सिरोही: माउंट आबू में पर्यटकों की बंपर आवक से बिगड़ी यातायात व्यवस्था, घंटों कतार में फंसे वाहन
दीपावली की छुट्टियों में माउंट आबू में पर्यटकों की भारी भीड़ उमड़ रही है। छीपाबेरी से यात्री कर नाके तक वाहनों की कतारें लगने पर चेयरमैन सुनील आचार्य ने मौके पर पहुंचकर ऑनलाइन और नकद भुगतान के लिए अलग-अलग कतारें लगवाईं।
विस्तार
दीपावली सीजन के चलते पर्यटन नगरी माउंट आबू में पर्यटकों की बंपर आवक हो रही है। देश के विभिन्न हिस्सों से पर्यटकों के पहुंचने के कारण शहर के प्रमुख पर्यटन स्थलों से लेकर प्रवेश मार्गों तक रौनक नजर आ रही है। वहीं, पर्यटकों की बढ़ती संख्या के चलते आबूरोड-माउंट आबू मार्ग पर यातायात का दबाव भी बढ़ गया है।
बुधवार को छीपाबेरी से यात्री कर नाके तक जगह-जगह वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। यात्री कर नाके पर वाहनों की अधिक संख्या के चलते पर्यटकों को काफी देर तक इंतजार करना पड़ा। इससे उन्हें परेशानी का सामना करना पड़ा।
यातायात व्यवस्था प्रभावित होने और पर्यटकों को हो रही असुविधा की सूचना मिलते ही नगरपालिका चेयरमैन सुनील आचार्य यात्री कर नाके पर पहुंचे। उन्होंने मौके पर व्यवस्थाओं का जायजा लिया और संबंधित कार्मिकों को वाहनों की आवाजाही सुचारू बनाने के निर्देश दिए। चेयरमैन ने ऑनलाइन और नकद भुगतान करने वाले पर्यटकों के लिए अलग-अलग कतारें लगवाईं, ताकि भुगतान प्रक्रिया में तेजी आए और वाहनों की लंबी कतारों को कम किया जा सके।
उन्होंने निर्देश दिए कि दीपावली सीजन में पर्यटकों की भारी आवक को देखते हुए यात्री कर नाके पर पर्याप्त व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएं। पर्यटकों को माउंट आबू में प्रवेश के दौरान अनावश्यक इंतजार और परेशानी न हो, इसके लिए यातायात व्यवस्था पर विशेष ध्यान दिया जाए।
नक्की झील पर भी उमड़ी पर्यटकों की भीड़
इधर, शहर के प्रमुख पर्यटन स्थल नक्की झील पर भी पर्यटकों की भारी भीड़ देखने को मिली। पर्यटकों की आवाजाही को व्यवस्थित रखने और सुरक्षा के मद्देनजर नक्की झील क्षेत्र में सभी प्रकार के वाहनों के आवागमन पर रोक लगाई गई है। दीपावली की छुट्टियों के चलते माउंट आबू के बाजारों और पर्यटन स्थलों पर दिनभर पर्यटकों की चहल-पहल बनी हुई है।