Sirohi News: खाद्य सुरक्षा योजना में अब तक हटवाए 2762 अपात्र परिवारों के 11896 सदस्यों के नाम, जानें सबकुछ
Sirohi: प्रशासन ने बताया कि अब तक जिले में 2,762 अपात्र परिवारों के 11,896 सदस्यों के नाम सूची से हटाए जा चुके हैं। वहीं, वर्तमान में जिले के 1,71,905 परिवारों के कुल 6,95,119 सदस्यों को खाद्य सुरक्षा योजना के तहत निःशुल्क गेहूं वितरित किया जा रहा है।
विस्तार
सिरोही जिले में राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा योजना के तहत चल रहे 'गिव अप' अभियान के अंतर्गत अपात्र परिवारों को 30 अप्रैल 2025 तक स्वेच्छा से अपना नाम हटवाने का अवसर दिया गया है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि तय तिथि के बाद नाम न हटवाने वाले अपात्र परिवारों से नियमों के अनुसार वसूली की कार्रवाई की जाएगी।
जिले में ऐसे अपात्र लाभार्थियों के विरुद्ध यह अभियान लंबे समय से लंबित शिकायतों के चलते शुरू किया गया है। इनमें वे व्यक्ति शामिल हैं जिनकी वार्षिक आय एक लाख रुपये से अधिक है, आयकरदाता हैं, जिनके पास चार पहिया वाहन हैं या जिनके परिवार का कोई सदस्य सरकारी या अर्ध-सरकारी सेवा में कार्यरत है।
प्रशासन ने बताया कि अब तक जिले में 2,762 अपात्र परिवारों के 11,896 सदस्यों के नाम सूची से हटाए जा चुके हैं। वहीं, वर्तमान में जिले के 1,71,905 परिवारों के कुल 6,95,119 सदस्यों को खाद्य सुरक्षा योजना के तहत निःशुल्क गेहूं वितरित किया जा रहा है।
पढ़ें: RCA में बगावत: एडहॉक सदस्य उतरे बिहानी के खिलाफ, खींवसर बोले- 'तालिबान की तरह चला रहे संघ'; जानें सबकुछ
अपात्र व्यक्ति खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग की वेबसाइट पर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं, अथवा संबंधित उपखंड अधिकारी के कार्यालय में भी आवेदन देकर योजना से नाम विलोपित करवा सकते हैं। हालांकि, प्रशासन के निर्देशों और जागरूकता के प्रयासों के बावजूद, आर्थिक रूप से सक्षम और प्रभावशाली लोग अब भी इस योजना का लाभ ले रहे हैं।
इसके पीछे निचले स्तर पर जिम्मेदार अधिकारियों और कर्मचारियों की मिलीभगत बताई जा रही है, जो जांच-पड़ताल के नाम पर महज औपचारिकताएं पूरी कर रहे हैं। प्रशासन ने दोहराया है कि 'गिव अप' अभियान की अंतिम तिथि के बाद अपात्र पाए गए लाभार्थियों से न केवल योजना का लाभ छीना जाएगा, बल्कि उनसे वितरित खाद्यान्न की राशि की वसूली भी की जाएगी।