Sawai Madhopur : झाड़ी में छुपे बाघ ने अचानक मजदूर पर किया हमला, गंभीर घायल हालत में जयपुर रेफर
सवाई माधोपुर के खंडार रेंज के गीलाई सागर चौकी के पास मनरेगा के काम कर रहा मजदूर बाघ के हमले में जख्मी हो गया। वन विभाग की टीम बाघ को ट्रैक करने में जुट गई है।
विस्तार
सवाई माधोपुर स्थित रणथंभौर नेशनल पार्क की खंडार रेंज से सटे गिलाई सागर वन चौकी के पास एक बाघ ने मजदूर पर हमला कर दिया। जिससे मजदूर बुरी तरह घायल हो गया। मजदूर को गंभीर घायल अवस्था में जयपुर रेफर किया गया है।
बता दें कि खंडार रेंज के गीलाई सागर चौकी के पास मनरेगा के तहत मस्टररोल कार्य चल रहा था, जहां मजदूर कार्य कर रहे थे। इसी दौरान झाड़ी की ओट में छुपे हुए एक बाघ ने अचानक से एक मजदूर पर हमला कर दिया। मौके पर ही काम कर रहे अन्य मजदूरों ने हल्ला करके बाघ को भगाया। गंभीर हालत में घायल को खंडार के अस्पताल ले जाया गया, जहां से उसे सवाई माधोपुर जिला मुख्यालय के सामान्य चिकित्सालय के लिए रेफर कर दिया गया। घायल को सवाई माधोपुर के सामान्य चिकित्सालय में लाने के बाद घाव गहरे होने के चलते जयपुर रेफर कर दिया गया।
वहीं घटना की जानकारी मिलते ही वन विभाग के अधिकारी भी सामान्य चिकित्सालय पहुंचे। साथ ही खंडार रेंजर विष्णु गुप्ता के नेतृत्व में बाघ की ट्रैकिंग के लिए एक टीम भी तैनात की है। हालांकि, अभी तक किस टाइगर द्वारा यह हमला किया गया इसकी पुष्टि नहीं हो सकी है लेकिन बताया जा रहा है कि इस इलाके में तीन टाइगर का मूवमेंट है। बहरहाल विभाग की टीम मॉनिटरिंग में जुट गई है।