सीकर: युवती का अपहरण कर चार दिन तक बंधक बनाकर दुष्कर्म का आरोप, आईटीबीपी का भगोड़ा हवलदार गिरफ्तार
सीकर में युवती के अपहरण और चार दिन तक बंधक बनाकर दुष्कर्म करने के आरोप में पुलिस ने आईटीबीपी के भगोड़े हवलदार को चिड़ावा से गिरफ्तार किया है। युवती के परिजनों ने 25 सितंबर को उसके लापता होने की रिपोर्ट दर्ज कराई थी।
विस्तार
एक युवती का अपहरण कर उसे चार दिन तक बंधक बनाकर दुष्कर्म करने के मामले में पुलिस ने आईटीबीपी के एक भगोड़े हवलदार को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी को चिड़ावा से उस समय पकड़ा, जब वह किराए की गाड़ी में बैठकर भागने की तैयारी में था। आरोपी को पकड़ने के लिए पुलिस टीम लगातार उसकी तलाश कर रही थी।
25 सितंबर को लापता हुई थी युवती
पीड़िता के परिजनों ने पुलिस को दी रिपोर्ट में बताया कि उनकी बेटी 25 सितंबर को लापता हो गई थी। इसके बाद 28 सितंबर को युवती ने एक तस्वीर भेजकर परिजनों को बताया कि एक युवक ने उसका अपहरण कर लिया है। सूचना मिलते ही पुलिस ने तत्काल कार्रवाई शुरू की और कुछ ही घंटों में युवती को सुरक्षित बरामद कर लिया। हालांकि, पुलिस के पहुंचने से पहले ही आरोपी युवती को छोड़कर फरार हो गया था। युवती ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि गांव से सीकर आते समय आरोपी ने उसका अपहरण किया। इसके बाद वह उसे अलग-अलग दो-तीन स्थानों पर लेकर गया और चार दिनों तक बंधक बनाकर दुष्कर्म किया।
बातचीत बंद करने के बाद भी परेशान करने का आरोप
पुलिस की जांच में सामने आया कि आरोपी पिछले कुछ वर्षों से युवती को जानता था। दोनों के बीच पहले बातचीत होती थी, लेकिन युवती ने बाद में उससे बातचीत बंद कर दी। इसके बावजूद आरोपी कथित तौर पर उसे परेशान करता रहा। पुलिस के अनुसार, युवती के सीकर आने के दौरान आरोपी ने उसका पीछा किया और रास्ते में उसका अपहरण कर लिया। इसके बाद वह उसे अपने साथ अलग-अलग जगहों पर ले गया।
ड्यूटी से लंबे समय से गायब था आरोपी
पुलिस ने बताया कि आरोपी आईटीबीपी में हवलदार के पद पर तैनात था। वह कई महीनों से ड्यूटी पर नहीं जा रहा था, जिसके बाद आईटीबीपी ने उसे भगोड़ा घोषित कर दिया था। युवती के अपहरण और दुष्कर्म का मामला सामने आने के बाद पुलिस उसकी तलाश में लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही थी।
चिड़ावा में किराए की गाड़ी से भागते पकड़ा
आरोपी की तलाश में जुटी पुलिस टीम को उसके चिड़ावा में होने की सूचना मिली। पुलिस उसका पीछा करते हुए वहां पहुंची तो आरोपी किराए की गाड़ी में बैठकर भागने की फिराक में था। पुलिस ने घेराबंदी कर उसे गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस अब आरोपी से पूछताछ कर पूरे घटनाक्रम से जुड़े तथ्यों की जांच कर रही है।