सीकर: लक्ष्मणगढ़ के मुख्य बाजार में चोरी की वारदात से हड़कंप, व्यापारियों ने उठाए सुरक्षा पर सवाल
लक्ष्मणगढ़ के मुख्य बाजार में चोरों ने एक ही रात में करीब आठ दुकानों के ताले तोड़कर नकदी और सामान चोरी कर लिया। सीसीटीवी में वारदात कैद हुई है। व्यापारियों ने पुलिस से गश्त बढ़ाने और आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की।
विस्तार
सीकर लक्ष्मणगढ़ कस्बे के मुख्य बाजार में बीती रात चोरों ने पुलिस गश्त और सुरक्षा व्यवस्था को चुनौती देते हुए करीब आठ दुकानों को निशाना बनाया। चोर दुकानों के ताले तोड़कर अंदर घुसे और नकदी सहित कीमती सामान चोरी कर ले गए। सुबह दुकानदार दुकानें खोलने पहुंचे तो टूटे ताले और बिखरा सामान देखकर हैरान रह गए। एक साथ कई दुकानों में चोरी की जानकारी सामने आने के बाद बाजार में हड़कंप मच गया।
जानकारी के अनुसार, चोरों ने मुख्य बाजार क्षेत्र में फूल, चाय-समोसा और गैस चूल्हे की रिपेयरिंग सहित कई दुकानों के ताले तोड़े। दुकानदारों के मुताबिक, चोर नकदी और कीमती सामान ले गए हैं। हालांकि, चोरी में हुए कुल नुकसान का आकलन अभी किया जा रहा है।
घटना के बाद व्यापारियों में पुलिस प्रशासन के प्रति नाराजगी भी देखने को मिली। फूल व्यापारी विष्णु चौधरी ने बताया कि रात में करीब आठ दुकानों के ताले टूटे और कई दुकानों से सामान चोरी हुआ। व्यापारियों ने बाजार की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए रात के समय गश्त बढ़ाने की मांग की।
पढ़ें: छापे-नोटिस-गिरफ्तारी और आधी रात में कोर्ट, जानें चुनाव मैनेजमेंट की पूरी कहानी
चोरी की वारदात से जुड़ा एक सीसीटीवी वीडियो भी सामने आया है। इसमें रात के समय एक युवक दुकान का ताला तोड़ता दिखाई दे रहा है। बताया जा रहा है कि रात में ड्यूटी पर तैनात होमगार्ड ने युवक को पकड़ भी लिया था, लेकिन पुलिस के पहुंचने से पहले ही वह होमगार्ड को चकमा देकर मौके से फरार हो गया।
सुबह कई दुकानों के ताले टूटने की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालना शुरू कर दिया है। फुटेज के आधार पर संदिग्धों की पहचान कर उनकी तलाश के प्रयास किए जा रहे हैं।
व्यापारियों का कहना है कि मुख्य बाजार जैसे व्यस्त क्षेत्र में एक ही रात में करीब आठ दुकानों के ताले टूटना गंभीर मामला है। उन्होंने पुलिस प्रशासन से रात के समय गश्त बढ़ाने, बाजार की सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और वारदात में शामिल आरोपियों को जल्द गिरफ्तार करने की मांग की है।