने बयान में कहा राजस्थान सरकार की ओर से दोनों मृतकों के परिजनों को 15-15 लाख रुपए दिए जाएंगे। मैं अपनी तरफ से पांच-पांच लाख रुपये दूंगी, 20-20 लाख रुपये का मुआवजा दिया जाएगा। साथ ही पहाड़ी के प्रधान भी 50-50 हजार दोनों मृतकों के परिजनों को देंगे। खाद्य सुरक्षा योजना में पीड़ित परिवार का नाम जुड़वा दिया जाएगा। इनके बच्चों को फ्री एजुकेशन दी जाएगी।
उन्होंने कहा कि शविनार को मुख्यमंत्री अशोक गहलोत से मिलने का समय मांगा गया है। 11 सदस्यीय प्रतिनिधि मंडल बनाया है। उसके साथ सीएम से मुलाकात की जाएगी। उन्होंने कहा कि यही मीटिंग में तय हुआ है, इस पर सबकी सहमति है।
गांव में तनाव का माहौल, तीन थानों की पुलिस अलर्ट पर
भरतपुर का घाटमीका गांव हरियाणा बॉर्डर के पास है। इलाके में आसपास के थानों को पुलिस ने अलर्ट पर रखा है। पुलिस को आशंका है कि रंजिश के चलते, दो गुटों में भिड़ंत न हो जाए। इसलिए पुलिस और जिला प्रशासन समाज के लोगों से लगातार शांति बनाए रखने की अपील कर रहा है। जिले के बॉर्डर पर भी सुरक्षा और गश्त बढ़ा दी गई है।
यह है पूरा मामला?
मृतक जुनैद और नासिर के परिजनों का आरोप है कि बुधवार को यह वारदात हुई। जुनैद के चचेरे भाई इस्माइल ने बुधवार को गोपालगढ़ थाने में दोनों के अपहरण और मारपीट का मामला दर्ज कराया था। हरियाणा के भिवानी और राजस्थान के भरतपुर जिले की गोपालगढ़ पुलिस दोनों ही मामले की जांच में जुटी हैं। दोनों शवों की डीएनए जांच के सैंपल भी लिए गए हैं। गाड़ी के चेसिस नंबरों और परिजनों की पहचान पर शव सुपुर्द किए गए हैं।
इस्माइल ने बताया कि जुनैद और नासिर मंगलवार को भरतपुर के भोरूबास सीकरी गांव गए थे। यहां उनके भाई का ससुराल है। वे रात में वहीं पर रुके और बुधवार सुबह घर लौट रहे थे। इसी दौरान रास्ते में दोनों को हरियाणा पुलिस की विशेष टीम और बजरंग दल वालों ने रोका और नाम पूछा। इसके बाद दोनों को गाड़ी से खींचकर बाहर निकालने की कोशिश की गई। तब उन्होंने गाड़ी भगा ली। लेकिन उन्हें पकड़ कर हरियाणा ले जाया गया। जहां अगले दिन लोहारु इलाके में बोलेरो गाड़ी में दोनों की जली हुई लाश मिली। हालांकि हरियाणा पुलिस और बजरंग दल दोनों ने इस मामले में उनका हाथ होने से साफ इनकार कर दिया और आरोपों को झूठा बताया।