{"_id":"6afbf08b0c38a7c3e802927b","slug":"countdown-to-vote-counting-begins-in-sirohi-results-of-the-panchayati-raj-elections-to-be-declared-on-november-20-sirohi-news-c-1-1-noi1344-4942732-2026-11-17","type":"story","status":"publish","title_hn":"सिरोही: 20 नवंबर को खुलेगा प्रत्याशियों की किस्मत का पिटारा, सुबह 8 बजे से मतगणना, परिणामों पर टिकी निगाहें","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
सिरोही: 20 नवंबर को खुलेगा प्रत्याशियों की किस्मत का पिटारा, सुबह 8 बजे से मतगणना, परिणामों पर टिकी निगाहें
Tue, 17 Nov 2026 05:58 PM IST
सिरोही ब्यूरो
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, सिरोही
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, सिरोही
Published by: सिरोही ब्यूरो
Updated Tue, 17 Nov 2026 05:58 PM IST
सार
सिरोही में जिला परिषद और आठ पंचायत समितियों के लिए मतगणना 20 नवंबर को सुबह 8 बजे से शुरू होगी। निर्वाचन विभाग ने पंचायत समितिवार मतगणना कक्ष और टेबलें निर्धारित कर दी हैं। सबसे ज्यादा 9 टेबलों पर भावरी पंचायत समिति के वोटों की गिनती होगी।
विज्ञापन
जिला कलेक्टर कार्यालय
- फोटो : अमर उजाला
विस्तार
पंचायती राज चुनाव 2026 के चुनावी मुकाबले का अब निर्णायक दौर आ गया है। प्रत्याशियों की किस्मत का फैसला 20 नवंबर को होगा। जिला परिषद एवं पंचायत समिति सदस्य पदों के लिए हुए चुनाव की मतगणना शुक्रवार सवेरे 8 बजे से सिरोही के राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय नवीन भवन में शुरू होगी। मतगणना की तारीख तय होने के साथ ही प्रत्याशियों, राजनीतिक दलों और समर्थकों की धड़कनें तेज हो गई हैं। सभी को अब चुनाव परिणामों का बेसब्री से इंतजार है।
विज्ञापन
निर्वाचन विभाग ने मतगणना के लिए पंचायत समितिवार अलग-अलग कक्ष निर्धारित किए हैं। इसके तहत सिरोही पंचायत समिति की मतगणना कमरा नंबर 17, कालन्द्री की कमरा नंबर 16, आबूरोड की एन-1, शिवगंज की एन-2, पिण्डवाड़ा की कमरा नंबर 10, भावरी की कमरा नंबर 11, मण्डार की एन-3 तथा रेवदर पंचायत समिति की मतगणना कमरा नंबर 22 में होगी। जिला निर्वाचन अधिकारी रोहिताश्व सिंह तोमर ने संबंधित अधिकारियों को मतगणना के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। अब 20 नवंबर को होने वाली मतगणना से जिले की आठ पंचायत समितियों और जिला परिषद की चुनावी तस्वीर साफ होगी।
विज्ञापन
ये भी पढ़ें: सवाई माधोपुर: सरपंच की कुर्सी के लिए 43 उम्मीदवार मैदान में, सुरवाल में छापना पड़ा साढ़े सात फीट का बैलेट पेपर
विज्ञापन
भावरी में सर्वाधिक 9 टेबलों पर होगी गिनती
मतगणना व्यवस्था के तहत सिरोही, कालन्द्री, आबूरोड, शिवगंज, मण्डार और रेवदर पंचायत समितियों के लिए 6-6 टेबलें निर्धारित की गई हैं। वहीं पिण्डवाड़ा में 8 और भावरी में सर्वाधिक 9 टेबलों पर मतों की गिनती होगी।
दो चरणों में आएंगे चुनाव परिणाम
निर्वाचन विभाग के अनुसार मतगणना दो चरणों में होगी। पहले चरण में पंचायत समिति सदस्य पदों के लिए मतों की गिनती की जाएगी। सभी पंचायत समितियों के परिणाम घोषित होने के बाद दूसरे चरण में जिला परिषद सदस्य निर्वाचन क्षेत्रों की अभ्यर्थीवार मतगणना होगी।
