राजस्थान: सिरोही में खेत से गांजे के 530 पौधे जब्त, 31.190 किलो गांजे के साथ आरोपी गिरफ्तार
सिरोही के रोहिड़ा थाना क्षेत्र के बिचलीफली टांकिया में पुलिस ने खेत से गांजे के 530 पौधे, जिनका वजन 31.190 किलोग्राम है, जब्त किए। कार्रवाई में 85 डेटोनेटर, 77 एक्सप्लोसिव ट्यूब और 9 मीटर कोडेक वायर भी बरामद हुए। एक आरोपी गिरफ्तार।
विस्तार
सिरोही। जिले के रोहिड़ा थाना क्षेत्र के बिचलीफली टांकिया में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए खेत से गांजे के 530 हरे पौधे जब्त किए हैं। इनका कुल वजन 31.190 किलोग्राम है। पुलिस ने मौके से 9 मीटर कोडेक वायर, 85 डेटोनेटर और 77 एक्सप्लोसिव ट्यूब भी जब्त की हैं। मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, जिला पुलिस अधीक्षक डॉ. अजेयसिंह राठौड़ के निर्देशन में मादक पदार्थों की रोकथाम के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नरेन्द्र कुमार और पिंडवाड़ा वृत्ताधिकारी राहुल मीणा के सुपरविजन में रोहिड़ा थानाधिकारी ओमकरण के नेतृत्व में पुलिस टीम ने एनडीपीएस एक्ट और विस्फोटक अधिनियम के तहत दो अलग-अलग कार्रवाई कीं।
पढ़ें: भारत सरकार लिखी स्कॉर्पियो से पहुंचे, फर्जी इनकम टैक्स अधिकारी बनकर की लूट
मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने एक खेत पर दबिश दी। यहां मक्का और अरंडी की खेती की आड़ में गांजे के छोटे-बड़े कुल 530 हरे पौधे मिले। इनका वजन 31.190 किलोग्राम पाया गया। पुलिस ने गांजे के पौधों के साथ 9 मीटर कोडेक वायर, 85 डेटोनेटर और 77 एक्सप्लोसिव ट्यूब भी जब्त कीं।
कार्रवाई के बाद पुलिस ने बिचलीफली टांकिया, थाना रोहिड़ा, जिला सिरोही निवासी अर्जुनराम पुत्र भगाराम गमेती भील को गिरफ्तार किया। उसके खिलाफ मादक पदार्थों से संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है। जांच पूरी होने के बाद मामले में और जानकारी सामने आने की उम्मीद है।
कार्रवाई में ये पुलिसकर्मी रहे शामिल
पुलिस के अनुसार, कार्रवाई में रोहिड़ा थानाधिकारी ओमकरण, सहायक उपनिरीक्षक छैलसिंह, रमेश कुमार, हेड कांस्टेबल महेन्द्रसिंह (विशेष भूमिका), बलवंत, बखतराम, पुष्पेन्द्रसिंह, कृष्णपालसिंह, जितेन्द्रसिंह और कांस्टेबल नानालाल शामिल रहे। पुलिस ने बताया कि मादक पदार्थों पर अंकुश लगाने के लिए विशेष अभियान लगातार जारी रहेगा।