राजस्थान: अजमेर में फर्जी आयकर अधिकारी बनकर घर में घुसे बदमाश, सोने के जेवर लूटकर फरार
अजमेर के नसीराबाद में फर्जी आयकर अधिकारी बनकर आए पांच बदमाशों ने कारोबारी अनिल माहेश्वरी के घर से सोने के जेवर और मोबाइल लूट लिए। बेटे ने रसीद मांगी तो आरोपी स्कॉर्पियो से फरार हो गए। पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है।
विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें
अजमेर जिले के नसीराबाद स्थित दिलवाड़ा बाइपास की महेश विहार कॉलोनी में दिनदहाड़े आयकर अधिकारी बनकर आए करीब आधा दर्जन बदमाशों ने एक ट्रांसपोर्ट और मोटर पार्ट्स कारोबारी के घर में लूट की वारदात को अंजाम दिया। आरोपी जांच का झांसा देकर घर में घुसे और कमरों की तलाशी लेने के बहाने सोने के जेवर तथा तीन मोबाइल फोन लेकर फरार हो गए। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई।
महेश विहार कॉलोनी निवासी कारोबारी अनिल माहेश्वरी, उनके भाई और पिता अपने कार्यालय गए हुए थे। घर पर परिवार की महिलाएं, उनका बेटा और काम करने वाली महिला मौजूद थीं। सुबह करीब 11:30 बजे काले रंग की एक स्कॉर्पियो घर के दरवाजे पर आकर रुकी। गाड़ी पर टैक्सी की नंबर प्लेट लगी हुई थी। स्कॉर्पियो से पांच लोग उतरे और सीधे घर के अंदर दाखिल हो गए। आरोपियों ने खुद को आयकर विभाग का अधिकारी बताया और कमरों की तलाशी शुरू कर दी।
अधिकारियों जैसा हुलिया बनाकर दिया झांसा
आरोपियों ने घरवालों को विश्वास में लेने के लिए अधिकारियों जैसा हुलिया बना रखा था। इनमें से ज्यादातर लोगों ने सफेद कपड़े पहन रखे थे। दो लोगों के हाथों में फाइलें और दस्तावेज थे, जबकि एक व्यक्ति ने सफेद दस्ताने पहन रखे थे। इस तरह घरवालों को झांसे में लेने के बाद आरोपियों ने तलाशी के नाम पर एक कमरे के लॉकर से चार जोड़ी सोने की चूड़ियां, एक जोड़ी पाटले और एक सोने का हार निकाल लिया। आरोपी घर से तीन मोबाइल फोन भी अपने साथ ले गए। वे करीब 12 से 13 मिनट तक घर के अंदर रहे।
पढ़ें: आज 6 जिलों में बारिश के आसार, 40 किमी की रफ्तार से चलेंगी हवाएं; रात में बढ़ेगी ठंडक
बेटे ने मांगी रसीद तो भाग निकले बदमाश
लूट के बाद जब आरोपी जेवर लेकर बाहर निकलने लगे, तो कारोबारी के बेटे कार्तिक ने हिम्मत दिखाते हुए उनका पीछा किया। कार्तिक स्कॉर्पियो के पास पहुंचा और गाड़ी का दरवाजा पकड़कर अंदर जाने का प्रयास किया। उसने आरोपियों से कहा कि यदि वे सरकारी विभाग से आए हैं, तो ले जाए जा रहे सामान की जब्ती की रसीद दें। इस पर आरोपियों ने गाड़ी की रफ्तार बढ़ाई और मौके से फरार हो गए। भागते समय आरोपियों ने एक मोबाइल फोन काम करने वाली महिला की तरफ वापस फेंक दिया।
सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
वारदात के तुरंत बाद घर में मौजूद महिलाओं ने कारोबारी अनिल माहेश्वरी और आसपास के लोगों को घटना की सूचना दी। सूचना मिलते ही नसीराबाद सदर थाना प्रभारी राधेश्याम चौधरी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए। पुलिस टीम आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और आरोपियों की तलाश में जुटी है।