राजस्थान: डीग में ऑपरेशन काउंटडाउन के तहत तीन साइबर ठग गिरफ्तार, दो मोबाइल और चार फर्जी सिम कार्ड जब्त
डीग के जुरहरा थाना पुलिस ने ‘ऑपरेशन काउंटडाउन’ के तहत साइबर ठगी के आरोप में तीन युवकों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से दो एंड्रॉयड मोबाइल फोन और चार फर्जी सिम कार्ड जब्त किए गए हैं। मामले की जांच जारी है।
विस्तार
जुरहरा थाना पुलिस ने साइबर अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान ‘ऑपरेशन काउंटडाउन’ के तहत कार्रवाई करते हुए तीन युवकों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से दो एंड्रॉयड मोबाइल फोन और चार फर्जी सिम कार्ड जब्त किए हैं। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर की गई।
पुलिस के अनुसार, 22 अक्तूबर को सूचना मिली थी कि जुरहरा से जुरहरी जाने वाले रास्ते पर स्थित एक प्लॉटिंग में तीन व्यक्ति बैठकर साइबर ठगी की गतिविधियों को अंजाम दे रहे हैं। सूचना मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर तीनों को पकड़ लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान पाई गांव निवासी तौफीक (25) पुत्र जागरूप, बड़ी मस्जिद के पास मेव मोहल्ला, जुरहरा निवासी आफिल (24) पुत्र साबदीन और कुरैशी मोहल्ला, जुरहरा निवासी नदीम (23) पुत्र इस्माइल के रूप में हुई है।
पढे़ं: 'अरुणाचल में भारत-चीन सैनिकों के बीच तनाव बरकरार': आईटीबीपी के डीजी ने बताई स्थिति, और क्या-क्या कहा?
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के जरिए करते थे ठगी
पुलिस के मुताबिक, आरोपी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर फर्जी नाम से अकाउंट बनाकर लोगों को अपने जाल में फंसाते थे। वे मुख्य रूप से ओएलएक्स, फेसबुक और अन्य सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के जरिए ठगी की वारदातों को अंजाम देते थे। पुलिस ने आरोपियों के पास से दो एंड्रॉयड मोबाइल फोन और चार फर्जी सिम कार्ड जब्त किए हैं। इनका इस्तेमाल कथित तौर पर साइबर ठगी के लिए किया जाता था।
मामला दर्ज कर जांच शुरू
जुरहरा थाने में प्रकरण संख्या 386/2026 दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर रही है। पूछताछ के जरिए साइबर ठगी गिरोह से जुड़े अन्य लोगों और संभावित पीड़ितों के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है।